India-China clash in Tawang near LAC: अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में भारत और चीन के जवानों में हुई झड़प को लेकर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार (13 दिसंबर, 2022) को संसद में आधिकारिक बयान जारी किया। पहले निचले सदन लोकसभा और फिर उच्च सदन राज्य सभा में उन्होंने लगभग तीन मिनट के अपने जवाब में कहा कि नौ दिसंबर को तवांग सेक्टर में एलएसी के पास यांग्त्से क्षेत्र में यथास्थिति बदलने का प्रयास हुआ था। पर चीन के सैनिकों को लौटना पड़ गया था। इस दौरान हमारा कोई भी सैनिक न तो शहीद हुआ और न ही गंभीर रूप से चोटिल हुआ।
बकौल सिंह, "हमारी सेना ने बहादुरी से पीएलए को रोका और वापस जाने पर मजबूर कर दिया। चीन के प्रयास का हमारी सेना ने दृढ़ता से सामना किया। हमारा कोई भी सैनिक न तो शहीद हुआ और न ही उसे गंभीर चोट आई। हमारी सेना हमारी भौमिक अखंडता को रखने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।"
हालांकि, दोनों सदनों में सिंह के जवाब से विपक्ष संतुष्ट न नजर आया। संबोधन के बीच में बार-बार विपक्षी सांसद टोकने लगे और हंगामा करने लगे। बाद में सदन से उन्होंने वॉक-आउट कर दिया। दरअसल, समूचा विपक्ष इस मसले को लेकर केंद्र सरकार और पीएम मोदी पर हमलावर है। कांग्रेस के कई सांसदों ने चीन के साथ लगी सीमा पर स्थितियों पर संसद के दोनों सदनों में चर्चा की मांग करते हुए कार्यस्थगन प्रस्ताव नोटिस दिए थे।
