देश

'आपके सांसद 50 करोड़ में बिके', यवतमाल में संजय राउत ने कर दिया बड़ा दावा, बागियों को दे दी खुली चुनौती

Sanjay Raut: शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने यवतमाल-वाशिम के बागी सांसद संजय देशमुख पर 50 करोड़ रुपये में बिकने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी इस बगावत से कमजोर नहीं होगी और फिर से मजबूती से खड़ी होगी।

Image

संजय राउत ने बागी सांसद पर साधा निशाना

Photo : ANI

Sanjay Raut: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़ा भूचाल आ गया है। शिवसेना (UBT) के छह सांसदों के पाला बदलकर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के गुट में शामिल होने के बाद जुबानी जंग तेज हो गई है। शिवसेना (Shiv Sena UBT) के फायरब्रांड नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने इस बगावत को लेकर यवतमाल-वाशिम लोकसभा सीट से सांसद संजय देशमुख पर तीखा हमला बोला है। राउत ने आरोप लगाया कि बागी सांसद 50 करोड़ रुपये में बिक गए हैं।

आपका सांसद 50 करोड़ रुपये में बिक गया-संजय राउत

यवतमाल के कृषि उपज मंडी समिति (APMC) परिसर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए संजय राउत ने बेहद आक्रामक अंदाज अपनाया। उन्होंने इस दल-बदल की तुलना मंडी में होने वाले सौदे से कर दी। राउत ने कहा, "यह वही मंडी है जहां किसान अपनी फसल बेचते हैं, लेकिन दुख की बात है कि 15 दिन पहले यहां का एक 'उत्पाद' यानी आपका सांसद 50 करोड़ रुपये में बिक गया। सच तो यह है कि उद्धव ठाकरे ने उन्हें सांसद बनाया और कंधे पर भगवा शॉल रखी, जिससे उनकी इतनी कीमत लगी। आने वाले चुनाव में जनता इन्हें पूरी तरह नकार देगी।"

बागी क्या विकास करेंगे?

बागी सांसदों द्वारा 'क्षेत्र के विकास फंड' के लिए पाला बदलने के तर्क पर भी राउत ने जमकर तंज कसा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचन क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि जब 12 सालों में वाराणसी की सड़कें, पानी और पुल जैसी बुनियादी चीजें ठीक नहीं हो सकीं, तो ये बागी क्या विकास करेंगे? राउत ने बागी सांसद को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें जरा भी हिम्मत और अपने फैसले पर भरोसा है, तो वे तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें और दोबारा चुनाव लड़कर दिखाएं। उन्होंने भरोसा जताया कि साल 2022 के संकट की तरह ही इस बार भी पार्टी राख से उठकर खड़ी होगी और आगामी विधानसभा व लोकसभा चुनावों में महाराष्ट्र पर फिर से भगवा लहराएगी।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article