LIVE

आज की ताजा खबर, 15 सितंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: नेपाल त्रासदी में मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 1,399, मुंबई में विसर्जन के पहले दिन दोपहर तक 79 गणेश मूर्तियां विसर्जित

आज की ताजा खबर लाइव, 15 सितंबर 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [ राजस्थान निकाय चुनाव ], [अमेरिकी सांसद भारत टैक्स], [मेटा बच्चों की पॉलिसी] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सूत्रों ने कहा कि मेटा ने बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों की जानकारी संबंधित कानून प्रवर्तन एजेंसियों को देने पर सहमति जताई है। वहीं, ट्रंप ने ‘गॉड ब्लेस द यूएसए' के गायक ली ग्रीनवुड की पत्नी को अमेरिकी राजदूत के तौर पर नामित किया। उधर, अमेरिकी सांसद ने रूस पर प्रतिबंध संबंधी विधेयक में भारत के नाम के उल्लेख के लिए संशोधन पेश किया। इसके अलावा, राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के तहत जयपुर, जोधपुर, कोटा एवं सुकेत में कुछ मतदान केंद्रों पर 16 सितंबर को पुनर्मतदान होगा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पढ़ें- अन्य खबरें

nitin aroraUpdated Sep 15, 2026, 23:46 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर, 15 सितंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: नेपाल त्रासदी में मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 1,399, मुंबई में विसर्जन के पहले दिन दोपहर तक 79 गणेश मूर्तियां विसर्जित

आज की ताजा खबर, 15 सितंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: नेपाल त्रासदी में मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 1,399, मुंबई में विसर्जन के पहले दिन दोपहर तक 79 गणेश मूर्तियां विसर्जित

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [राजस्थान निकाय चुनाव ], [अमेरिकी सांसद भारत टैक्स], [मेटा बच्चों की पॉलिसी] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के तहत जयपुर, जोधपुर, कोटा एवं सुकेत में कुछ मतदान केंद्रों पर 16 सितंबर को पुनर्मतदान होगा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इसके अनुसार राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जयपुर, जोधपुर, कोटा एवं सुकेत के कुछ केंद्रों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण पुनर्मतदान कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ’गॉड ब्लेस द यूएसए’ के गायक ली ग्रीनवुड की पत्नी किम्बर्ली ग्रीनवुड को बारबाडोस और पूर्वी कैरिबियाई देशों के लिए अमेरिकी राजदूत के तौर पर सोमवार को नामित किया। किम्बर्ली ग्रीनवुड उन नामित लोगों की सूची में शामिल हैं, जिनके नामों को पुष्टि के लिए ट्रंप प्रशासन ने अमेरिकी सीनेट (उच्च सदन) के पास भेजा है। इसके अलावा, अमेरिका के एक सांसद ने रूस पर प्रतिबंध लगाने के प्रस्ताव वाले विधेयक में एक संशोधन पेश किया है जिसमें भारत समेत रूस के प्रमुख व्यापारिक साझेदारों के नाम कानून में शामिल करने की मांग की गई है। पढ़ें- अन्य खबरें

SEPT 15, 2026 23:46 IST

नेपाल में भीषण बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,399 हुई

नेपाल में बाढ़ प्रभावित आठ जिलों से और शव बरामद किए जाने के साथ ही अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या मंगलवार को बढ़कर 1,399 हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। नेपाल-तिब्बत सीमा के पास 26 अगस्त को अचानक आई बाढ़ ने नेपाल के उत्तरी और मध्य हिस्सों के कस्बों तथा गांवों में भारी तबाही मचाई थी। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, चितवन जिले से 364 शव, नवलपरासी पूर्व से 232, नवलपरासी पश्चिम से 222 और नुवाकोट से 202 शव बरामद किए गए हैं। इसके अनुसार इसी तरह, रसुवा से 189, गोरखा से 78, धादिंग से 72 और तनहुं से 38 शव बरामद किए गए हैं। इसके अनुसार काठमांडू में इलाज के दौरान दो अन्य लोगों की भी मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा बलों की संयुक्त कमान द्वारा तलाश और बचाव अभियान लगातार जारी है। अधिकारियों के अनुसार, लापता लोगों की संख्या 5,170 होने का अनुमान है। अधिकारियों के अनुसार, अब तक कुल 13,742 लोगों को बचाया जा चुका है।
SEPT 15, 2026 23:00 IST

राजस्थान में झालावाड़ के गांवों में भूकंप के तीन हल्के झटके महसूस किए गए

राजस्थान में झालावाड़ जिले के पिड़ावा ब्लॉक की नोलाई ग्राम पंचायत के चार से पांच गांवों में मंगलवार सुबह भूकंप के तीन हल्के झटके महसूस किए गए। इससे कुछ देर के लिए दहशत फैल गई और एक सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय के छात्र और कर्मचारी एहतियातन इमारत से बाहर निकल आए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के झटके सुबह 7.15 बजे से 9.50 बजे के बीच नोलाई, बरखेड़ी, खजूरी, नापाखेड़ी और आवर में महसूस किए गए। इसके बाद किसी और झटके की सूचना नहीं मिली। शिक्षकों ने छात्रों को खुले खेल मैदान में पहुंचाया, जिसके बाद विद्यालय को दिनभर के लिए बंद कर दिया गया।
ग्रामीणों ने तेज कंपन महसूस होने की बात कही और बताया कि तीसरे झटके के दौरान घरों में रखे बर्तन गिर गए। एक-दो मकानों में बारीक दरारें आने की सूचना मिली, हालांकि अधिकारियों ने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि दरारें झटकों के कारण आईं या पहले से मौजूद थीं। किसी के हताहत होने या किसी इमारत के ढहने की सूचना नहीं है। तहसीलदार धनराज गोचर और पिड़ावा थाना प्रभारी रामपाल यादव ने प्रभावित गांवों का दौरा करके स्थिति का जायजा लिया। गोचर ने कहा, ’’यह इलाका गागरीन बांध के पास है और सुबह 7.15 बजे से 9.50 बजे के बीच चार-पांच गांवों में तीन झटके महसूस किए गए।’’ उन्होंने कहा कि पहले झटके के बाद ग्रामीणों ने बच्चों को खुले मैदान में पहुंचा दिया था और किसी को चोट नहीं आई। उन्होंने कहा, ’’एक-दो मकानों में बहुत मामूली दरारें आने की सूचना मिली है। यह स्पष्ट नहीं है कि ये पहले से मौजूद थीं या नहीं। हम गांवों की लगातार निगरानी कर रहे हैं और हमारे पटवारी तथा राजस्व अधिकारी वहां तैनात हैं।’’ प्रशासन और पुलिस अलर्ट पर रहे, जबकि दलों ने प्रभावित गांवों का सर्वेक्षण किया। अधिकारियों ने कहा कि विशेषज्ञ दल के तकनीकी आकलन के बाद ही भूकंप की तीव्रता के साथ ही यह स्पष्ट होगा कि कंपन प्राकृतिक भूकंप के कारण हुआ या स्थानीय स्तर पर हुई भूकंपीय हलचल के कारण।
SEPT 15, 2026 22:44 IST

गुरुग्राम में मोटरसाइकिल ट्रक से टकरायी, दो नाबालिगों समेत तीन लोगों की मौत

गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर राजमार्ग पर खेड़की दौला टॉल प्लाजा के पास एक ट्रक से मोटरसाइकिल के टकरा जाने पर उसपर सवार दो नाबालिगों समेत तीन लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए ले जाये गये तथा हादसे की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान सेक्टर 37 की अंजना कॉलोनी के मोहम्मद अरमान (14), प्रिंस कुमार (14) एवं नवनीत कुमार (19) के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि नवनीत मोटरसाइकिल चला रहा था एवं उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था तथा तीनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था। पुलिस ने बताया कि रविवार रात ये तीनों खेड़की दौला गए थे और सोमवार सुबह लौट रहे थे, तभी टोल प्लाज़ा के पास वापस मुड़ रहे एक ट्रक के पिछले हिस्से से उनकी मोटरसाइकिल पीछे से टकरा गई। पुलिस के अनुसार, इस हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें सेक्टर 10 के सिविल अस्पताल ले जाया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ’’अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद अरमान को मृत घोषित कर दिया। बाद में शाम को, बाकी दो लोगों ने भी दम तोड़ दिया। ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है। मामले की जांच चल रही है।’’
SEPT 15, 2026 20:05 IST

ग्रेटर नोएडा: 50 लाख की MDMA के साथ दो विदेशी नागरिक गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा में ड्रग्स के खिलाफ सूरजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो विदेशी नागरिकों को 600 ग्राम MDMA के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के कब्जे से 300-300 ग्राम MDMA के दो पैकेट बरामद हुए। इसके अलावा आरोपियों के पास से 1 लाख 19 हजार रुपये नकद, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, दो पासपोर्ट, दो मोबाइल फोन, दो बैग और प्लास्टिक पॉलिथीन पैकेट भी मिले हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 47 वर्षीय PETER और 56 वर्षीय MICHEAL के रूप में हुई है। दोनों आइवरी कोस्ट और घाना के रहने वाले बताए गए हैं और पैरामाउंट सोसायटी के पाईन टावर में रह रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ NDPS Act की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद MDMA की सप्लाई कहां की जानी थी और इस ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन-कौन हैं।
SEPT 15, 2026 18:26 IST

मध्य प्रदेश में शादी से इनकार को लेकर महाविद्यालय में छात्रा पर चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में शादी से इनकार किए जाने को लेकर मंगलवार को एक युवक ने एक शासकीय महाविद्यालय में 18 वर्षीय छात्रा पर दिनदहाड़े चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सेंधवा थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुशवाह ने बताया कि शासकीय महाविद्यालय में 18 वर्षीय छात्रा अपनी कक्षा से बाहर निकली थी, तभी गणेश ठाकुर (18) ने उससे शादी की इच्छा जाहिर की। उन्होंने बताया कि शादी से छात्रा के इनकार करने पर आक्रोशित ठाकुर ने उस पर देशी पिस्तौल तान दी लेकिन ’ट्रिगर’ दबाने पर गोली नहीं चली जिसके बाद उसने चाकू से युवती पर हमला कर दिया। कुशवाह ने बताया कि हमले के दौरान युवती के पलट जाने से चाकू उसकी गर्दन पर लगा, जिससे वह घायल हो गई। उन्होंने बताया कि मौके पर मौजूद विद्यार्थियों और महाविद्यालय के कर्मचारियों ने ठाकुर को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। कुशवाह ने बताया कि हमले में घायल युवती को सेंधवा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के संबद्ध प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
SEPT 15, 2026 17:29 IST

राजस्थान: रेलवे कर्मचारी ने चलती ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की

राजस्थान के जयपुर में शिवदासपुरा रेलवे स्टेशन के नजदीक मंगलवार को रेलवे के 45 वर्षीय एक कर्मचारी ने ट्रेन के आगे कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान महेश तंवर के रूप में हुई है और वह ’ट्रैकमैन’ के पद पर कार्यरत थे। पुलिस ने बताया कि तंवर शिवदासपुरा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे क्वार्टर में रहते थे। पुलिस के मुताबिक, मौके से एक कथित सुसाइड नोट मिला है, जिसमें तंवर ने पत्नी और बच्चों से जुड़े मामलों को लेकर परेशानी का जिक्र किया है। पुलिस के अनुसार, तंवर ने एक पन्ने का सुसाइड नोट कथित तौर पर लिखा था और अपनी मौत से करीब एक घंटे पहले उसकी तस्वीर वॉट्सऐप के जरिए दोस्तों और परिचितों को भेजी थी। पुलिस ने बताया कि तंवर और उसकी पत्नी के बीच पिछले करीब पांच वर्षों से कानूनी विवाद जारी था तथा दोनों तभी से अलग-अलग रह रहे थे। शिवदासपुरा थानाधिकारी राजेश गौतम ने बताया कि तंवर के खिलाफ थाने में दो मामले दर्ज थे, जिनकी जांच सहायक उपनिरीक्षक राजाराम कर रहे थे। गौतम ने बताया, "सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की जांच राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) करेगी।" पुलिस के अनुसार, जीआरपी शव का पोस्टमार्टम कराएगी और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
SEPT 15, 2026 17:26 IST

हिंगोली में चोरी के संदेह में व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या, तीन लोग गिरफ्तार

महाराष्ट्र के हिंगोली शहर में एक दुकान से कबाड़ और नकदी चुराने के संदेह में तीन लोगों ने 34 वर्षीय व्यक्ति की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि आजम कॉलोनी निवासी शेख शब्बीर शेख रफीक का शव सोमवार सुबह शहर के बाहरी इलाके में हिंगोली-गरमल रोड पर मिला। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर उसकी तस्वीर जारी करने के बाद देर शाम उसके परिवार ने शव की पहचान की। उन्होंने बताया कि पीड़ित के भाई की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों - सौरभ पात्रे, नितिन कोल्हे और शिवदास घाड़े को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारी ने बताया कि एक स्थानीय दुकान से कबाड़ और पैसे चुराने के संदेह में तीनों ने पीड़ित की कथित रूप से बेरहमी से पिटाई की। उन्होंने बताया कि हमले के बाद वे मौके से भाग गए। उन्होंने कहा कि एक मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
SEPT 15, 2026 17:26 IST

लातूर में कॉलेज संस्थापक ने खुद को गोली मारकर जान दी, जांच जारी

महाराष्ट्र के लातूर शहर में मंगलवार सुबह एक शैक्षणिक संस्थान के 65 वर्षीय संस्थापक ने अपने आवास पर कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि मृतक संजीव सोनवणे चंद्रभानु सोनवणे जूनियर कॉलेज के संस्थापक थे और महाराष्ट्र के दिवंगत मंत्री केशवराव सोनवणे के भतीजे थे। उन्होंने बताया कि सुबह गोली चलने की सूचना पुलिस को मिली। अधिकारी ने कहा कि सोनवणे ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
SEPT 15, 2026 17:09 IST

मुंबई में विसर्जन के पहले दिन दोपहर तक 79 गणेश मूर्तियां विसर्जित

मुंबई में एक दिन पहले शुरू हुए 12 दिवसीय गणेशोत्सव के पहले विसर्जन दिवस पर मंगलवार दोपहर तक भगवान गणेश की कम से कम 79 मूर्तियां विसर्जित की गईं। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अधिकारियों के अनुसार, शुरुआत में हुए इन विसर्जन कार्यक्रमों के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। बीएमसी ने विसर्जन स्थलों पर व्यापक प्रबंध किए हैं, जिनमें कृत्रिम तालाब और प्रमुख प्राकृतिक विसर्जन स्थल शामिल हैं। नगर निकाय अधिकारियों द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक, विसर्जित की गई मूर्तियों में सार्वजनिक गणेश मंडलों की तीन और घरों में स्थापित की गईं 71 मूर्तियां शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, पांच हरतालिका (देवी) की मूर्तियों का भी विसर्जन किया गया, जिससे दोपहर तक दर्ज विसर्जन की कुल संख्या 79 हो गई। विभिन्न धार्मिक परंपराओं के अनुसार, भगवान गणेश की मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा के डेढ़ दिन और पांच दिन बाद उनका विसर्जन किया जाता है। इस त्योहार का समापन अनंत चतुर्दशी के दिन होगा, जो इस वर्ष 25 सितंबर को पड़ रही है। इस दिन भव्य शोभायात्राएं निकालने के बाद मूर्तियों को जलाशयों में विसर्जित किया जाएगा।
SEPT 15, 2026 17:03 IST

सर्पदंश की घटनाओं में नवविवाहिता समेत तीन लोगों की मौत

बलिया जिले में सर्पदंश की अलग-अलग घटनाओं में एक नवविवाहिता समेत तीन लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, रविवार रात गढ़वार थाना क्षेत्र के सरिया गांव में सांप के काटने से रामायण सिंह (69) की मौत हो गई। घटना के बाद परिजन उन्हें पहले पारंपरिक इलाज करने वाले एक व्यक्ति के पास ले गए। हालत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि सर्पदंश की दूसरी घटना सोमवार को पकड़ी थाना क्षेत्र के चक्रा गांव में हुई। किरण चौहान (22) कमरे में रखे जार से अचार निकालने गई थीं। इसी दौरान गलती से उनका पैर एक सांप पर पड़ गया और सांप ने उनके पैर की उंगली में काट लिया। उन्होंने बताया कि घटना का पता चलने पर परिजन किरण को गांव के ही एक डॉक्टर के पास ले गए। वहां से उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, सर्पदंश की तीसरी घटना सोमवार सुबह खेजुरी थाना क्षेत्र के जिगिरसंड गांव में हुई। रमावती देवी (64) धान के खेत में खरपतवार हटा रही थीं, तभी सांप ने उन्हें काट लिया। बाद में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
SEPT 15, 2026 17:02 IST

कटनी में पिछले 24 घंटे में डूबने की अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत

मध्य प्रदेश के कटनी जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान पानी में डूबने की अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 14 और 15 सितंबर को ये घटनाएं हुई। पुलिस के मुताबिक, संबंधित थानों में पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुठला थाना प्रभारी शिवशंकर दुबे ने बताया कि मंगलवार सुबह कुठला थाना क्षेत्र के बडेरा मोड़ के पास तालाब में नहाने के दौरान डूबने से कालू राम कुशवाहा (50) की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि वहीं डुठहा हार स्थित कटनी नदी में 15 वर्षीय महेश भूमिया की डूबने से मौत हो गई। पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि माधवनगर थाना क्षेत्र के निवार पहाड़ी स्थित मढ़िया तालाब में सोमवार को पानी में डूबने से कुरबाबा मोहल्ला निवासी संतोष वर्मन (50) की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि सोमवार को ही बरही थाना क्षेत्र के करेला में तालाब में डूबने से धनिया कुम्हार (25) की मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
SEPT 15, 2026 12:07 IST

दिल्ली के कई स्कूलों को मिली बम की धमकी

दिल्ली में मंगलवार को कई स्कूलों को बम की धमकी मिली। दिल्ली के ब्रिटिश स्कूल सरदार पटेल स्कूल, स्प्रिगडेल्स स्कूल, एयर फोर्स बाल भारती स्कूल, समेत कई स्कूलों में बम होने की धमकी दी गई। धमकी की खबर मिलने पर दिल्ली पुलिस मौके पर जांच के लिए पहुंची।
SEPT 15, 2026 11:46 IST

श्री साईं बाबा के चरणों में 18.84 लाख रुपये कीमत का सोने का पानी चढ़ा चांदी का छत्र चढ़ाया

अमेरिका में साईं भक्तों ने श्री साईं बाबा के चरणों में 18.84 लाख रुपये कीमत का सोने का पानी चढ़ा चांदी का छत्र चढ़ाया। गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर, अमेरिका में रहने वाले साईं भक्त के. चंद्रशेखर ने श्री साईं बाबा के चरणों में 08 kg 933 ग्राम वजन का शुद्ध सोने का पानी चढ़ा चांदी का छत्र श्रद्धा से चढ़ाया। इस छत्र की दान की कीमत 18 लाख 84 हजार 863 रुपये है।

चढ़ाए गए छत्र को आज दोपहर की आरती से पहले साईं बाबा के समाधि मंदिर में मूर्ति पर स्थापित किया गया।
SEPT 15, 2026 09:33 IST

अमेरिका: न्यायालय ने डाक मतपत्र पर रोक का ट्रंप का प्रस्ताव फिलहाल खारिज किया

अमेरिका के उच्चतम न्यायालय ने डाक मतपत्रों पर पाबंदी लगाने के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रस्ताव को सोमवार को फिलहाल के लिए खारिज कर दिया।

मध्यावधि चुनाव की प्रक्रिया जारी रहने के बीच आया यह फैसला चुनावी नियमों को लेकर आखिरी समय तक चली कानूनी खींचतान पर फिलहाल विराम लगाता है।

फैसले के बाद राज्यों को वर्षों से जारी व्यवस्था के तहत डाक मतपत्र भेजने की प्रक्रिया जारी रखने की अनुमति मिल गई है।

न्यायमूर्ति सैमुअल अलिटो और न्यायमूर्ति क्लेरेंस थॉमस ने अदालत के संक्षिप्त आदेश पर असहमति जताई। न्यायमूर्ति ब्रेट कवानॉ ने भी माना कि मध्यावधि चुनाव के लिए इन पाबंदियों को लागू नहीं किया जाना चाहिए, लेकिन उन्होंने संकेत दिया कि बाद में वह ट्रंप प्रशासन के पक्ष में फैसला दे सकते हैं।

ट्रंप प्रशासन ने सत्ता बरकार रखने के लिए नवंबर में प्रस्तावित अहम चुनावों से पहले इन पाबंदियों को लागू करने का रास्ता साफ करने के वास्ते उच्चतम न्यायालय का रुख किया था। यह मामला बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि देश के करीब एक-तिहाई मतदाता डाक के जरिए मतदान करते हैं।

चुनाव अधिकारियों का कहना है कि मध्यावधि चुनाव से कुछ सप्ताह पहले पूरी व्यवस्था में इतना बड़ा बदलाव करना संभव नहीं था। वास्तव में, नयी व्यवस्था लागू न होने के बावजूद अलबामा, नॉर्थ कैरोलिना और विस्कॉन्सिन ने पिछले सप्ताह से ही मतदाताओं को डाक मतपत्र भेजना शुरू कर दिया था।
SEPT 15, 2026 09:32 IST

मैं अफगानिस्तान में गिरफ्तारी से बचकर निकली: केरलम की ‘ट्रैवल व्लॉगर'

अफगानिस्तान में ’’मुजाहिदीन’’ द्वारा गिरफ्तार किए जाने का दावा करने वाली केरलम की एक लोकप्रिय महिला ’ट्रेवल व्लॉगर’ ने अब कहा है कि बामियान में स्थानीय अधिकारियों ने उन्हें देश के उस कानून का हवाला देते हुए गिरफ्तार करने की धमकी दी, जिसके तहत महिलाओं के किसी पुरुष साथी या ’गाइड’ के बिना यात्रा करने पर पाबंदी है।

’बैकपैकर अरुणिमा’ नाम से ’फेसबुक पेज’ संचालित करने वाली व्लॉगर ने सोशल मीडिया पर अपनी हालिया पोस्ट में कहा, ’’इस देश के कानून के मुताबिक, एक महिला अकेले यात्रा नहीं कर सकती।’’

उन्होंने कहा कि अकेले होने के कारण उन्हें पहले जलालाबाद में भी यात्रा की अनुमति देने से इनकार कर दिया गया था।

व्लॉगर के अनुसार, बामियान में अधिकारियों ने उनसे कहा कि उन्होंने कानून का उल्लंघन किया है और उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि वह शाम करीब सात बजे बामियान पहुंचीं, जहां अधिकारियों ने उनके पासपोर्ट, वीजा और यात्रा अनुमति पत्र के बारे में सवाल-जवाब किए।

व्लॉगर ने कहा कि जब उन्हें बताया गया कि उन्होंने कानून का उल्लंघन किया है तो वह काफी डर गईं।

महिला ने कहा कि इसके बाद उन्होंने बामियान पहुंचने में उनकी मदद करने वाले व्यक्ति से संपर्क किया और उसने उनकी ओर से अधिकारियों से बात की।

उनके फेसबुक पेज पर दी गई जानकारी के अनुसार, अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि वह आवश्यक अनुमति लें और एक ’गाइड’ के साथ यात्रा करें। बातचीत के बाद आखिरकार उन्हें अगले गंतव्य की ओर जाने की अनुमति दे दी गई।

व्लॉगर ने कहा, ’’मुझे यह सब सिर्फ इसलिए झेलना पड़ा क्योंकि मैं एक महिला हूं।’’ उन्होंने कहा कि उनकी योजना उज्बेकिस्तान की सीमा की ओर करीब 500 किलोमीटर की यात्रा करने की थी और उन्हें अंदेशा था कि रास्ते में उन्हें कई जांच चौकियों से गुजरना पड़ेगा।

व्लॉगर ने कहा कि वह बेहद डरी हुई थीं और उन्हें आशंका थी कि कहीं उनके साथ कुछ अनहोनी न हो जाए इसलिए उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक ’स्टोरी’ साझा की, ताकि कोई उनकी मदद के लिए आगे आ सके।

उन्होंने अपनी पिछली पोस्ट में भारतीय दूतावास से संपर्क करने में मदद करने का आग्रह करते हुए कहा था, ’’मैं अफगानिस्तान में मुसीबत में हूं। मैं बामियान में हूं।’’

उन्होंने अपनी पोस्ट में स्थानीय अधिकारियों की ओर से मिले कथित आधिकारिक संदेश का अनुवाद भी साझा किया था, जिसमें कहा गया था कि अफगानिस्तान में ’’मुजाहिदीन’’ ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

’पीटीआई’ इस पोस्ट की सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका।
SEPT 15, 2026 09:31 IST

ट्रंप ने ‘गॉड ब्लेस द यूएसए' के गायक ली ग्रीनवुड की पत्नी को अमेरिकी राजदूत के तौर पर नामित किया

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ’गॉड ब्लेस द यूएसए’ के गायक ली ग्रीनवुड की पत्नी किम्बर्ली ग्रीनवुड को बारबाडोस और पूर्वी कैरिबियाई देशों के लिए अमेरिकी राजदूत के तौर पर सोमवार को नामित किया।

किम्बर्ली ग्रीनवुड उन नामित लोगों की सूची में शामिल हैं, जिनके नामों को पुष्टि के लिए ट्रंप प्रशासन ने अमेरिकी सीनेट (उच्च सदन) के पास भेजा है।

किम्बर्ली ने सोमवार को बाद में इंस्टाग्राम पर अपने पति और ट्रंप के साथ एक तस्वीर साझा की और उन्हें नामित करने के लिए राष्ट्रपति का आभार जताया।

उन्होंने पोस्ट में कहा, ’’राष्ट्रपति जी, मुझ पर विश्वास जताने और मुझे सेवा का यह असाधारण अवसर देने के लिए धन्यवाद।’’

किम्बर्ली के पति ली ग्रीनवुड राष्ट्रपति ट्रंप के पसंदीदा गायकों में से एक हैं। उनका लोकप्रिय देशभक्ति गीत वर्षों से ट्रंप के राजनीतिक कार्यक्रमों में उनके मंच पर आने के दौरान बजाया जाता रहा है।

ट्रंप ने ली ग्रीनवुड के साथ कारोबारी साझेदारी भी की थी। दोनों ने मिलकर 59.99 अमेरिकी डॉलर की ’गॉड ब्लेस द यूएसए बाइबल’ बेची थी।

ली ग्रीनवुड ने अपनी पत्नी की सराहना और उनके नामांकन का स्वागत करते हुए इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में कहा कि उनकी पत्नी ने ट्रंप के साथ 18 वर्षों तक काम किया था जब ट्रंप ’मिस यूनिवर्स संगठन’ के मालिक थे और किम्बर्ली ग्रीनवुड विभिन्न राज्यों में होने वाली सौंदर्य प्रतियोगिताओं का संचालन करती थीं।
SEPT 15, 2026 09:31 IST

राजस्थान निकाय चुनाव: कई मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान बुधवार को

राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के तहत जयपुर, जोधपुर, कोटा एवं सुकेत में कुछ मतदान केंद्रों पर 16 सितंबर को पुनर्मतदान होगा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इसके अनुसार राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जयपुर, जोधपुर, कोटा एवं सुकेत के कुछ केंद्रों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण पुनर्मतदान कराने के निर्देश दिए हैं।

आयोग के अनुसार नगर निगम जयपुर के वार्ड संख्या नौ के बूथ संख्या 111, वार्ड संख्या 18 के बूथ संख्या 235, वार्ड संख्या 25 के बूथ संख्या 343, वार्ड संख्या 34 के बूथ संख्या 477 एवं 484, नगर निगम जोधपुर के वार्ड संख्या 50 के बूथ संख्या 338, नगर निगम कोटा के वार्ड संख्या 87 के बूथ संख्या 99, वार्ड संख्या 44 के बूथ संख्या 448, वार्ड संख्या 11 के बूथ संख्या 576 तथा नगरपालिका सुकेत के वार्ड संख्या चार के बूथ संख्या 05 पर पुनर्मतदान कराया जाएगा।

आयोग को इन मतदान केंद्रों पर मतगणना के दौरान ईवीएम में तकनीकी खराबी की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं रिटर्निंग अधिकारियों से प्राप्त रिपोर्टों की जांच के बाद आयोग ने पाया कि इन मतदान केंद्रों पर तकनीकी खराबी के कारण प्रभावित मतों की संख्या निकटतम प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवारों के बीच मतों के अंतर से अधिक है। इसे देखते हुए आयोग ने पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया है।

आयोग के निर्देशानुसार इन मतदान केंद्रों पर 16 सितंबर को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक पुनर्मतदान कराया जाएगा। पुनर्मतदान की मतगणना 17 सितंबर को सुबह आठ बजे से निर्धारित स्थान पर की जाएगी।

इस बीच आयोग ने जयपुर, जोधपुर, कोटा नगर निगम और सुकेत नगर पालिका को छोड़कर राज्य के बाकी सभी 305 नगरीय निकायों के अध्यक्ष पद के चुनाव की सार्वजनिक सूचना मंगलवार सुबह जारी कर दी। ये चुनाव पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 21 और 22 सितंबर को होंगे।
SEPT 15, 2026 09:30 IST

अमेरिकी सांसद ने रूस पर प्रतिबंध संबंधी विधेयक में भारत के नाम के उल्लेख के लिए संशोधन पेश किया

अमेरिका के एक सांसद ने रूस पर प्रतिबंध लगाने के प्रस्ताव वाले विधेयक में एक संशोधन पेश किया है जिसमें भारत समेत रूस के प्रमुख व्यापारिक साझेदारों के नाम कानून में शामिल करने की मांग की गई है।

’लिंडसे ओ. ग्राहम सैंक्शनिंग रशिया एंड ईरान एक्ट’ को पिछले महीने अमेरिकी सीनेट ने भारी बहुमत (86-11 वोट) से पारित किया था। इस विधेयक का मकसद न सिर्फ रूस के नेतृत्व और ऊर्जा क्षेत्र पर प्रतिबंध लगाना है, बल्कि उन जहाजों के ’शैडो फ्लीट’ (गुप्त बेड़े) पर भी प्रतिबंध लगाना है जिनकी मदद से मॉस्को तेल आपूर्ति पर लगी पाबंदियों से बचता है।

अमेरिका का मानना ​​है कि रूस के कच्चे तेल व्यापार से यूक्रेन के खिलाफ युद्ध के लिए धन जुटाया जा रहा है। इस विधेयक में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को चीन और भारत समेत रूस के प्रमुख तेल व्यापार साझेदार देशों पर शत प्रतिशत शुल्क लगाने का अधिकार देने का भी प्रस्ताव है।

गत सात अगस्त को अमेरिकी सीनेट से पारित हुए विधेयक में रूस के व्यापारिक साझेदारों के नाम नहीं हैं, लेकिन इसमें मात्रा के हिसाब से तेल और गैस के पांच सबसे बड़े आयातकों का जिक्र है।

राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के लिए भेजे जाने से पहले इस विधेयक का ’हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स’ (प्रतिनिधि सभा) में पारित होना जरूरी है। तीन नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनावों से पहले सदन में कामकाज के लिए चार दिन बचे हैं।

डेमोक्रेट सांसद स्टेनी होयर द्वारा पेश किए गए संशोधन में चीन, भारत, तुर्किए, अजरबैजान, हंगरी, स्लोवाक गणराज्य, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), सिंगापुर, कजाकिस्तान और किर्गिज गणराज्य को उन देशों के रूप में नामित करने की मांग की गई है जिन पर शत प्रतिशत शुल्क लगाया जा सकता है।

दिलचस्प बात यह है कि ट्रंप को शुल्क लगाने की और अधिक शक्तियां देने का कड़ा विरोध करते डेमोक्रेट सांसद ग्रेगरी मीक्स ने ’प्रावधान-113’ को पूरी तरह खत्म करने का संशोधन पेश किया है। इस प्रावधान के तहत राष्ट्रपति को रूस के व्यापारिक साझेदारों पर व्यापक द्वितीयक शुल्क लगाने का अधिकार देने का प्रस्ताव है।