देश

जालसाजी और धोखाधड़ी समेत कई गंभीर आरोप, बागी गुट के खिलाफ TMC सांसद ने खोला मोर्चा, दर्ज कराई पुलिस में शिकायत

TMC MP Dola Sen Demands FIR Against Rebel Faction: तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद डोला सेन ने कोलकाता के प्रगति मैदान थाने में बागी गुट के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा और पार्टी के नाम का गलत इस्तेमाल करने के आरोप में FIR दर्ज कराई है।

Image

बागी गुट के खिलाफ TMC सांसद ने खोला मोर्चा

TMC MP Dola Sen Demands FIR Against Rebel Faction: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव हारने के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC Rebellion) इस समय अंदरूनी कलह और बगावत के दौर से गुजर रही है। पार्टी के भीतर उभरे एक नए बागी गुट ने खुद को 'असली तृणमूल' बताना शुरू कर दिया है, जिससे नाराज होकर TMC सांसद डोला सेन ने कानूनी रास्ता अख्तियार कर लिया है। डोला सेन ने कोलकाता के प्रगति मैदान थाने में बागी नेताओं के खिलाफ जालसाजी, धोखाधड़ी और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से झूठी सूचनाएं फैलाने के आरोप में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

अपनी शिकायत में डोला सेन ने पुलिस से भारतीय न्याय संहिता 2023 की धाराओं के तहत तुरंत एफआईआर दर्ज करने और इस मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। उन्होंने पुलिस से बागी गुट द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे फर्जी दस्तावेजों और डिजिटल सबूतों को तुरंत जब्त करने का भी आग्रह किया है। यह विवाद तब और बढ़ गया जब ऋतब्रत बनर्जी (Ritabrata Banerjee) की अगुवाई वाले इस बागी गुट ने कोलकाता में पूर्व पार्षदों के साथ एक बड़ी बैठक की।

बागी गुट ने TMC के लिए एक नए नेतृत्व ढांचे का किया ऐलान

इस बैठक के बाद पूर्व पार्षद देबलीना बिस्वास ने मीडिया को बताया कि 22 जून को पार्टी के एक नए संविधान का मसौदा तैयार किया गया था और यह बैठक उसी नए नेतृत्व के बुलावे पर हुई थी, जिसमें पूर्व पार्षदों की समस्याओं पर चर्चा की गई। दरअसल, इस बागी गुट ने तृणमूल कांग्रेस कमेटी के लिए एक नए नेतृत्व ढांचे का ऐलान कर दिया है, जिसमें अरूप रॉय को चेयरमैन बनाया गया है। बागी गुट का दावा है कि उन्हें पार्टी के 80 में से 58 विधायकों का समर्थन हासिल है।

बनाई 30 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यसमिति

उन्होंने एक 30 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यसमिति भी बना ली है, जिसमें फिरहाद हकीम और अरूप विश्वास जैसे बड़े चेहरों को उपाध्यक्ष बनाया गया है। इस गुट का कहना है कि ममता बनर्जी पार्टी में केवल एक 'मेंटर' यानी मार्गदर्शक की भूमिका में रहेंगी। इसके साथ ही, काकोली घोष दस्तीदार (Kakoli Ghosh Dastidar) की अगुवाई में 20 TMC सांसदों ने एक अलग पार्टी (NCPI) के साथ विलय की घोषणा भी कर दी है, जिसने बंगाल की सियासत में खलबली मचा दी है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article