देश

अरविंद केजरीवाल के फोन में क्या है? जिसको लेकर मचा बवाल, आतिशी ने खड़े किए सवाल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 29, 2024, 11:53 AM IST

Arvind Kejriwal News: दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने दावा किया कि बीजेपी ईडी के माध्यम से आप की रणनीति को जानना चाहती है। वह देखना चाहती है कि अरविंद केजरीवाल ने किस तरह एक-एक सीट का सर्वे कराया है और वह इंडिया गठबंधन के साथ किस तरह चुनाव लड़ रहे हैं।

Image

आप नेता आतिशी

Photo : Twitter

Arvind Kejriwal News: दिल्ली सरकार में मंत्री और आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने ईडी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आतिशी ने गुरुवार को एक प्रेसवार्ता में कहा कि ईडी ने कल राउज एवेन्यू कोर्ट में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को लेकर अंजाने में अपनी मंशा सामने रख दी है। आतिशी ने दावा किया कि ईडी ने कोर्ट में कहा है कि उसे अरविंद केजरीवाल को अभी कुछ और दिन रिमांड में रखने की जरूरत है, क्योंकि केजरीवाल अपने फोन का पासवर्ड नहीं बता रहे हैं।

आतिशी ने कहा, असल में ईडी शराब घोटाले की जानकारी से ज्यादा आम आदमी पार्टी की लोकसभा चुनाव की स्ट्रैटिजी जानना चाहती है, यही कारण है कि वह अरविंद केजरीवाल से बार-बार फोन का पासवर्ड बताने को कह रहे हैं।

ईडी को नहीं मिला पुराना फोन

आतिशी ने कहा, ईडी पहले ही कह चुकी है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का शराब नीति बनाए जाने के दौरान का फोन उसे नहीं मिला है और जो फोन उसे मिला है, वह कुछ महीने पुराना है। उन्होंने कहा, जब वह फोन शराब नीति के समय का है ही नहीं, तो आखिरी ईडी उस फोन का पासवर्ड क्यों मांग रही है? उन्होंने कहा, इसके पीछे पूरा मकसद लोकसभा चुनाव को लेकर है। बीजेपी ईडी के माध्यम से आप की रणनीति को जानना चाहती है। वह देखना चाहती है कि अरविंद केजरीवाल ने किस तरह एक-एक सीट का सर्वे कराया है और वह इंडिया गठबंधन के साथ किस तरह चुनाव लड़ रहे हैं।

ईडी को हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही बीजेपी

आतिशी ने कहा, ईडी की केजरीवाल के मोबाइल फोन की जांच करने की जिद यह साबित करती है कि एजेंसी भाजपा के राजनीतिक हथियार के रूप में काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि यह मोबाइल फोन कुछ महीने पुराना है तथा यह तब नहीं था जब नीति बनायी व लागू की गयी थी। केजरीवाल सरकार में मंत्री आतिशी ने कहा दरअसल, यह भाजपा है न कि ईडी जो यह जानना चाहती है कि केजरीवाल के फोन में क्या है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article