Salman Khan Kala Hiran Movie Controversy: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की जिंदगी और उनके पुराने विवादों से प्रेरित बताई जा रही फिल्म 'काला हिरण' को लेकर कानूनी लड़ाई शुरू हो गई है। फिल्म की रिलीज पर तुरंत रोक लगाने की मांग को लेकर सलमान खान ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है, जिस पर अदालत में सुनवाई शुरू हो चुकी है। हाईकोर्ट की जस्टिस नीना बंसल कृष्णा की सिंगल बेंच इस संवेदनशील मामले की सुनवाई कर रही है।
'मेरे नाम और पहचान का गलत इस्तेमाल'- सलमान के वकील
अदालत में सलमान खान (salman khan delhi high court) का पक्ष रखते हुए उनके वकील निजाम पाशा ने कहा कि हाई कोर्ट ने पहले ही सलमान खान के 'पर्सनैलिटी राइट्स' (व्यक्तित्व के अधिकार) को सुरक्षित रखा है। इसके तहत सलमान खान की छवि, उनकी तरह दिखने और उनकी पहचान से जुड़े किसी भी पहलू का व्यावसायिक इस्तेमाल बिना अनुमति के नहीं किया जा सकता।
वकील ने कोर्ट को बताया कि बीते 29 मई को इस फिल्म का एक पोस्टर रिलीज किया गया था। इस पोस्टर में जो शख्स नजर आ रहा है, वह बिल्कुल सलमान खान जैसा दिख रहा है और उसने हाथ में वैसा ही फिरोजा ब्रेसलेट भी पहन रखा है, जो सलमान हमेशा पहनते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: यूपी: अमेठी की वोटर लिस्ट से पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का नाम गायब, DM ने दिए जांच के आदेश
बदनाम करने की कोशिश
सलमान खान के वकील ने दलील दी कि काला हिरण शिकार मामले में सलमान के खिलाफ 4 एफआईआर दर्ज हुई थीं। इनमें से तीन मामलों में वह कोर्ट से बरी हो चुके हैं, जबकि सिर्फ एक मामले में अपील पेंडिंग है। वकील ने कहा, "इस फिल्म के बहाने हर दिन मीडिया में सलमान का नाम घसीटा जा रहा है और बदनाम करने वाले बयान दिए जा रहे हैं। आज सुबह ही फिल्म का ट्रेलर भी रिलीज कर दिया गया है, इसलिए हम इस फिल्म पर तुरंत रोक लगाने की मांग कर रहे हैं।"
हाईकोर्ट ने निर्माताओं से मांगा जवाब
सलमान खान की इन दलीलों को सुनने के बाद दिल्ली हाईकोर्ट ने फिल्म के निर्माता अमित जानी और अन्य संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर दिया है। अदालत ने निर्माताओं से इस पूरे विवाद पर अपना जवाब दाखिल करने को कहा है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 19 जून को होगी, जहां कोर्ट तय करेगा कि फिल्म की रिलीज पर रोक लगेगी या नहीं।
