Kishtwar Encounter: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में लगातार दूसरे दिन सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ जारी है। सुरक्षाबलों ने छिपे हुए आतंकवादियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। अभी तक की कार्रवाई में एक जवान शहीद हो गया। बताया जा रहा है कि सुरक्षाबलों की आतंकियों के साथ मुठभेड़ जंगल के भीतर चल रही है।
किश्तवाड़ में आतंकवाद विरोधी अभियान को 24 घंटे से अधिक हो चुके हैं और सुरक्षाबलों ने एक बार फिर सुबह होते ही इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 11 राष्ट्रीय राइफल्स, 7 असम राइफल्स और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (SOG) सहित संयुक्त बलों ने किश्तवाड़ जिले के सिंघपोरा, चटरू इलाके में तलाशी अभियान चलाया।
किश्तवाड़ में जवान शहीद
व्हाइट नाइट कोर ने 'एक्स' पर गुरुवार को एक पोस्ट में बताया कि अभियान के दौरान भीषण गोलीबारी जारी है। गोलीबारी में हमारा एक बहादुर जवान गंभीर रूप से घायल हो गया और सर्वोत्तम चिकित्सा उपचारों के बावजूद उसकी मौत हो गई।
DGP ने मुठभेड़ स्थल का किया दौरा
जम्मू-कश्मीर के डीजीपी नलिन प्रभात ने गुरुवार को किश्तवाड़ जिले का दौरा किया और आतंकवाद विरोधी अभियान की समीक्षा की। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि डीजीपी ने सिंहपोरा इलाके का दौरा किया, जहां एक बड़ा आतंकवाद विरोधी अभियान चल रहा है। गोलीबारी के दौरान एक जवान शहीद हो गया, जबकि माना जा रहा है कि इलाके में चार आतंकवादी छिपे हैं।
