देश

Weather Forecast: कहीं मूसलाधार बारिश तो कहीं वज्रपात, देश में कहां कैसा रहेगा आज का मौसम; जानें अपने शहर का हाल

Aaj Ka Mausam (आज का मौसम ) 21 July 2024: देशभर में आज का मौसम कैसा रहेगा? हर कोई जानना चाहता है कि रविवार को उनके शहर का हाल क्या रहेगा। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, राजस्थान, महाराष्ट्र, हिमाचल और दिल्ली में भारी बारिश के आसार नजर आ रहे हैं। आपको मौसम से जुड़ा अपडेट बताते हैं।

Image

देशभर में भारी बारिश का अलर्ट

Photo : iStock

Aaj Barish Hogi Ya Nhi (आज का मौसम ) Weather Updates: यूपी-बिहार में मानसून की चाल बदलने लगी है। कई राज्यों में लगातार बारिश हो रही है, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से मिली जानकारी के अनुसार यूपी के 19 जिलों में और बिहार के 10 जिलों में आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश की बौछार होने के आसार हैं। इस बीच मौसम विभाग ने दिल्ली में 21 जुलाई यानी आज से अच्छी बारिश होने की संभावना जताई है। इससे गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिल सकती है। आपको बताते हैं कि आज देश के किस राज्य का मौसम कैसा रहने का अनुमान है।

यूपी में आंधी, बारिश और वज्रपात का अलर्ट

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में झांसी, ललितपुर, प्रतापगढ़, हमीरपुर, महोबा, जालौन, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, मुरादाबाद, बदायूं, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर शामिल है।

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा आज का मौसम?

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में आज से 2 दिन तक मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में बारिश को लेकर अपडेट जारी किया था, जिसमें 21 से 23 तक झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई थी। बता दें कि पिछले दिनों येलो और ऑरेंज अलर्ट के बाद भी दिल्ली में बारिश नहीं हुई थी। हालांकि आईएमडी की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, आज यानी रविवार 21 जुलाई को शहर में बादल छाए रहेंगे। उमस भरी तेज गर्मी होगी और दोपहर तक में धूप भी खिल सकती है। लेकिन इस बीच दिल्ली में बारिश होने की आज कोई उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, कल यानी 22 जुलाई से तीन दिन तक दिल्ली में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बारिश को येलो अलर्ट भी जारी कर दिया है। मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार, दिल्ली में 22 से 24 जुलाई तक हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। आसमान में बादल छाए रहेंगे। वहीं नोएडा-गाजियाबाद में उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम नजर आ रही है।

मध्य प्रदेश में के 24 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश के करीब 24 जिलों में मौसम विभाग ने भारी बारिश का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसमें अगर-मलवा, शहाजापुर, उज्जैन, राजगढ़, भोपाल, विदिशा, नरसिंहपुर, जबलपुर, मंडला, डिंडोरी, अनूपपुर, सिवनी, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, देवास और हरदा में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि सीहोर, रायसेन, होशंगाबाद, बैतूल, छिंदवाड़ा, बालाघाट, बुरहानपुर में भारी बारिश का ऑरेंड अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान में कुछ जिलों में भारी बारिश

मौसम विभाग ने राजस्थान के कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। जानकारी के मुताबिक राज्य के चूरू और झुंझुनू जिले को छोड़कर बाकी सभी में मेघगर्जन और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। इसमें कोटा, बारां, झालावाड़, सिरोही जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

बिहार के किन जिलों में आज हल्की बारिश की संभावना?

बिहार में मानसून की चाल कुछ कमजोर पड़ने लगी है। इस बीच मौसम विभाग में बिहार के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। इसमें पूर्वी चंपारण, कैमूर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया,कटिहार, सहरसा, मधेपुरा और जमुई शामिल है।

महाराष्ट्र के नागपुर में दो दिन तक भारी बारिश

महाराष्ट्र के कई जिलों में मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस बीच नागपुर में दो दिन तक अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। शनिवार को नागपुर में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था। इस बीच मौसम विभाग ने लोगों को आवश्यकता न होने पर घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

अगले 2 दिनों तक हिमाचल में भारी बारिश की संभावना

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने हिमाचल प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें सोमवार और मंगलवार को भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है । मौसम विभाग ने यह भी बताया कि हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, जिन जिलों में बारिश का अनुमान है, उनमें कांगड़ा (धर्मशाला, जयसिंहपुर), मंडी (सरकाघाट, धर्मपुर, सलापर, कोटली, मंडी, सुंदरनगर), हमीरपुर (सुजानपुर तिहरा, हमीरपुर), बिलासपुर (स्वारघाट, बिलासपुर), चंबा सोलन, शिमला, सिरमौर और कुल्लू शामिल हैं। इस महीने की शुरुआत में, हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण 70 सड़कें बंद हो गई थीं और 51 जलापूर्ति योजनाएं बाधित हुई थीं।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article