IIT Madras plans to set up school of medical sciences to offer mbbs: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान आईआईटी यानी देश के टॉप इंजीनियरिंग इंस्टीट्यूट जहां से छात्र बीटेक, एमटेक जैसे कोर्स करते हैं लेकिन IIT देश के टॉप डॉक्टर्स भी तैयार करेगा। आईआईटी ने स्कूल ऑफ मेडिकल साइंस खोलने की तैयारी कर ली है। लगभग 70 वर्षों से IIT मद्रास इंजीनियरिंग की शिक्षा दे रहा है लेकिन अब कुछ डॉक्टर्स तैयार करने की दिशा में नया कदम आगे बढ़ रहा है। मेडिकल साइंसेज का स्कूल शुरू होने के बाद संस्थान का लक्ष्य ऐसे प्रैक्टिसिंग डॉक्टर तैयार करना होगा, जो सीधे मरीजों का इलाज कर सकें।
इंडिया टुडे को IIT मद्रास कैंपस में दिए एक खास इंटरव्यू में संस्थान के निदेशक प्रो. वी. कामकोटि ने बताया कि IIT मद्रास जल्द स्कूल ऑफ मेडिकल साइंसेज शुरू करने की योजना बना रहा है। इस स्कूल के जरिए संस्थान खुद मेडिकल डिग्री देने की तैयारी कर रहा है। उनके मुताबिक, यहां मेडिकल शिक्षा का दायरा सिर्फ एक डिग्री तक सीमित नहीं रहेगा। संस्थान की योजना एमबीबीएस से लेकर एमडी और पीएचडी तक मेडिकल डिग्री और उच्च शिक्षा के अवसर देने की है। IIT मद्रास के निदेशक प्रो. वी. कामकोटि ने कहा कि हर टेक्नोलॉजी संस्थान को मेडिकल स्कूल शुरू करना चाहिए। नहीं तो एक देश के तौर पर हम मेडिकल मार्केट में टिक नहीं पाएंगे।
डिपार्टमेंट ऑफ मेडिकल साइंस एंड टेक्नोलॉजी की शुरुआत
बता दें कि संस्थान ने मई 2023 में Department of Medical Sciences and Technology की शुरुआत की थी। यह भारत में अपनी तरह का पहला विभाग है। इस विभाग में चार साल का अंडरग्रेजुएट कोर्स कराया जाता है, जिसमें छात्रों को इंजीनियरिंग और बायोलॉजी, दोनों क्षेत्रों की जानकारी दी जाती है। यहां तैयार होने वाले छात्र ऐसे मेडिकल टेक्नोलॉजिस्ट और फिजिशियन-साइंटिस्ट बनते हैं, जो मानव शरीर के साथ-साथ तकनीक को भी समझते हैं। ऐसे विशेषज्ञ मेडिकल स्कैनर, इम्प्लांट, मेडिकल सॉफ्टवेयर और दूसरी तकनीकों को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
