देश

'श्रद्धालुओं की आस्था से नहीं होगा खिलवाड़', अखिलेश यादव के आरोपों पर मंत्री का पलटवार, राम मंदिर दान विवाद पर सरकार देगी दखल?

Ayodhya Ram Mandir Donation Row: अयोध्या के राम मंदिर में दान राशि की कथित चोरी और हेरफेर के आरोपों पर उत्तर प्रदेश के कृषि एवं अयोध्या प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बड़ा बयान दिया है। ट्रस्ट ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है और सरकार इसमें कोई दखल नहीं देगी।

Image

यह ट्रस्ट का निजी मामला-यूपी सरकार का बड़ा बयान

Photo : Times Now Digital

Ayodhya Ram Mandir Donation Row: अयोध्या के भव्य राम मंदिर में चढ़ावे और दान राशि को लेकर पिछले कुछ दिनों से सियासत गरमाई हुई है। दान राशि में कथित हेरफेर और चोरी के आरोपों पर अब उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से पहला बड़ा बयान आया है। प्रदेश के कृषि एवं अयोध्या के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही (Surya Pratap Shahi Statement) ने साफ किया है कि यह पूरा विवाद 'श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट' का आंतरिक मामला है और सरकार फिलहाल इसमें कोई दखल नहीं कर रही है। यह बयान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान दिया।

संस्था खुद कर रही जांच-सूर्य प्रताप शाही

मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मामले की कानूनी स्थिति को स्पष्ट करते हुए कहा कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट (Shri Ram Janmabhoomi Teerth Kshetra Trust) एक स्वायत्त यानी स्वतंत्र संस्था है। यह भारतीय ट्रस्ट कानून के तहत पंजीकृत है, इसलिए इसके संचालन और नियमों में सरकार का सीधा दखल नहीं होता। उन्होंने बताया कि जैसे ही यह मामला सामने आया, ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने तुरंत इसकी आंतरिक जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। यदि जांच में कोई कमी या वित्तीय अनियमितता (गड़बड़ी) पाई जाती है, तो ट्रस्ट अपनी नियमावली और कानूनी प्रक्रिया के तहत खुद सख्त कार्रवाई करेगा।

अखिलेश यादव के आरोपों का दिया जवाब

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh yadav) द्वारा इस मुद्दे पर सरकार और ट्रस्ट को घेरे जाने पर पलटवार करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि राम मंदिर देश-दुनिया के करोड़ों श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का केंद्र है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी परिस्थिति में भक्तों की आस्था के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। ट्रस्ट इस पूरे मामले को लेकर पूरी तरह सजग, सतर्क और गंभीर है।

क्या सरकार करेगी मदद

सूर्य प्रताप शाही ने यह भी स्पष्ट किया कि चूंकि यह संस्था पूरी तरह स्वतंत्र है, इसलिए सरकार अपनी तरफ से कोई दखल नहीं देगी। हालांकि, उन्होंने एक रास्ता खुला रखते हुए कहा कि यदि जांच के दौरान या बाद में ट्रस्ट को किसी भी स्तर पर सरकार की सहायता, पुलिस जांच या कानूनी कार्रवाई की जरूरत महसूस होती है और वह सरकार से इसकी अपेक्षा करता है तो सरकार उस पर सकारात्मक रूप से विचार करेगी। फिलहाल, गेंद पूरी तरह से ट्रस्ट के पाले में है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article