Loksabha polls 2024 : लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। चुनावी कैम्पेन पर रणनीति बनाने से लेकर चुनाव कार्य बंटवारे को वह अंतिम रूप दे रही है। पार्टी चुनावी मोर्चे के हर पेंच को कस रही है। इसी क्रम में उसने अपने सभी 7 मोर्चों के नए प्रभारियों के नाम की घोषणा की है। संगठन के अलग-अलग प्रभारों के लिए पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नामों की घोषणा की है।
संगठन में इन्हें मिली नई जिम्मेदारी
- सुनील बंसल-प्रभारी, युवा मोर्चा
- बैजयंत जय पांडा-प्रभारी, महिला मोर्चा
- बंदी संजय कुमार-प्रभारी, किसान मोर्चा
- तरुण चुग-प्रभारी, एससी मोर्चा
- राधा मोहन दास अग्रवाल-प्रभारी एसटी मोर्चा
- विनोद तावड़े-प्रभारी, ओबीसी मोर्चा
- दुष्यंत कुमार गौतम-प्रभारी अल्पसंख्यक मोर्चा
तत्काल प्रभाव से हुई नियुक्ति
संगठन में इन सभी पदाधिकारियों की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से हो गई है। बता दें कि दिसंबर के अंतिम सप्ताह में नड्डा ने पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की दो दिनों की बैठक बुलाई थी। इस बैठक में लोकसभा चुनावों के लिए एजेंडा एवं चुनावी कार्यक्रमों पर रणनीति बनाई गई।
मंगलवार को हुई दो बड़ी बैठकें
इससे पहले मंगलवार को भाजपा ने दो बड़ी बैठकें कीं। पार्टी मुख्यालय में हुई बैठक में पार्टी महासचिव सुनील बंसल, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, अश्विनी वैष्णव और मनसुख मंडाविया और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा मौजूद रहे। इस बैठक में चुनाव कैम्पेन कार्यक्रम पर चर्चा हुई एवं एजेंडे को अंतिम रूप दिया गया। दूसरी बैठक अयोध्या में राम मंदिर पर चर्चा हुई। भाजपा ने हर जिले से लोगों को अयोध्या लाने एवं राम लला के दर्शन कराने की जिम्मेदारी पार्टी नेताओं को सौंपी है।
पहले इनके पास थी जिम्मेदारी
ओबीसी मोर्चा के प्रभारी पहले अरुण सिंह थे। अब यह जिम्मेदारी विनोद तावड़े निभाएंगे। वहीं अल्पसंख्यक मोर्चा की जिम्मेदारी पहले डी पुरुंदेश्वरी के पास थी। एससी मोर्चा की जिम्मेदारी पहले सीटी रवि निभा रहे थे। एसटी मोर्चा के प्रभारी पहले दिलिप सैकिया थे।
