देश

पंजाब में 'वारिस पंजाब दे' चीफ अमृतपाल सिंह की मां गिरफ्तार, चेतना मार्च से एक दिन पहले हुई कार्रवाई, जानें पूरा मामला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 8, 2024, 07:15 AM IST

Amritpal Singh Mother Arrested: अमृतपाल सिंह की मां बलविंदर कौर के साथ अन्य कैदियों के परिजन 22 फरवरी से स्वर्ण मंदिर के पास भूख हड़ताल पर बैठे थे। उनका कहना था कि जब तक सभी कैदियों को पंजाब ट्रांसफर नहीं किया जाता, भूख हड़ताल जारी रहेगी। आज इसके समर्थन में एक चेतना मार्च भी निकाला जाना था।

Image

अमृतपाल सिंह

Photo : Twitter

Amritpal Singh Mother Arrested: खालिस्तान समर्थक और 'वारिस पंजाब दे' के मुखिया अमृतपाल सिंह की मां को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी रविवार की शाम हुई। पुलिस ने बताया, अमृतपाल सिंह की मां बलविंदर कौर के अलावा उसके चाचा व अन्य तीन लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। बता दें, यह गिरफ्तारी अमृतपाल सिंह को असम की जेल से पंजाब की जेल में स्थानांतरित करने की मांग को लेकर प्रस्तावित मार्च से एक दिन हुई है।

पुलिस उपायुक्त आलम विजय सिंह ने बताया कि अमृतपाल सिंह की मां बलविंदर कौर को एहतियातन गिरफ्तार किया गया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इसके अलावा अमृतपाल के चाचा सुखचैन सिंह व अन्य तीन लोगों को भी गिरफ्तारी किया गया है। उन्होंने इस मामले में इससे ज्यादा जानकारी देने से इंकार कर दिया।

बठिंडा से तख्त दमदमा साहिब तक निकलना था मार्च

बता दें, असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद अमृतपाल सिंह व अन्य कैदियों को पंजाब की जेल में ट्रांसफर करने की मांग काफी दिनों से उठ रही है। इसको लेकर आठ अप्रैल को बठिंडा से तख्त दमदमा साहिब तक चेतना मार्च निकाला जाना था, जिससे एक दिन पहले बलविंद कौर व अन्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बता दें, बलविंदर कौर के साथ अन्य कैदियों के परिजन 22 फरवरी से स्वर्ण मंदिर के पास भूख हड़ताल पर बैठे थे। उनका कहना था कि जब तक सभी कैदियों को पंजाब ट्रांसफर नहीं किया जाता, भूख हड़ताल जारी रहेगी।

पिछले साल अप्रैल में गिरफ्तार हुआ था अमृतपाल सिंह

बता दें, बीते साल 23 फरवरी को अमृतपाल व उसके समर्थकों ने पंजाब के अजनाला पुलिस थाने पर हमला कर दिया था। वारिस पंजाब दे से जुड़े लोग यहां लाठी-डंडा व हथियार लेकर पहुंच गए थे और अपने एक साथी को छुड़ा कर ले गए थे। इसके बाद पुलिस ने अमृतपाल सिंह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पिछले साल अप्रैल में उसे गिरफ्तार किया गया था और उसके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगाया गया था। बता दें, अमृतपाल सिंह और उसके नौ साथी इस समय असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article