देश

लोकसभा में पास हुआ वंदे मातरम् बिल, राष्ट्रीय प्रतीकों का अपमान अब दंडनीय अपराध, 3 साल तक की सजा का प्रावधान

राज्यसभा के बाद लोकसभा ने भी राष्ट्र गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, 2026 को मंजूरी दी।

Image

राज्यसभा के बाद लोकसभा ने भी राष्ट्र गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, 2026 को मंजूरी दी

राज्यसभा के बाद लोकसभा ने भी राष्ट्र गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, 2026 को मंजूरी दी। प्रावधानों के तहत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के गायन के दौरान किसी भी तरह का व्यवधान या उसका अपमान आपराधिक कृत्य माना जाएगा और इसके लिए तीन वर्ष तक की सजा हो सकती है।

राष्ट्रगान ’जन गण मन’ के साथ ही उसी सम्मान के साथ राष्ट्रगीत ’वंदे मातरम्’ के गायन को अनिवार्य बनाने वाले ’राष्ट्र गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, 2026’ को लोकसभा ने गुरुवार को द्रमुक समेत विपक्षी दलों के सदस्यों के हंगामे के बीच संक्षिप्त चर्चा के बाद ध्वनिमत से मंजूरी प्रदान कर दी। इससे पहले उच्च सदन ने बुधवार को विधेयक को मंजूरी प्रदान की थी।

सरकार ने क्या कहा?

प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई और राम मंदिर में ’चढ़ावा चोरी’ जैसे मुद्दों को लेकर विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा की बैठक दो बार के स्थगन के बाद अपराह्न साढ़े तीन बजे शुरू हुई तो विपक्षी सांसद पहले की तरह ही नारेबाजी कर रहे थे। हंगामे के बीच ही विधेयक पर सदन में हुई संक्षिप्त चर्चा का जवाब देते हुए गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि इस विधेयक के पारित होने के बाद राष्ट्रगीत को वही सम्मान मिलेगा जो राष्ट्रगान को मिलता है। उन्होंने कहा कि ’वंदे मातरम्’ एक भारत-श्रेष्ठ भारत और विकसित भारत के संकल्प का प्रतीक है।

उन्होंने द्रमुक सांसदों की चिंताओं को खारिज करते हुए कहा कि यह विधेयक राष्ट्र गौरव का विधेयक है जो किसी राज्य, किसी व्यक्ति व किसी विचारधारा के खिलाफ नहीं है। इससे पहले द्रमुक सांसदों ने सदन में विधेयक पारित किए जाने का विरोध किया। विधेयक पर निचले सदन में हुई संक्षिप्त चर्चा में भाग लेते हुए द्रमुक सांसद के. कनिमोई ने कड़ा विरोध दर्ज कराया और आरोप लगाया कि सरकार इसके साथ हिंदुत्व के एजेंडे को राष्ट्रीयता के रूप में पेश कर रही है। उन्होंने कहा, ’’यह देश के नागरिकों के विरुद्ध है। इस तरह राष्ट्रवाद नहीं थोपा जा सकता।’’ कनिमोई ने विधेयक को संघीय ढांचे के विरुद्ध बताते हुए यह भी कहा कि विभिन्न मुद्दों पर सदन में हंगामे के बीच विधेयक को पारित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने इसे राज्यों के हितों के और धर्मनिरपेक्षता के खिलाफ बताया। द्रमुक सदस्य ने कहा कि तमिलनाडु और अन्य राज्यों में इसका विरोध हो रहा है।

विपक्ष पर बरसे संबित पात्रा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्य संबित पात्रा ने कहा कि यह साधारण विधेयक नहीं है। उन्होंने विपक्ष को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि जो राष्ट्र को नहीं समझते, वे यहां शोर मचा रहे हैं। पात्रा ने कहा कि डॉ राजेंद्र प्रसाद ने 1950 में संविधान सभा में यह आश्वासन दिया था कि जन गण मन और वंदे मातरम् दोनों एक ही रूप से गाए जाएंगे और दोनों को एक ही सम्मान मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि 76 वर्षों में कांग्रेस की सरकारों ने एक परिवार को ऊपर रखा, राष्ट्रगीत वंदे मातरम् को नहीं।

विधेयक में क्या?

इस विधेयक के तहत 1971 के मूल अधिनियम में संशोधन का प्रावधान किया गया है। विधेयक के उद्देश्यों और कारणों में कहा गया है कि राष्ट्रगान की तरह राष्ट्रगीत को गाने से जानबूझ कर रोकने या किसी सभा में इसके गायन में व्यवधान पैदा करने को एक दंडनीय अपराध बनाने का प्रावधान किया जाता है। इसमें बताया गया है कि 24 जनवरी 1950 को संविधान सभा में डॉ राजेन्द्र प्रसाद ने कहा था कि ’’वंदे मातरम्’’ को ’’जन गण मन’’ के समान ही सम्मान और बराबर का दर्जा दिया जाएगा। इसमें कहा गया कि वर्तमान में कोई ऐसा विधिक उपबंध नहीं है जो ’वंदे मातरम्’ गायन के अपमान को रोकता हो। विधेयक में राष्ट्रगीत के अपमान के लिए तीन वर्ष तक की सजा या जुर्माना अथवा दोनों के प्रावधान हैं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें

गृह मंत्री अमित शाह से आज मिलेंगे CM योगी, यूपी में UCC लागू करने पर हो सकती है चर्चा

गृह मंत्री अमित शाह से आज मिलेंगे CM योगी, यूपी में UCC लागू करने पर हो सकती है चर्चा

आखिर Meta को सरकार के दबाव के आगे झुकना ही पड़ा, बाल यौन शोषण के मामलों की पुलिस को करेगी रिपोर्ट

आखिर Meta को सरकार के दबाव के आगे झुकना ही पड़ा, बाल यौन शोषण के मामलों की पुलिस को करेगी रिपोर्ट

आज की ताजा खबर, 15 सितंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: राजस्थान निकाय चुनाव में कई मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कल, अमेरिकी सांसद की रूस के साथ भारत को भी झटके की तैयारी...बच्चों को लेकर मेटा और भारत सरकार में बातचीत

आज की ताजा खबर, 15 सितंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: राजस्थान निकाय चुनाव में कई मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कल, अमेरिकी सांसद की रूस के साथ भारत को भी झटके की तैयारी...बच्चों को लेकर मेटा और भारत सरकार में बातचीत

दिशा सालियान केस में CBI की FIR पर सुप्रिया सुले हैरान, बोलीं- 'इसी सरकार ने बंद किया था केस, अब क्या हो रहा समझ से परे'

दिशा सालियान केस में CBI की FIR पर सुप्रिया सुले हैरान, बोलीं- 'इसी सरकार ने बंद किया था केस, अब क्या हो रहा समझ से परे'

मुजाहिदीन की गिरफ्त में होने का दावा करने वाली केरल की महिला व्लॉगर पलटी, कहा- अब टल गया खतरा

मुजाहिदीन की गिरफ्त में होने का दावा करने वाली केरल की महिला व्लॉगर पलटी, कहा- अब टल गया खतरा