Swati Maliwal Assault case: राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने ANI के साथ इंटरव्यू में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के घर हुई घटना के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि बिभव कुमार ने उन्हें 7-8 थप्पड़ मारे थे, गौरतलब है कि इस वक्त बिभव हिरासत में है।वहीं दिल्ली पुलिस आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल से कथित 'मारपीट' के मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के माता-पिता से पूछताछ करने बृहस्पतिवार को केजरीवाल के आवास पर नहीं जाएगी।
केजरीवाल ने बुधवार को कहा था कि पुलिस बृहस्पतिवार को उनके बूढ़े और बीमार माता-पिता से पूछताछ करने आएगी।पुलिस इस मामले में केजरीवाल के निजी सहायक बिभव कुमार को गिरफ्तार कर चुकी है।
सूत्रों ने कहा कि पुलिस आने वाले दिनों में पूछताछ के लिए केजरीवाल के आवास जा सकती है लेकिन वह बृहस्पतिवार को वहां नहीं जा रही। सूत्रों ने बताया कि पुलिस आने वाले दिनों में केजरीवाल से भी पूछताछ कर सकती है।
'मैं अपने माता-पिता और पत्नी के साथ पुलिस का इंतज़ार कर रहा हूं'
केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा 'मैं अपने माता-पिता और पत्नी के साथ पुलिस का इंतज़ार कर रहा हूं। कल पुलिस ने फोन करके मेरे माता-पिता से पूछताछ के लिए वक्त मांगा था। लेकिन वो आएंगे या नहीं - इसकी उन्होंने कोई जानकारी अभी नहीं दी।'
आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी पुलिस के जरिए केजरीवाल के माता पिता को प्रताड़ित कर रही है। दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी ने कहा, 'जब से अरविंद केजरीवाल को जमानत मिली है, भाजपा बौखला गई है। वे अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के खिलाफ हमले और साजिश रच रहे हैं। लेकिन आज दिल्ली पुलिस की ओर से अरविंद केजरीवाल के माता-पिता को पूछताछ के लिए बुलाने के बाद उन्होंने सारी हदें पार कर दीं।'
'इस मामले में मुख्यमंत्री मास्टरमाइंड है'
वहीं स्वाति मालीवाल मामले में पूर्व पति नवीन जयहिंद का एक और वीडियो सामने आया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में मुख्यमंत्री मास्टरमाइंड है। वो एक तरफ निष्पक्ष की जांच की बात कर रहे हैं और दूसरी तरफ अपने पीए विभव कुमार की गिरफ्तारी करने के खिलाफ प्रोटेस्ट कर रहे हैं। मैं चाहता हूं कि हाई कोर्ट के सीटिंग जज से इस मामले की जांच हो। नार्को टेस्ट होना चाहिए। मुझे इसलिए बोलना पड़ा क्योंकि मैं स्वाति के साथ 10 साल रहा हूं। और अगर स्वाति झूठ बोल रही है, तो उसे भी जेल में डाल दें।
