Indigo Flight Turbulence: दिल्ली से श्रीनगर जा रहे इंडिगो के एक विमान को बुधवार को अचानक ओलावृष्टि का सामना करना पड़ा था और जब शुरुआत में पायलट ने लाहौर हवाई यातायात नियंत्रण से इस स्थिति से बचने के लिए पाकिस्तान के एयरस्पेस का इस्तेमाल करने की अनुमति मांगी थी, तब उसने इस अनुरोध को अस्वीकार कर दिया। सूत्रों ने इसकी जानकारी दी।
हिंदी समाचार एजेंसी भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि हवा में बहुत तेज झटके लगने का शिकार हुई उड़ान 6ई2142 के मामले की जांच नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा की जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
बुधवार को तृणमूल कांग्रेस के सांसदों समेत 220 से अधिक लोगों को ले जा रही यह उड़ान अचानक ओलावृष्टि का शिकार हो गई और पायलट ने श्रीनगर हवाई अड्डे पर हवाई यातायात नियंत्रण को 'आपात' स्थिति की सूचना दी। हालांकि, बाद में यह विमान सुरक्षित रूप से उतर गया था।
सूत्रों ने बताया कि बुधवार को जब विमान अमृतसर के ऊपर से उड़ान भर रहा था, तब पायलट ने विमान को मौसम के कारण प्रतिकूल स्थिति में पाया और लाहौर हवाई यातायात नियंत्रण (ATC) से पाकिस्तान के एयरस्पेस से गुजरने की अनुमति मांगी।
PAK ने नहीं दी एयरस्पेस के गुजरने की इजाजत
सूत्रों ने 'भाषा' को बताया कि इस स्थिति से बचने के लिए पाकिस्तान के एयरस्पेस का उपयोग करने का अनुरोध किया गया, लेकिन लाहौर एटीसी ने इसे अस्वीकार कर दिया। सूत्रों के मुताबिक, अनुमति न मिलने के परिणामस्वरूप विमान को उसी रास्ते पर आगे बढ़ना पड़ा, जहां उसे हवा में तेज झटकों और ओलावृष्टि का सामना करना पड़ा।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के मद्देनजर पड़ोसी देश ने अपना एयरस्पेस भारतीय विमानन कंपनियों के लिए बंद कर दिया है। भारत ने भी पाकिस्तानी विमानन कंपनियों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर रखा है।
श्रीनगर में सुरक्षित उतरा विमान
इंडिगो ने गुरुवार को जारी एक बयान में कहा कि 21 मई, 2025 को दिल्ली से श्रीनगर जाने वाली उसकी उड़ान 6ई 2142 अचानक ओलावृष्टि से बचती हुई श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गई। विमानन कंपनी ने कहा, ''विमान के उतरने के बाद सभी यात्रियों की देखभाल की गई और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। विमान का अभी श्रीनगर में आवश्यक निरीक्षण और मरम्मत का कार्य किया जा रहा है तथा सभी मंजूरी मिलने के बाद परिचालन फिर से शुरू हो जाएगा।''

इंडिगो की फ्लाइट नोज हुई क्षतिग्रस्त
तृणमूल कांग्रेस का पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल विमान में सवार था, जिनमें डेरेक ओ’ब्रायन, नदीमुल हक, सागरिका घोष, मानस भुनिया और ममता ठाकुर शामिल थे। घोष ने बुधवार को कहा था, ''यह मौत का करीब से अनुभव था। मुझे लगा कि मेरी जिंदगी खत्म हो गई है। लोग चीख रहे थे, प्रार्थना कर रहे थे और घबरा रहे थे।''
पायलट के जज्बे को सलाम
उन्होंने कहा कि उस पायलट को सलाम, जिसने हमें उस स्थिति से निकाला। जब हम उतरे तो हमने देखा कि विमान का अगला हिस्सा उड़ गया था। घोष ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने विमान उतरने के बाद पायलट को धन्यवाद दिया। सोशल मीडिया पर मुश्किल समय के वीडियो सामने आए, जिनमें विमान के डगमगाने के कारण घबराए हुए यात्री अपनी जान के लिए प्रार्थना करते नजर आ रहे हैं।
