देश

Swati Maliwal: कहां हैं स्वाति मालीवाल, क्या समझौते के लिए डाला जा रहा है दबाव?, BJP ने किए केजरीवाल से सवाल

आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने 13 मई को पीसीआर कॉल करके कहा था कि सीएम हाउस में उनसे मारपीट हुई है। इन आरोपों के बाद आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने भी स्वीकार किया कि स्वाति मालीवाल के साथ अभद्रता हुई है।

Image

भाजपा नेता शाजिया इल्मी

भाजपा नेता शाजिया इल्मी ने राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से सीएम आवास पर हुई अभद्रता पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से सीधे सवाल पूछे हैं। उन्होंने कहा कि 48 घंटे बीत गए हैं, सबके मन में यह सवाल है कि सुल्तान साहब के शीशमहल में क्या हो रहा है?उन्होंने सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और आतिशी की चुप्पी पर प्रश्न किए। स्वाति मालीवाल के साथ हुई अभद्रता को लेकर भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने बुधवार सुबह सीएम हाउस पर प्रदर्शन भी किया।

शाजिया ने कहा कि इस घटना के बाद से स्वाति मालीवाल गायब हैं। उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है, क्या स्वाति मालीवाल पर समझौता करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। हमें उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता है।

शाजिया ने आम आदमी पार्टी के लिए कहा, "मैं सभी को जानती हूं, उनके डायनामिक्स को जानती हूं, वहां की गंदगी अब बाहर आई है और मैंने इस कारण 'आप' छोड़ी थी। कुछ इसी तरह का मामला नरेला के तत्कालीन विधायक शरद चौहान के खिलाफ भी था। एक महिला, चौहान के खिलाफ शिकायत लेकर मुख्यमंत्री के पास पहुंची थीं। लेकिन, केजरीवाल ने उसे समझौता करने को कहा। इसके बाद उस महिला को आत्महत्या करने पर मजबूर होना पड़ा।"

उन्होंने कहा कि क्या सीएम अरविंद केजरीवाल और राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के रिश्तों में खटास आई है। आखिर मुख्यमंत्री के आरोपी निजी सहायक विभव पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?इससे पहले मंगलवार रात असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के साथ हुई मारपीट पर राज्यसभा के सभापति एवं उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से संज्ञान लेने की मांग की थी। उन्होंने दिल्ली के सीएम के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग भी की थी।

उन्होंने कहा था कि सुनीता केजरीवाल को भी यह बताना चाहिए कि स्वाति मालीवाल की पिटाई क्यों की गई?वहीं, भाजपा के दिग्गज नेता शिवराज सिंह चौहान ने स्वाति मालीवाल के साथ मारपीट की घटना की निंदा करते हुए कहा कि जब एक द्रौपदी का अपमान हुआ था तो महाभारत की लड़ाई हो गई थी और कौरवों के पूरे वंश का विनाश हो गया था। यहां दिल्ली में मुख्यमंत्री आवास पर स्वाति मालीवाल का जो अपमान किया गया, उसे भारत की यह धरती सहन नहीं करेगी।"

उन्होंने अरविंद केजरीवाल, ममता बनर्जी और कांग्रेस के साथ पूरे विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ ममता बनर्जी के राज में पश्चिम बंगाल में संदेशखाली जैसी घटना हो रही है। वहीं, दिल्ली में सीएम आवास पर एक महिला के साथ इस तरह का व्यवहार किया जा रहा है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article