देश

UP चुनाव 2027 से पहले BJP का बड़ा दांव: MLC से MLA बनाने की तैयारी, कई मौजूदा विधायकों के कट सकते हैं टिकट

बताया जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व ने सभी एमएलसी को विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए तैयार रहने को कहा है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी-अपनी संभावित सीटों पर अभी से जमीनी तैयारी शुरू कर दें। यानी जनसंपर्क, कार्यकर्ताओं से संवाद और स्थानीय समीकरणों को समझने का काम तेज किया जाए।

Image

यूपी में अगले साल होंगे विधानसभा चुनाव।

UP Election 2027 : उत्तर प्रदेश की राजनीति में विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी रणनीति को धार देनी शुरू कर दी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक भाजपा इस बार एक खास योजना पर काम कर रही है, जिसके तहत विधान परिषद के प्रमुख सदस्यों यानी MLC नेताओं को सीधे विधानसभा चुनाव के मैदान में उतारा जा सकता है। यही नहीं, कई मौजूदा विधायकों के टिकट भी कट सकते हैं।

सभी MLC को तैयारी के निर्देश

बताया जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व ने सभी एमएलसी को विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए तैयार रहने को कहा है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी-अपनी संभावित सीटों पर अभी से जमीनी तैयारी शुरू कर दें। यानी जनसंपर्क, कार्यकर्ताओं से संवाद और स्थानीय समीकरणों को समझने का काम तेज किया जाए।

हारी हुई सीटों पर फोकस

इस रणनीति की सबसे अहम बात यह है कि ज्यादातर एमएलसी को उन सीटों पर उतारने की योजना है, जहां भाजपा पिछले चुनाव में हार गई थी। पार्टी का मानना है कि कमजोर सीटों पर बड़े और कद्दावर चेहरे उतारने से न सिर्फ मुकाबला मजबूत होगा, बल्कि आसपास की सीटों पर भी सकारात्मक असर पड़ सकता है।

कौन-कौन से नाम चर्चा में

जिन नेताओं को विधानसभा चुनाव लड़ाए जाने की चर्चा है, उनमें कई बड़े नाम शामिल हैं:

  • एके शर्मा
  • स्वतंत्र देव सिंह
  • केशव प्रसाद मौर्य
  • दारा सिंह चौहान
ये सभी फिलहाल विधान परिषद के सदस्य हैं। इनके अलावा सरकार के वरिष्ठ मंत्री भूपेंद्र चौधरी और कुछ अन्य नेताओं को भी तैयार रहने के लिए कहा गया है।

टिकट कटने की भी चर्चा

राजनीतिक गलियारों में यह भी माना जा रहा है कि भाजपा कई मौजूदा विधायकों के टिकट काटने की तैयारी में है। लगातार जीतने वाले कुछ विधायकों के खिलाफ स्थानीय स्तर पर नाराजगी की खबरें हैं, और पार्टी इसे नजरअंदाज करने के मूड में नहीं दिखती।

एंटी इंकम्बेंसी की काट

यहीं पर वरिष्ठ मंत्रियों और बड़े चेहरों की भूमिका अहम हो जाती है। पार्टी की योजना है कि मजबूत और जाने-पहचाने नेताओं को आगे करके सत्ता विरोधी लहर यानी एंटी इंकम्बेंसी को कम किया जाए। जहां विधायक के टिकट कटेंगे, वहां कद्दावर नेता को उतारकर जनता के बीच नया संदेश दिया जा सकता है।

क्या हैं इसके मायने

इस कदम के कई राजनीतिक मायने हैं। पहला, इससे पार्टी कमजोर सीटों पर अपनी ताकत झोंक सकेगी। दूसरा, मंत्रियों और बड़े नेताओं के खुद चुनाव लड़ने से कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ सकता है। तीसरा, पिछड़े और अति पिछड़े वर्ग के चेहरों को आगे रखकर सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश भी साफ दिखती है। हालांकि इसमें जोखिम भी है। अगर बड़े नेता हारी हुई सीटों पर जीत दर्ज नहीं कर पाए, तो इसका असर पार्टी की छवि और अंदरूनी समीकरणों पर पड़ सकता है। साथ ही टिकट कटने से नाराज विधायक बगावत या भितरघात का रास्ता भी चुन सकते हैं।

Ravikant Rai
रविकांत रायauthor

सत्ता के गलियारों से आम जनमानस से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र, । राजनीति के हर दांव पेंच से वाकिफ, 13 सालों में दो लोकसभा चुनाव और कई राज्यों के विधान सभा चुनाव कवर करने का अनुभव। संसद भवन, बीजेपी और प्रधानमंत्री कार्यालय को मैं कवर करता हूं... फिल्मे देखना , सपने देखना और उनका पूरा करने के लिए पूरी ताकत लगा देना ये मेरा जुनून है।

और पढ़ें
End of Article