BJP ने की अपने राज्यसभा के दो उम्मीदवारों के नामों की घोषणा, केंद्रीय मंत्रियों को बनाया कैंडिडेट

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 18, 2021, 12:22 PM IST

भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को केंद्रीय मंत्रियों सर्बानंद सोनोवाल और एल मुरुगन को राज्यसभा उपचुनावों के लिए क्रमश: असम तथा मध्य प्रदेश से अपना उम्मीदवार घोषित किया है।

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा की दो सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों (BJP Rajya Sabha Candidates) की घोषणा कर दी है। पार्टी ने केंद्रीय आयुष, पोत परिवहन मंत्री सर्बानंद सोनोवाल तथा राज्य मंत्री  एल मुरुगन को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी के एक वक्तव्य जारी करते हुए बताया कि सर्बानंद सोनोवाल को असम से तथा एल. मुरुगन को मध्य प्रदेश से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया गया है।

दोनों की जीत तय

दोनों नेताओं को हाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी मंत्रिपरिषद में शामिल किया है। सर्बानंद सोनोवाल को जहां मोदी कैबिनेट में पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग तथा आयुष मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है वहीं एल. मुरुगन मोदी कैबिनेट में मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी, सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री हैं। दोनों ही नेताओं को 6 महीने के अंदर संसद सदस्य बनना होगा। सोनोवाल और मुरुगन का राज्यसभा में आना लगभग तय है क्योंकि भाजपा को दोनों राज्यों की विधानसभा में बहुमत प्राप्त है।

दो सीटें हुईं थी खाली

असम में बिस्वजीत दैमारी के इस्तीफा देने से राज्यसभा की एक सीट खाली हो गयी थी। बिस्वजीत दैमारी को असम विधानसभा का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं दूसरी तरफ मध्य प्रदेश में तत्कालीन केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत के इस्तीफे के बाद उच्च सदन की एक सीट खाली हो गयी जिन्हें कर्नाटक का राज्यपाल बनाया गया है।
 

End of Article