देश

Celebi Aviation: सुरक्षा मंजूरी रद्द होने पर तुर्किए की सेलेबी में मचा हड़कंप; दिल्ली HC का खटखटाया दरवाजा

तुर्किए की कंपनी सेलेबी एयरपोर्ट सर्विसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने शुक्रवार को नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो द्वारा ‘राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में’ सुरक्षा मंजूरी रद्द करने के फैसले के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो ने एक आदेश में कहा कि...राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में सेलेबी एयरपोर्ट सर्विसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के संबंध में सुरक्षा मंजूरी तत्काल प्रभाव से रद्द की जाती है।

Image

तुर्किए की कंपनी सेलेबी एयरपोर्ट सर्विसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड

Photo : ANI

Security Clearance Issue: तुर्किए की कंपनी सेलेबी एयरपोर्ट सर्विसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने शुक्रवार को नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो द्वारा ‘राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में’ सुरक्षा मंजूरी रद्द करने के फैसले के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। तुर्किए के पाकिस्तान का समर्थन करने और पाकिस्तान एवं पीओके में आतंकवादी ठिकानों पर भारत के हमलों की निंदा करने के कुछ दिनों बाद सेलेबी की सुरक्षा मंजूरी रद्द कर दी गई।

क्या है पूरा मामला?

पाकिस्तान ने भारत के साथ सैन्य संघर्ष में भी बड़े पैमाने पर तुर्किए के ड्रोन का इस्तेमाल किया था। मामले से जुड़े एक वकील ने इस मामले की पुष्टि की है और याचिका अगले सप्ताह सूचीबद्ध होने की संभावना है। सेलेबी, भारतीय विमानन क्षेत्र में 15 वर्षों से अधिक समय से कार्यरत है तथा इसमें 10,000 से अधिक लोग कार्यरत हैं। यह नौ हवाई अड्डों पर अपनी सेवाएं प्रदान करती है।

हिंदी समाचार एजेंसी भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) ने एक आदेश में कहा कि...राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में सेलेबी एयरपोर्ट सर्विसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के संबंध में सुरक्षा मंजूरी तत्काल प्रभाव से रद्द की जाती है। तुर्किए की सेलेबी की इकाई इस कंपनी को सुरक्षा मंजूरी नवंबर, 2022 में दी गई थी।

कहां-कहां सेवाएं देती है सेलेबी?

सेलेबी की वेबसाइट के अनुसार, यह भारत में सालाना लगभग 58,000 उड़ानें और 5,40,00 टन माल ढुलाई संभालती है। तुर्किए की कंपनी मुंबई, दिल्ली, कोचीन, कन्नूर, बेंगलुरु, हैदराबाद, गोवा, अहमदाबाद और चेन्नई हवाई अड्डों पर सेवाएं देती है। इससे पहले जारी एक बयान में सेलेबी एविएशन इंडिया ने कहा कि वह भारतीय विमानन, राष्ट्रीय सुरक्षा और कर नियमों का पूर्ण रूप से अनुपालन करती है तथा पूरी पारदर्शिता के साथ काम करती है।

इसने भारत में कंपनी के स्वामित्व और परिचालन के संबंध में सभी आरोपों को खारिज कर दिया तथा देश के विमानन क्षेत्र के प्रति अपनी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता की पुष्टि की।

DIAL ने क्या कुछ कहा?

दिल्ली हवाई अड्डे की संचालक कंपनी ‘डायल’ ने भी कहा था कि उसने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर जमीनी रखरखाव और माल ढुलाई के लिए जिम्मेदार सेलेबी की इकाइयों के साथ अपना समझौता औपचारिक रूप से समाप्त कर दिया है। सेलेबी एयरपोर्ट सर्विसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और सेलेबी दिल्ली कार्गो टर्मिनल मैनेजमेंट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड क्रमशः जमीनी रखरखाव और माल ढुलाई के काम देख रही थीं।

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!