UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी और कांगेस के बीच बात अभी बन नहीं बन पाई है। कांगेस ने चुनाव लड़ने के लिए सपा से 181 सीटों की मांग की है लेकिन सूत्रों का कहना है कि अखिलेश यादव इतनी सीटें देने के लिए तैयार नहीं हैं। कांग्रेस को सम्मानजनक 65 से 70 सीटें दी जा सकती हैं। यही नहीं, कांग्रेस को संतुष्ट करने के लिए सपा उसे एक और सीट फॉर्मूले की पेशकश कर सकती है। फॉर्मूला यह है कि चुनाव चिह्न कांग्रेस का होगा लेकिन उम्मीदवार सपा का। इस फॉर्मूले के तहत कुछ सीटें कांग्रेस को दी जा सकती हैं।
कांग्रेस ने सपा से मांगी हैं 181 सीटें
यूपी चुनाव सपा और कांग्रेस मिलकर लड़ना चाहती हैं और इसमें कोई दुविधा नहीं है। सपा को लगता है कि 181 सीटों की मांग बहुत ज्यादा है, इतनी सीटें वह नहीं दे सकती। इसलिए उसे सम्मानजनक सीटें देने पर बात चल रही है। दोनों पार्टियों की कोशिश यह भी है कि सीट बंटवारे पर समझौता 15 दिसंबर तक कर लिया जाए। इसके लिए दोनों पार्टियों के बीच लगातार बातचीत चल रही है। सूत्रों का कहना है कि दोनों पार्टियां यूपी चुनाव अकेले नहीं लड़ना चाहतीं। खासकर असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के एक साथ आ जाने के बाद इन दोनों दलों को अपना वोट बैंक सहेज कर रखना एक चुनौती है।
...फिर तीन दावेदार होंगे
सपा और कांग्रेस यदि अलग-अलग चुनाव लड़ती हैं तो दलित-मुस्लिम वोट बैंक पर मोटे तौर पर तीन दावेदार होंगे। इससे दलित-मुस्लिम वोट बैंक बटेगा और इसका सीधा नुकसान सपा और कांग्रेस दोनों को होगा। यह बात दोनों ही पार्टियां समझती हैं। इसलिए साथ मिलकर चुनाव लड़ना इनके लिए ज्यादा लाभकारी माना जा रहा है।
एकादशी के बाद चर्चा शुरू होगी-अखिलेश
सीट बंटवारे पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को गोरखपुर में कांग्रेस पार्टी के साथ सीट शेयरिंग को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर चर्चा एकादशी के बाद शुरू होगी। अखिलेश यादव ने कहा, 'एकादशी के बाद, जो तारीखें तय की गई हैं, उन पर चर्चा शुरू होगी।'
