Weather Update: दिल्ली में मानसून की बारिश ने शुक्रवार को दिल्ली को तरबतर कर दिया। यानी मौसम सुहावना हो गया। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। इतना ही नहीं प्रदूषण से कुछ दिनों के लिए मुक्ति मिल गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को आर्द्रता 100 से 74 प्रतिशत के बीच रही। मौसम विभाग कार्यालय ने दिल्ली में शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश का अनुमान जताया है जबकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 34 और 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि राजधानी में शनिवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है। मुंबई, बिहार, पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र और गुजरात में बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। लोगों को गर्मी से राहत मिली। आप हरियाली और बेहतरीन मौसम का आनंद लेने के लिए धूमने का आनंद ले सकते हैं।
बिहार में लोगों को गर्मी से राहत मिली
बिहार में लगातार भारी बारिश और जलजमाव के कारण शुक्रवार को कई निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए। लेकिन लोगों को गर्मी से भारी राहत मिली है। उन्होंने बताया कि भारी बारिश के कारण अररिया, पूर्णिया, मधेपुरा, सहरसा, जमुई, कटिहार और बांका जिलों में कई जगहों पर जलजमाव हो गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सुबह साढ़े आठ बजे समाप्त पिछले 24 घंटों में राजधानी पटना में 53.45 मिमी बारिश हुई, जबकि रानीगंज में 90.8 मिमी, पूर्णिया में 77.5 मिमी, मधेपुरा में 75 मिमी, सहरसा में 68.8 मिमी, जमुई में 67.3 मिमी, पूर्णिया में 67 मिमी, कटिहार में 64.5 मिमी और बांका में 56 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम कार्यालय ने अरवल, भोजपुर, बक्सर, गया, जमुई, मुजफ्फरपुर, नालंदा, नवादा, पटना, रोहतास, सारण और वैशाली जैसे जिलों में हल्की से तेज हवाएं चलने तथा गरज के साथ बारिश होने की चेतावनी जारी की है।
महाराष्ट्र में जबरदस्त बारिश
उधर महाराष्ट्र के कोंकण खंड में जबरदस्त बारिश हुई और पिछले 24 घंटे में 72.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने कोंकण में शनिवार को छिटपुट जगहों पर भारी बारिश और ठाणे, पालघर एवं मुंबई में रविवार को मध्यम वर्षा का पूर्वानुमान जताया है। आधिकारिक रिलीज के मुताबिक ठाणे जिले में शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में 81.9 मिलीमीटर बारिश हुई। खंड में जनवरी से अब तक कुल 460.80 मिलीमीटर बारिश हुई है। जिला वार आंकड़ों के अनुसार, दिन के दौरान ठाणे में 81.90 मिलीमीटर, पालघर में 73.60 मिलीमीटर, रायगढ़ में 66.00 मिलीमीटर, रत्नागिरि में 75.90 मिलीमीटर और सिंधुदुर्ग में 66.80 बारिश हुई। ठाणे नगर निगम (टीएमसी) ने एक विज्ञप्ति में कहा कि ठाणे में सुबह साढ़े नौ बजे से शाम साढ़े चार बजे तक 59.94 मिलीमीटर बारिश हुई।
मुंबई भारी बारिश से सात झीलों का जलस्तर बड़ा
मुंबई महानगर और उसके उपनगरों में मध्यम से भारी बारिश जारी के कारण मौसम सुहावना हो गया है। शहर को पानी की आपूर्ति करने वाली सात झीलों का जलस्तर भी लगातार बारिश के कारण बढ़ गया है। 28 जून को इन जलाशयों का कुल जल भंडार 7.26 प्रतिशत था जो बढ़कर 10.88 प्रतिशत हो गया है। मुंबई, इसके पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमशः 31 मिमी, 45 मिमी और 61 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि शहर में शुक्रवार तड़के से मध्यम से भारी बारिश हो रही है और उपनगरों में बारिश की तीव्रता अधिक है, जिसके परिणामस्वरूप कुछ स्थानों पर जलजमाव की समस्या हो गई है।
पंजाब और हरियाणा में बारिश मौसम हुआ सुहावना
पंजाब और हरियाणा के विभिन्न हिस्सों में फिर अच्छी बारिश हुई। लोगों की गर्मी से राहत मिली। मौसम सुहावना हो गया। हरियाणा के करनाल में 28.2 मिलीमीटर, रोहतक में 11 मिमी, गुरुग्राम में चार मिमी, फतेहाबाद में 0.5 मिमी और अंबाला में 0.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब में, सबसे अधिक बारिश पटियाला शहर में हुई जहां 31 मिमी बारिश दर्ज की गई है। पटियाला के अलावा लुधियाना में 9.4 मिमी, फतेहगढ़ साहिब में सात मिमी और मोहाली में दो मिमी बारिश दर्ज की गई। पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में 11.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।
हिमाचल प्रदेश 6 जुलाई तक बारिश की संभावना
हिमाचल प्रदेश में जून में 20 फीसदी ज्यादा बारिश हुई और इस महीने राज्य में सामान्य वर्षा 101.11 मिलीमीटर (मिमी) के मुकाबले 121.7 मिमी दर्ज की गई। स्थानीय मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। मंडी जिले के कटौला में 24 जून को एक दिन में सबसे ज्यादा बारिश 163.3 मिमी दर्ज की गई। इस साल जून में राज्य चार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ से प्रभावित रहा, जिसके परिणामस्वरूप राज्य में व्यापक स्तर पर बारिश हुई। राज्य के शिमला, सोलन, सिरमौर, चंबा, कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर, किन्नौर, ऊना और हमीरपुर जिले में 23 से 26 जून के बीच भारी से बहुत भारी बारिश हुई। उल्लेखनीय है कि राज्य के ज्यादातर हिस्सों में 24 जून को मानसून दस्तक दे चुका है। राज्य में, जून महीने में सबसे ज्यादा बारिश 241 मिमी 2013 में दर्ज की गई थी, जो 143 फीसदी अधिक थी, जबकि न्यूनतम बारिश 2018 में दर्ज की गई थी और यह 28.8 मिमी (71 प्रतिशत कम) थी। मौसम विभाग ने राज्य में 6 जुलाई तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई है।
गुजरात में भारी बारिश का आनुमान
गुजरात में मौसम विभाग ने भारी बारिश का अनुमान जताया है। सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ इलाकों में भारी बारिश होगी। कल से कम लोग बारिश का दौर और छिटपुट बारिश की संभावना है। उत्तरी गुजरात और मध्य गुजरात में सामान्य बारिश की संभावना है। जामनगर, द्वारका, पोरबंदर, अमरेली, भावनगर, राजकोट में बारिश का अनुमान है। अहमदाबाद में सामान्य बारिश की संभावना है। पूरे गुजरात में 229.2 मिमी बारिश हुई। राज्य में अब तक जितनी बारिश होनी चाहिए। उससे 107 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है। गुजरात में पिछले 30 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश आफत बनी हुई है। एक अधिकारी ने बताया कि राज्य में पिछले 30 घंटों में 200 मिमी से ज्यादा वर्षा हुई है।
