शहर

कौशांबी फैक्ट्री ब्लास्ट: 11 मौतों के बाद कौशांबी में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी नौशाद गिरफ्तार; 7 पुलिसकर्मी सस्पेंड

Kaushambi News: कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया।

Image

पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद किया गिरफ्तार

Photo : ANI

Kaushambi Factory Blast: कौशांबी में सोमवार को पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके में 11 लोगों की मौत के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस मामले में मुख्य आरोपी नौशाद को पुलिस ने मंगलवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। वहीं, 7 पुलिसकर्मियों को लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया है। हादसे के बाद फैक्ट्री और आसपास के मकानों में भारी तबाही हुई थी।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 4 बजे आरोपी फरार होने की तैयारी में था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में नौशाद के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में 6 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी नौशाद की गिरफ्तारी के बाद पुलिस बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।

7 पुलिसकर्मी निलंबित

हादसे के बाद पुलिस प्रशासन ने भी बड़ी कार्रवाई की है। आईजी अजय कुमार मिश्रा के मुताबिक, मामले में लापरवाही के आरोप में 7 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है। इनमें इंस्पेक्टर शिवचरण राम, सब-इंस्पेक्टर विकास सिंह, विनय सिंह, अजित कुमार सिंह, अभिषेक गुप्ता, मनीष पाल और अमित द्विवेदी शामिल हैं।

धमाके में आसपास के कई घर क्षतिग्रस्त

गौरतलब है कि कौशांबी के मनौरी इलाके में सोमवार को एक पटाखा फैक्ट्री में आग लगने के बाद भीषण विस्फोट हो गया। जिसमें 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाका इतना जोरदार था कि दो किलोमीटर दूर तक इसकी आवाज सुनाई दी। विस्फोट में फैक्ट्री की इमारत पूरी तरह तबाह हो गई और आसपास के 6 घर भी क्षतिग्रस्त हो गए।

बताया जा रहा है कि इस फैक्ट्री का लाइसेंस 2024 में ही रद्द कर दिया गया था। इसके बावजूद यहां पटाखों का काम चलने को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस फैक्ट्री में अवैध तरीके से पटाखा निर्माण और विस्फोट के पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!