देश

'संविधान सभा से भी खुद को बड़ा समझते हैं अमित शाह', वंदे मातरम विवाद पर कांग्रेस का पलटवार; गृह मंत्री बोले- यह तुष्टिकरण की पराकाष्ठा

वंदे मातरम के गायन को लेकर कांग्रेस और बीजेपी आमने-सामने आ गई हैं। कांग्रेस कार्य समिति (CWC) ने अपने कार्यक्रमों में राष्ट्रीय गीत के केवल पहले दो अंतरे गाने का फैसला किया है। इस पर बीजेपी ने तीखा हमला बोलते हुए इसे 'तुष्टिकरण की राजनीति' करार दिया है, जबकि कांग्रेस ने बीजेपी पर असली मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया है।

Image

वंदे मातरम विवाद पर कांग्रेस पर बरसे अमित शाह

Photo : ANI

राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के गायन को लेकर देश में एक नया राजनीतिक विवाद छिड़ गया है। कांग्रेस कार्य समिति (CWC) द्वारा अपने आधिकारिक कार्यक्रमों में वंदे मातरम के केवल शुरुआती दो अंतरे गाने का फैसला दोहराने के बाद भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है। कांग्रेस ने इसके पीछे अपने 1937 के ऐतिहासिक प्रस्ताव का हवाला दिया है। कांग्रेस के इस कदम पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आज भी अपनी पुरानी 'तुष्टिकरण की राजनीति' को दोहरा रही है।

शाह ने कहा कि 1937 में कांग्रेस द्वारा लिया गया यही फैसला आगे चलकर देश के विभाजन के कारणों में शामिल हुआ था। उन्होंने यह भी कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने सभी सरकारी कार्यक्रमों में पूरे वंदे मातरम के गायन को अनिवार्य कर इस ऐतिहासिक भूल को सुधारा है। जेपी नड्डा और गिरिराज सिंह जैसे वरिष्ठ बीजेपी नेताओं ने भी कांग्रेस के इस कदम को स्वतंत्रता सेनानियों और बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय का अपमान बताया।

दूसरी ओर, कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी के आरोपों का पुरजोर जवाब दिया है। कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि 'वंदे मातरम' भारत के स्वतंत्रता संग्राम और कांग्रेस की भावनाओं से जुड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी आजादी के आंदोलन का हिस्सा नहीं थी और अब वह पेपर लीक, बेरोजगारी और चीन जैसे वास्तविक मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए इस विषय का राजनीतिकरण कर रही है।

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा और रेणुका चौधरी ने गृह मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि 1937 में महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार पटेल और रवींद्रनाथ टैगोर के सुझावों के आधार पर ही केवल दो पदों को गाने का फैसला लिया गया था, जिसे बाद में संविधान सभा में भी माना गया। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या गृह मंत्री खुद को सरदार पटेल, महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और सी. राजगोपालाचारी से भी बड़ा मानते हैं?

खेड़ा ने आरोप लगाया कि अमित शाह संविधान सभा के विचार के खिलाफ बोल रहे हैं और खुद को डॉ. भीमराव आंबेडकर से भी ऊपर रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि संविधान सभा में देश की अलग-अलग विचारधाराओं के प्रतिनिधि शामिल थे और वहीं 'वंदे मातरम' के दर्जे का समर्थन किया गया था। कांग्रेस का कहना है कि बीजेपी नेताओं को आजादी की लड़ाई की विरासत पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article