देश

'प्रधानमंत्री जी आप देश को चुनेंगे या ज्ञानू को...', INDIA ब्लॉक की रैली में गरजे तेजस्वी यादव

INDIA Bloc Rally: राजद नेता तेजस्वी यादव ने रामलीला मैदान रेली में सीईसी ज्ञानेश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोदी जी आज आपको देश या ज्ञानू में से किसी एक को चुनना होगा।

Image

राजद नेता तेजस्वी यादव (फोटो साभार: Congress)

Photo : Twitter

INDIA Bloc Rally: मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में विपक्षी 'INDIA' ब्लॉक के नेताओं ने रविवार को 'वोट बचाओ, देश बचाओ मार्च' किया। इसके बाद, रामलीला मैदान में एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान, राजद नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने सीईसी ज्ञानेश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा।

PM मोदी पर जमकर बरसे तेजस्वी यादव

उन्होंने कहा कि मोदी जी आज आपको देश या ज्ञानू में से किसी एक को चुनना होगा। उन्होंने कहा, ''आप सब लोग जानते हैं कि शकुनि ने महाभारत में क्या खेल खेला था। शकुनि कौन था और उसका पासा कौन था? आप सब लोग इतिहास जानते हैं कि महाभारत की शुरुआत जुए से हुई थी, ना कि रणभूमि से हुई थी। और जब अब शकुनि अपना खेल खेल रहा है तो हमें कुरुक्षेत्र को बनाना पड़ रहा है, कुरुक्षेत्र में लड़ाई लड़नी पड़ेगी।''

तेजस्वी यादव ने कहा कि हम सब लोगों को कहना चाहते हैं कि शकुनि जब पासा फेंकता था, तो उसका पासा वही करता था, जो शकुनि कहता था। यानी बेईमानी होती थी। लेवल प्लेइंग फील्ड नहीं होता था। तो भाइयों बताओ शकुनि कौन है? और पासा कौन है? उन्होंने कहा, ''ज्ञानेश जी तो नमूना हैं। इन पर तो देशद्रोह का मुकदमा चलना चाहिए। जेल के अंदर भेजना चाहिए ताकि आगे किसी भी व्यक्ति में हिम्मत ना हो कि हमारे देश के लोकतंत्र को खत्म कर सके, हमारे देश के लोकतंत्र को कुचल सके और हमारे संविधान के साथ छेड़छाड़ कर सके।''

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: राहुल गांधी ने देशवासियों से की खास अपील

तेजस्वी यादव ने कहा कि यह लड़ाई देश के वोटरों की देश के चीटरों से है। इसलिए आप सभी लोग संकल्प लीजिए कि किसी भी हालत में देश के लोकतंत्र को मिट्टी में नहीं मिलने देंगे। हम बिहार से आते हैं, जो लोकतंत्र की जननी है। बिहार से एसआईआर की शुरुआत की गई और बिहार से ही 'इंडिया' गठबंधन का गठन हुआ। हम बिहारी इन लोगों को छोड़ने वाले नहीं हैं। इनको सबक सिखाकर रहेंगे। आने वाले यूपी चुनाव में आप सभी लोग गोलबंद होकर भाजपा को हटाने का काम करें।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article