देश

'वैश्विक चुनौतियों के बीच देश ने की तरक्की', 7.8% GDP ग्रोथ पर PM मोदी बोले- कुछ लोग निराशा की गर्त में डूबे हैं

विरोधियों पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि कुछ लोग निराशा की गर्त में डूबे हुए हैं और वे एक बार फिर से गलत साबित हुए हैं। पीएम ने लोगों से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने और 'वोकल फॉर लोकल' बनने की अपील की है।

Image

जीडीपी ग्रोथ पर पीएम मोदी ने दी प्रतिक्रिया।

PM Modi reaction on GDP Growth: वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में भारत की जीडीपी ग्रोथ रेट 7.8% दर्ज हुई है। इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतिक्रिया दी है। पीएम मोदी ने मंगलवार को कहा कि दुनिया में संकट के बीच भारत ने यह प्रगति हासिल की है। जीडीपी ग्रोथ बहुत बड़ी उपलब्धि है। भारत ने एक बार फिर तरक्की हासिल की है। वैश्विक चुनौतियों के बीच देश आगे बढ़ा है। देश की प्रगति के लिए आत्मनिर्भर भारत जरूरी है। विरोधियों पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि कुछ लोग निराशा की गर्त में डूबे हुए हैं और वे एक बार फिर से गलत साबित हुए हैं। पीएम ने लोगों से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने और 'वोकल फॉर लोकल' बनने की अपील की है। साथ ही लोगों से सोना कम खरीदने और विदेश यात्राएं कम करने का अनुरोध किया है।

‘वोकल फॉर लोकल’ के मंत्र को अपनाना चाहिए-PM

अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में पीएम ने कहा कि 'हमें ‘स्वदेशी’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ के मंत्र को अपनाना चाहिए। हमें केवल मनोरंजन के लिए विदेश यात्रा करने या विदेशों में शादियां आयोजित करने से बचना चाहिए। इसके बजाय, हमें ‘भारत में शादी’ के मंत्र को अपनाना चाहिए। हमें तब तक सोना खरीदने से भी बचना चाहिए, जब तक कि इसकी बेहद आवश्यकता न हो। हम जितना अधिक ‘स्वदेशी’ और आत्मनिर्भरता पर जोर देंगे, मुझे उतना ही विश्वास है कि जब हम आजादी के 100 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाएंगे, तब हम अपने युवाओं को एक ‘विकसित भारत’ सौंपेंगे।'

'हम युवा पीढ़ी के सपनों को साकार करेंगे'

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि 'आज हमारी मेहनत के जरिए हम निश्चित रूप से युवा पीढ़ी के सपनों को साकार करेंगे। हमें अपने प्रयासों में कोई कसर नहीं छोड़नी चाहिए। हमारी नीतियां मजबूत हैं और हमारी नीयत साफ है। 140 करोड़ भारतीयों की सामूहिक शक्ति देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए एकजुट हो रही है। आइए, जश्न मनाएं, दृढ़ संकल्प लें और उस संकल्प को हकीकत में बदलने के लिए मिलकर आगे बढ़ें।'

SCO के लिए बिश्केक में हैं पीएम मोदी

बता दें कि पीएम मोदी इस समय SCO समिट में हिस्सा लेने के लिए किर्गिस्तान के बिश्केक शहर में हैं। पीएम ने वहीं से अपना यह वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है। सरकार की तरफ से सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रही। हालांकि, यह जनवरी-मार्च तिमाही के 8.6 प्रतिशत से कम है, लेकिन एक साल पहले की समान तिमाही के 6.9 प्रतिशत से अधिक है।

तेजी से बढ़ रही भारतीय अर्थव्यवस्था

इसके साथ ही भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है। वृद्धि दर तिमाही के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के सात प्रतिशत के अनुमान से भी अधिक रही, जो बढ़े हुए भू-राजनीतिक जोखिमों के बावजूद घरेलू आर्थिक गतिविधियों की मजबूती को दर्शाती है। वहीं, मौजूदा कीमतों पर जीडीपी 10.3 प्रतिशत बढ़कर 88.27 लाख करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले 80 लाख करोड़ रुपये थी। जून तिमाही में आधार कीमतों पर सकल मूल्य वर्धन (जीवीए) 8.2 प्रतिशत बढ़कर 73.82 लाख करोड़ रुपये हो गया। विनिर्माण क्षेत्र का जीवीए 9.2 प्रतिशत बढ़ा जबकि कृषि, पशुधन, वानिकी और मत्स्य क्षेत्र में 3.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई। खनन एवं संबद्ध क्षेत्र में 2.4 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article