देश

Maharajganj News: मां को बचाने पानी से भरे गड्ढे में कूदे दो मासूम, तीनों की डूबने से मौत; ससुराल जाने की खुशी मातम में बदली

Maharajganj News: उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। अपने ससुराल जा रही 45 वर्षीय पूनम और उनके दो मासूम बच्चे जंगल के रास्ते में पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में डूब गए। मां को फिसलकर गिरते देख बच्चों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तीनों की जान चली गई।

Image

महाराजगंज दर्दनाक हादसा (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : iStock

Maharajganj News: उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले से एक बेहद दुखद और कलेजा कंपा देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ अपने दो छोटे बच्चों के साथ ससुराल जा रही एक महिला की पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मां को डूबते देख दोनों मासूम बच्चे भी उन्हें बचाने के लिए पानी में कूद पड़े, लेकिन अफसोस कि वे भी खुद को संभाल नहीं सके और तीनों जिंदगी की जंग हार गए। इस घटना के बाद से ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक महिला की पहचान पानीयारा ब्लॉक के डिंगुरी गांव निवासी 45 वर्षीय पूनम के रूप में हुई है। बुधवार को वह अपने 7 साल के बेटे विपिन और 5 साल की बेटी सुहानी के साथ ससुराल जाने के लिए घर से निकली थीं। सदर कोतवाली क्षेत्र के पकड़ी इलाके में स्थित जंगल के रास्ते से गुजरते समय पूनम का पैर अचानक फिसल गया और वह रास्ते के किनारे बने पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरीं।

मां को बचाने पानी में कूदे मासूम

अपनी मां को पानी में तड़पता और डूबता देख दोनों मासूम बच्चों से रहा नहीं गया। बिना अपनी जान की परवाह किए विपिन और सुहानी अपनी मां को बचाने के लिए गड्ढे में उतर गए। लेकिन पानी काफी गहरा होने के कारण तीनों ही बाहर नहीं निकल पाए और एक-एक करके तीनों की डूबने से सांसें थम गईं। जब वहां से गुजर रहे स्थानीय लोगों की नजर इस हादसे पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा

सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों शवों को पानी से बाहर निकाला। पुलिस ने शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। सदर कोतवाली के प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पूरे मामले की गहनता से जानकारी जुटाई जा रही है ताकि हादसे की सही वजहों का पता लगाया जा सके।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article