देश

हम चीन की जासूसी करते हैं और उनसे बेहतर करते हैं- डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा खुलासा, ईरान-यूक्रेन पर भी खोला राज

US News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्वीकार किया कि अमेरिका चीन के खिलाफ जासूसी अभियान चलाता है और वह इसमें बीजिंग से बेहतर है, हालांकि उन्होंने खुफिया अभियानों का विवरण देने से इनकार किया।

Image

30 अक्टूबर, 2025 को दक्षिण कोरिया में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग (फोटो- AP)

US News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुले तौर पर स्वीकार किया है कि अमेरिका चीन के खिलाफ जासूसी अभियान चलाता है। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि खुफिया जानकारी जुटाने के मामले में वाशिंगटन बीजिंग से कहीं बेहतर है। गुरुवार को 'फॉक्स न्यूज़' (Fox News) को दिए एक साक्षात्कार में ट्रंप ने यह बेबाक टिप्पणी की, हालांकि उन्होंने अमेरिकी खुफिया अभियानों की और डिटेल देने से मना कर दिया।

जासूसी और खुफिया गतिविधियों पर ट्रंप की दो टूक

चीन द्वारा अमेरिका की जासूसी किए जाने के आरोपों से जुड़े सवालों के जवाब में ट्रंप ने कहा, "हम चीन की जासूसी करते हैं। वे हमारी जासूसी करते हैं। मुझे लगता है कि हम उनसे बेहतर जासूसी करते हैं। मैं आपको यह नहीं बता सकता कि हम क्या करते हैं।"

ट्रंप ने संकेत दिया कि वाशिंगटन भी अपने रणनीतिक प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ वैसी ही गतिविधियां चलाता है। उन्होंने कहा, "वे ईरान के बारे में कहते रहते हैं कि उन्होंने जानकारी दी। हम भी जानकारी देते हैं। आप यूक्रेन को भी देख लीजिए, हम वहां भी जानकारी देते हैं।"

जिनपिंग से मुलाकात और जेन्सेन हुआंग विवाद पर क्या बोले ट्रंप?

अमेरिकी राष्ट्रपति ने बीजिंग के प्रति अपने रुख का बचाव करते हुए चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ अपनी मुलाकात को एक सकारात्मक कदम बताया। ट्रंप का यह बयान अमेरिका-चीन संबंधों पर बढ़ती निगरानी और एनवीडिया (Nvidia) के पूर्व सीईओ जेन्सेन हुआंग से जुड़े विवादों के बीच आया है। हाल ही में हुआंग के कथित विवाहेतर संबंधों की खबरें सामने आई थीं, जिनमें चीनी व्यवसायी एलिस हुआंग का नाम भी शामिल था।

जेन्सेन हुआंग से जुड़े सवालों पर ट्रंप ने स्पष्ट किया कि शी जिनपिंग के साथ उनकी बातचीत में इस मुद्दे पर चर्चा नहीं हुई। हालांकि, उन्होंने इसे एक "त्रासदी" बताते हुए कहा कि संभवतः उन्होंने इसका संक्षिप्त जिक्र किया हो। टेक्नोलॉजी उद्योग में हुआंग के योगदान की सराहना करते हुए ट्रंप ने कहा, "हमें अपने जीनियस लोगों का ख्याल रखना होगा। वह एक बेहद प्रतिभाशाली व्यक्ति हैं और अपने समय से 10 साल आगे थे। कुछ लोगों की जगह कोई नहीं ले सकता।"

जासूसी रोकने से इनकार

यह पूछे जाने पर कि क्या वाशिंगटन चीन के खिलाफ अपनी खुफिया गतिविधियां रोकने पर विचार करेगा, ट्रंप ने इस सुझाव को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, "आप उनसे (चीन से) ऐसा करना बंद करने के लिए नहीं कहेंगे, तो वे मुझसे इसे बंद करने के लिए क्यों कहेंगे?"

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article