देश

पीएम मोदी 2029 में फिर लाल किले की प्राचीर पर आएंगे नजर, विपक्ष हताश और निराश... नितिन नवीन का कांग्रेस पर हमला

नितिन नवीन ने कहा, ये सरकार जनता के मत से बनी हुई है, कोई इसका बाल भी बांका नहीं कर सकता। मोदी जी कहीं नहीं जाएंगे और 2029 में फिर से लाल किले की प्राचीर पर नजर आएंगे।

Image

रोहतक में नितिन नबीन

Photo : ANI

Loktantra Bachao, Arajakta Hatao March: एक तरफ जहां राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' ब्लॉक अपनी मेगा रैली कर रहा है, वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने इसकी काट के रूप में आक्रामक राजनीतिक अभियान शुरू कर दिया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन (Nitin Nabin) ने आज हरियाणा के रोहतक में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा की अगुवाई की। इस दौरान नितिन ने कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि विपक्ष पूरी तरह से हताश हो चुका है।

मोदी 2029 में फिर लौटेंगे, बोले नितिन

नितिन नवीन ने कहा, ये सरकार जनता के मत से बनी हुई है, कोई इसका बाल भी बांका नहीं कर सकता। मोदी जी कहीं नहीं जाएंगे और 2029 में फिर से लाल किले की प्राचीर पर नजर आएंगे। नितिन नवीन ने कहा कि कांग्रेस के अंदर लोकतंत्र नहीं है। विपक्ष हताश है, निराश है। नितिन नवीन ने कहा कि जब कांग्रेस किसी राज्य में जीतती है तो ईवीएम ठीक होती है। जैसे ही कहीं चुनाव हारते हैं तो वोट चोरी याद आ जाती है। जनता अपना वोट देकर शासन करने का जनादेश देती है। आपको वह जनादेश नहीं मिला। इसलिए, आप निराशा और हताशा में हैं, और अब आप संवैधानिक संस्थाओं को दोष दे रहे हैं। अगर कांग्रेस नेताओं में सच में कोई दम होता, तो वे सबसे पहले अपनी पार्टी के भीतर चल रहे राजतंत्र यानी राहुल गांधी के परिवारवाद को खत्म करते और वहां लोकतंत्र स्थापित करते। ऐसा लगता है कि कांग्रेस में सिर्फ एक परिवार के शासन के लिए ही जगह है। वहां के नेता इस सोच के साथ काम करते हैं कि राहुल गांधी या उनके परिवार का कहा हुआ ही परम सत्य है।

रोहतक में नितिन नवीन

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन रोहतक में विशाल पदयात्रा का नेतृत्व किया। यह मार्च छोटू राम पॉलिटेक्निक ग्राउंड से शुरू होकर मॉडल टाउन स्थित डी-पार्क पर समाप्त होगा। इस दौरान नितिन नवीन महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी करेंगे।

फरीदाबाद में धर्मेंद्र प्रधान संभालेंगे कमान

हरियाणा के फरीदाबाद में भी इसी तर्ज पर 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा निकाली जा रही है। यहां पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ बीजेपी नेता धर्मेंद्र प्रधान एनआईटी के बीके चौक से शुरू होने वाले इस मार्च में हिस्सा ले रहे हैं।

विपक्ष के प्रचार और 'झूठ' के खिलाफ वैचारिक आंदोलन

पार्टी का कहना है कि यह आयोजन सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि एक निराश विपक्ष द्वारा फैलाई जा रही "गलत सूचनाओं, दुष्प्रचार और सुनियोजित अराजकता" के खिलाफ एक मजबूत वैचारिक और वैचारिक आंदोलन है। बीजेपी का उद्देश्य 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' के संकल्प के साथ विपक्ष के झूठे नैरेटिव को बेनकाब करना और सही तथ्यों को सीधे जनता तक पहुंचाना है। इस पदयात्रा में हरियाणा बीजेपी अध्यक्ष अर्चना गुप्ता, पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता, हजारों कार्यकर्ता और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article