देश

Bengal New CM: पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री होंगे सुवेंदु अधिकारी, लग गई मुहर; अमित शाह ने किया ऐलान

Bengal New CM: पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री की घोषणा हो गई है। बीजेपी विधायक दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी को नेता चुन लिया गया है।

Image

पश्चिम बंगाल के नए सीएम होंगे सुवेंदु अधिकारी

Bengal New CM: सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री होंगे। आज कोलकाता में हुए भाजपा विधायक दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी के नाम पर मुहर लग गई है। बंगाल के पर्यवेक्षक और गृहमंत्री अमित शाह ने सुवेंदु अधिकारी के नाम की घोषणा की। कोलकाता में बीजेपी विधायक दल की बैठक के बाद अमित शाह ने साफ कहा कि सुवेंदु अधिकारी के अलावा किसी दूसरे नाम का प्रस्ताव नहीं आया। इसके बाद नवनिर्वाचित बीजेपी विधायकों ने जोरदार तालियों और नारों के साथ उनके नाम का समर्थन किया। मिली जानकारी के अनुसार विधायक दल की बैठक में दिलीप घोष ने सुवेंदु अधिकारी के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे अमित शाह की उपस्थिति में स्वीकार कर लिया गया।

कल होगा शपथग्रहण

नव निर्वाचित भाजपा विधायकों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा औपचारिक रूप से इसकी घोषणा की गई। नयी भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह नौ मई को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा।

बीजेपी में ऐसे बढ़ते रहा सुवेंदु अधिकारी का कद

सुवेंदु अधिकारी ने पिछले कुछ वर्षों में बंगाल की राजनीति में खुद को बीजेपी के सबसे आक्रामक और प्रभावशाली नेताओं में स्थापित किया है। उन्होंने 2021 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट पर तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को हराकर राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरी थीं। इसके बाद हालिया चुनाव में भवानीपुर जैसे टीएमसी के मजबूत गढ़ में भी पार्टी को बड़ी बढ़त दिलाने में उनकी अहम भूमिका रही। इन जीतों ने उन्हें बंगाल में बीजेपी के उभार का प्रमुख चेहरा बना दिया।

दो सीटों से विधायक चुने गए हैं सुवेंदु अधिकारी

सुवेंदु अधिकारी ने भवानीपुर सीट पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पराजित किया है, जबकि नंदीग्राम सीट पर लगातार तीसरी बार जीत हासिल की। अब सवाल ये है कि सुवेंदु क्या नंदीग्राम सीट को बरकरार रख पाएंगे, जो 2007 के भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन का केंद्र था, जिसने उन्हें एक जन नेता के रूप में स्थापित किया था, या भवानीपुर सीट का प्रतिनिधित्व करेंगे जहां उन्होंने बनर्जी को करारी हार दी है, जिसे लंबे समय से उनका सबसे सुरक्षित राजनीतिक गढ़ माना जाता था।

भाजपा ने 293 सदस्यीय विधानसभा में 207 सीटें जीतकर तृणमूल कांग्रेस को करारी शिकस्त दी और राज्य में उसके 15 साल के शासन का अंत कर दिया।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!