देश

Video: 'हम बोले खरीदारी करो, बीजेपी ने बंद करा दी दुकानें...' कनाट प्लेस पहुंचे राहुल गांधी का सरकार तीखा हमला

रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली के दौरान कनाट प्लेस की दुकानें बंद मिलने पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बीजेपी सरकार पर हमला बोला है। राहुल ने वीडियो जारी कर व्यापारियों के नुकसान पर सवाल उठाए हैं।

Image

कनाट प्लेस में दुकानों के बंद होने पर भड़के राहुल गांधी (स्क्रीनग्रैब: X/@RahulGandhi)

राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में विपक्षी INDIA गठबंधन की ओर से आयोजित 'वोट बचाओ-देश बचाओ' महारैली और मार्च के दौरान एक नया सियासी घमासान छिड़ गया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए केंद्र की भारतीय जनता पार्टी पर कनाट प्लेस की दुकानें जबरन बंद कराने का सीधा आरोप लगाया है। राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में कहा कि उन्होंने रैली में शामिल होने आ रहे लाखों लोगों से दिल्ली के स्थानीय व्यापारियों का समर्थन करने और त्योहारों के सीजन में खरीदारी करने की अपील की थी, लेकिन कनाट प्लेस पहुंचने पर पता चला कि सभी दुकानें जबरदस्ती बंद करा दी गई हैं।

राहुल गांधी ने वीडियो जारी कर क्या कहा?

रैली और मार्च में हिस्सा लेने कनाट प्लेस पहुंचे राहुल गांधी ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि "हमने सब लोगों से कहा कि जब आप मार्च और महारैली के लिए यहां आएंगे, चीजें खरीदें, खरीदारी करें। मगर, यहां कनोट प्लेस में आते हुए हमें पता लगा कि बीजेपी ने सारी की सारी दुकानें जबरदस्ती बंद करवा दीं, फोर्सिबली बंद करवाई। तो ट्रेडर्स का नुकसान कौन कर रहा है, कैसे हो रहा है, यह आप जान लीजिए।" इससे पहले शनिवार देर रात भी राहुल गांधी ने एक भावुक वीडियो संदेश जारी कर देश भर से दिल्ली आ रहे समर्थकों से त्योहारों के इस मौसम में दिल्ली के व्यापारियों का सहयोग करने का आह्वान किया था।

रैली से पहले राहुल गांधी की व्यापारियों से अपील

त्योहारी सीजन का जिक्र करते हुए एक दिन पहले राहुल गांधी ने अपने संदेश में लिखा था कि बीजेपी अफवाह फैला रही है कि विपक्षी रैली से कारोबारियों को नुकसान होगा। उन्होंने अपील की थी, "प्रोटेस्ट और मार्च कीजिए, साथ ही थोड़ी सी खरीदारी भी कीजिए जिससे छोटे दुकानदारों और व्यापारियों का फायदा हो। व्यापारी वर्ग को रैली से कोई नुकसान नहीं होगा, बीजेपी डरी हुई है इसलिए अफवाहें फैला रही है।" रविवार को जब विपक्ष का मार्च मिंटो रोड और कनाट प्लेस चौराहे की तरफ बढ़ा, तो वहां की दुकानें बंद पाई गईं। राहुल गांधी ने इसी स्थिति को आधार बनाते हुए सत्ता पक्ष की मंशा पर सवाल खड़े किए।

मुख्य चुनाव आयुक्त और SIR के खिलाफ विपक्ष एकजुट

गौरतलब है कि रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन के बैनर तले आयोजित यह महारैली मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों और "वोट चोरी" के आरोपों को लेकर बुलाई गई है। इस विशाल मार्च और महारैली में राहुल गांधी के साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी, प्रियंका गांधी वाड्रा, तेजस्वी यादव समेत 20 से अधिक विपक्षी दलों के दिग्गज नेता शामिल हुए हैं। आयोजकों का दावा है कि इस मार्च और रैली में लाखों की संख्या में कार्यकर्ता और आम जनता पहुंचे हैं। हालांकि सुरक्षा के लिहाज से दिल्ली पुलिस ने पूरे मध्य दिल्ली इलाके में 10,000 से अधिक पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया है। कनाट प्लेस की दुकानें बंद होने और व्यापारियों के आर्थिक नुकसान को लेकर राहुल गांधी के इस हमले के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग और तेज होने के आसार हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article