देश

सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ के हत्यारे का क्या है UP कनेक्शन, संभल-बदायूं में Bengal Police किसे कर रही तलाश?

Bengal News: पश्चिम बंगाल पुलिस सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ के हत्यारों की तलाश में उत्तर प्रदेश पहुंची है। संभल-बदायूं में पुलिस लगातार छानबीन कर रही है।

Image

सुवेंदु अधिकारी के पीए के हत्यारे का यूपी से कनेक्शन आया सामने (फोटो- पीटीआई)

Bengal News: बंगाल के होने वाले सीएम सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ (Chandranath Rath) के हत्यारे का उत्तर प्रदेश (UP) से कनेक्शन सामने आया है। बंगाल पुलिस की टीम इस समय यूपी के संभल-बदायूं में मौजूद है और छानबीन कर रही है। पुलिस को जांच के दौरान यूपी के एक संदिग्ध मोबाइल नंबर का सुराग मिला है, जिससे इस मर्डर मिस्ट्री के तार उत्तर प्रदेश के शूटरों से जुड़ते दिख रहे हैं। साथ ही हत्या में इस्तेमाल की गई कार के नंबर का भी यूपी के एक शख्स से कनेक्शन सामने आया है।

उत्तर प्रदेश में किसे तलाश रही बंगाल पुलिस?

बंगाल पुलिस के एक अधिकारी ने ज्यादा जानकारी दिए बिना PTI को बताया कि हत्या की जांच के लिए राज्य सीआईडी, आईबी और बंगाल एसटीएफ के अधिकारियों को मिलाकर गठित सात सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) मामले में ’तकनीकी और जमीनी स्तर के साक्ष्य जुटाने’ के लिए उत्तर प्रदेश गई है। पुलिस ने इससे पहले मध्यमग्राम में घटनास्थल के पास एक कार जब्त की थी। उस वाहन की नंबर प्लेट भी फर्जी निकली। असली नंबर प्लेट सिलीगुड़ी के एक व्यक्ति की है, जो चाय बागान में काम करता है। अधिकारी ने बताया, "सिलीगुड़ी के उस व्यक्ति ने एक वेबसाइट पर अपनी कार बेचने का विज्ञापन दिया था। उसने दावा किया था कि उसे उत्तर प्रदेश के एक संभावित खरीदार का फोन आया था। उत्तर प्रदेश से कोई संबंध हो सकता है।" उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में टीम "तकनीकी एवं जमीनी स्तर के सबूत जुटाएगी"।

कहां हैं चंद्रनाथ रथ के हत्यारे?

रथ की हत्या के 36 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं कर पाई है। एसआईटी के एक वरिष्ठ सदस्य ने बताया कि जांच कई पहलुओं पर आगे बढ़ रही है हालांकि हत्या में शामिल लोगों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया, "एसआईटी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सुपारी लेकर हत्या करने वालों को किसने काम पर रखा होगा और क्या इस हत्या के पीछे कोई बड़ी साजिश थी।"

चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या

बता दें कि मध्यमग्राम में बुधवार रात शुभेंदु के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हमले में चंद्रनाथ रथ का ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज अभी अस्पताल में जारी है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!