Top Headlines @2PM: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात के 100वें एपिसोड का प्रसारण हुआ। उन्होंने कहा, मन की बात मेरे लिए आस्था, पूजा और व्रत है। यह मेरे मन की आध्यात्मिक यात्रा बन चुकी है। पंजाब के लुधियाना में जहरीली गैस लीक होने की वजह से 11 लोगों की मौत हो गई। बृजभूषण शरण सिंह को साधु-संतों का साथ मिला। रूस और यूक्रेन के बीच जंग जारी है, दावों और प्रतिदावों के बीच दोनों पर अपनी कामयाबी को दुनिया के सामने पेश कर रहे हैं। नीचे डिटेल में पढ़ें आज 2 बजे तक खबरें-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात के 100वें एपिसोड में देश को संबोधित किया। उन्होंने कहा, मन की बात में जिस बात का जिक्र होता है, वह जन आंदोलन बन जाती है। इस दौरान उन्होंने मन की बात कार्यक्रम के संचालन में लगे हर व्यक्ति का आभार भी जताया। 'मन की बात' मेरे मन की आध्यात्मिक यात्रा, 100वें एपिसोड में बोले PM Modi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार(आज) को मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से देश को संबोधित किया। यह पीएम मोदी के रेडिया कार्यक्रम का 100वां एपिसोड था। इस दौरान पीएम मोदी ने मन की बात के 100 एपिसोड पूरे होने की यात्रा का जिक्र किया। उन्होंने कहा, यह कार्यक्रम मेरे लिए एक खास पूजा, आस्था और व्रत बन चुका है। मन की बात मेरे मन की आध्यात्मिक यात्रा बन चुकी है।
प्रधानमंत्री मोदी का खास रेडियो कार्यक्रम मन की बात (Mann Ki Baat) आज एक नया इतिहास दिया। 'मन की बात' प्रोग्राम का आज 100 वां एपिसोड है। हर महीने के आखिरी रविवार को होने वाले इस 30 मिनट के कार्यक्रम की शुरुआत 3 अक्टूबर 2014 को हुई थी। इस कार्यक्रम की लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एक स्टडी के मुताबिक 100 करोड़ लोग कम से कम एक बार इस कार्यक्रम को जरूर सुन चुके हैं और कम से कम 23 करोड़ लोग तो इसे हर महीने सुनते ही हैं। ये कार्यक्रम 22 भाषाओं में एक साथ प्रसारित होता है।
पंजाब के लुधियाना में जहरीली गैस लीक होने की वजह से 11 लोगों की मौत और 11 लोग घायल हो गए हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ितों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाके को सील किया गया है।
आम आदमी पार्टी खुद को हमेशा कट्टर ईमानदार पार्टी बताती है। इसके संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब से सीएम भगवंत मान कई बार सार्वजनिक तौर पर खुद को कट्टर ईमानदार बता चुके हैं। अब कट्टर ईमानदारी की बात करने वाली आम आदमी पार्टी की पंजाब से भी भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी की खबरें आ रही हैं।
आईपीएल के 41वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स का सामना पंजाब किंग्स से होगा। इस सीजन चेन्नई की टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है, लेकिन पंजाब के सामने उनका रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है। पिछले सीजन में दोनों टीम भिड़ी थी तो दोनों ही बार बाजी पंजाब ने बाजी मारी थी।
देश की राष्ट्रीय राजनीति में बिहार को सियासी प्रयोगशाला कहा जाता है और नीतीश कुमार इस प्रयोगशाला के सबसे मेधावी छात्रों में से एक हैं। वह बिहार की राजनीति के साथ तो प्रयोग करते रहते हैं, लेकिन देखना यह होगा कि विपक्ष को एक करने का उनका दांव कितना सटीक बैठता है।
भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर एक्शन को लेकर महिला पहलवानों का जंतर मंतर दिल्ली पर धरना जारी है। इसी बीच बृजभूषण शरण सिंह को अयोध्या के सैकड़ो साधुओं का समर्थन मिला। साधुओं ने कहा कि अगर लगातार धरना चलता रहा तो हम भी दिल्ली कूच करेंगे और वहां पर कुश्ती संघ अध्यक्ष के समर्थन में धरना करेंगे। अयोध्या के संतों ने चेतावनी दी। इसे विपक्ष की साजिश बताया और दिल्ली कूच करने की धमकी दी।
यूक्रेन और रूस के बीच जंग बेनतीजा है। यूक्रेन के इलाकों पर रूस समय समय पर अटैक करता रहता है। हाल ही में बखमुत को लेकर खबर आई कि रूस ने कब्जा कर लिया है, हालांकि यूक्रेन इस दावे को झुठला रहा है। इन सबके बीत राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को सैन्य विद्रोह का डर सता रहा है। पूर्व रूसी कमांडर इगोर गिरकिन ने चेतावनी दी थी कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को वैगनर समूह से सैन्य विद्रोह का सामना करना पड़ सकता है।
आप किसी भी बोर्ड के छात्र रहे हों डॉर्विन की सर्वाइवल ऑफ फिटेस्ट थ्योरी जरूर पढ़े होंगे। लेकिन एनसीईआरटी अब इसे हटाने पर विचार कर रहा है। इसे लेकर शिक्षक वर्ग में अलग अलग राय है। बीएचयू के जूलोजी डिपार्टमेंट के प्रोफेसर एस सी लाखोटिया ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि इसे (डार्विन सिद्धांत) स्थायी रूप से हटाया जा रहा है।
उमेश पाल मर्डर केस में शूटर गुड्डू मुस्लिम फरारी काट रहा है। करीब 68 दिन बाद भी उसका कोई सुराग नहीं है। एसटीएफ का दावा है कि बहुत जल्द वो गिरफ्त में होगा। इन सबके बीच उसके बारे में कई तरह की जानकारी सामने आ रही है। उसे कई उपनाम भी दिए गए हैं मसलन, दगाबाज, वफादार, हमराज..गुड्डू मुस्लिम के साथ ही साथ अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन के बारे में भी पता नहीं चल पा रहा है।
