शहर

Andhra Pradesh: छात्राओं पर चेनसॉ से हमला करने वाला आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, एक पुलिसकर्मी को मारा चाकू

आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में दो छात्राओं पर चेनसॉ से हमला करने के आरोपी को रविवार शाम मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने चाकू से हमला किया, जिसमें एक इंस्पेक्टर घायल हुआ।

Image

छात्राओं पर चेनसॉ से हमला करने वाला आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

Photo : ANI

Andhra Pradesh Chainsaw Attack: आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में 10वीं कक्षा की दो छात्राओं पर चेनसॉ (आरी) से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। रविवार शाम आत्माकुर वन क्षेत्र के पास पुलिस ने आरोपी हेमंत को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान उसने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें एक इंस्पेक्टर घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। जिसमें आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसे इलाज के लिए अनंतपुर के सरकारी जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्कूल की कक्षा में छात्राओं पर किया था हमला

पुलिस के मुताबिक, आरोपी हेमंत ने 31 अक्टूबर को राप्ताडू स्थित सरकारी स्कूल में 10वीं कक्षा की दो छात्राओं पर चेनसॉ से हमला किया था। इस हमले में एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसका दाहिना हाथ कट गया है, शरीर पर गहरे घाव हैं और कई फ्रैक्चर हुए हैं। दूसरी छात्रा अपनी सहपाठी को बचाने की कोशिश में घायल हुई थी। गंभीर रूप से घायल छात्रा को पहले अनंतपुर के सरकारी जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में बेहतर इलाज के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उसे बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

15 पुलिस टीमों ने शुरू की थी तलाश

अनंतपुर के एसपी जगदीश ने बताया कि घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसके लिए करीब 15 टीमें बनाई गई थीं। रविवार शाम 6 से 6:30 बजे के बीच सूचना मिली कि आरोपी आत्माकुर वन क्षेत्र के बाहरी इलाके में छिपा हुआ है। इसके बाद दो पुलिस टीमों को उसकी तलाश में भेजा गया। एसपी के मुताबिक, जब पुलिसकर्मी आरोपी के पास पहुंचे तो वह नशे की हालत में था और उसके पास चाकू था। पुलिस ने पहले उसे चेतावनी दी और फिर उसे काबू करने के लिए हवाई फायरिंग की। इसके बावजूद आरोपी ने विरोध जारी रखा और एक पुलिस इंस्पेक्टर पर हमला कर उसे घायल कर दिया।

छह राउंड फायरिंग के बाद पकड़ा गया आरोपी

एसपी जगदीश ने बताया कि पुलिस ने आत्मरक्षा में करीब छह राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें चेतावनी के लिए की गई फायरिंग भी शामिल थी। गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article