दिग्गज टेक कंपनी एप्पल (Apple) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) टिम कुक (Tim Cook) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अगस्त 2011 में दिग्गज उद्योगपति स्टीव जॉब्स (Steve Jobs) के निधन के बाद एप्पल की कमान संभालने वाले टिम कुक ने लगभग 15 वर्षों तक कंपनी का सफल नेतृत्व किया। 1 सितंबर से वह कंपनी के एक्जीक्यूटिव चेयरमैन (Executive Chairman) की नई भूमिका संभालेंगे, जबकि उनकी जगह जॉन टर्नस (John Ternus) एप्पल के नए सीईओ बनाए गए हैं। इस बड़ी लीडरशिप तब्दीली के बाद दुनिया भर के निवेशकों और टेक प्रेमियों की नजर टिम कुक की सैलरी, सालाना कमाई और उनकी कुल संपत्ति पर टिक गई है।
टीम कुक की सैलरी
टिम कुक दुनिया के सबसे अमीर और सबसे ज्यादा वेतन पाने वाले शीर्ष कॉरपोरेट अधिकारियों में गिने जाते हैं। अगर उनकी सैलरी स्ट्रक्चर की बात करें, तो एप्पल से मिलने वाला उनका बेस वेतन (Base Salary) लगभग 3 मिलियन डॉलर (करीब 25 करोड़ रुपये) सालाना रहा है। हालांकि, बेस सैलरी तो उनकी कुल कमाई का बहुत छोटा हिस्सा है। उन्हें मिलने वाले भारी-भरकम पैकेज में परफॉर्मेंस बोनस, एक्स्ट्रा कंपनसेशन और सबसे बड़ा हिस्सा 'एप्पल स्टॉक ऑप्शंस' (Apple Stock Options या RSUs) का होता है। उदाहरण के तौर पर, वित्त वर्ष 2023 और 2024 में उनका कुल सालाना पे-पैकेज लगभग 60 मिलियन डॉलर से लेकर 75 मिलियन डॉलर (करीब 500 से 620 करोड़ रुपये) के बीच रहा था।
टीम कुक की नेटवर्थ
कमाई और वेल्थ के मामले में टिम कुक की कुल नेटवर्थ (Net Worth) आज 2.2 बिलियन डॉलर से 2.9 बिलियन डॉलर (भारतीय मुद्रा में लगभग 18,000 करोड़ से 24,000 करोड़ रुपये) के आसपास आंकी गई है। दिलचस्प बात यह है कि टिम कुक उन चुनिंदा वैश्विक बिलेनियर में शामिल हैं, जो किसी कंपनी के संस्थापक या मालिक नहीं हैं, बल्कि केवल एक पेशेवर सैलरी पाने वाले एग्जीक्यूटिव (Professional CEO) के रूप में काम करते हुए अरबपति बने हैं। उनकी इस विशाल संपत्ति का मुख्य जरिया एप्पल में मिले वे शेयर्स हैं, जिनकी वैल्यू बीते 15 सालों में कंपनी की अप्रत्याशित ग्रोथ के साथ कई गुना बढ़ गई।
एपल को बनाया मूल्यवान कंपनी
टिम कुक के 15 साल के कार्यकाल के दौरान एप्पल ने अभूतपूर्व वित्तीय सफलता हासिल की। जब उन्होंने 2011 में पद संभाला था, तब एप्पल का मार्केट कैप (Market Capitalization) लगभग 350 अरब डॉलर था। उनके कुशल नेतृत्व, सप्लाई चेन प्रबंधन, एप्पल वॉच (Apple Watch), एयरपॉड्स (AirPods) जैसी नई डिवाइस लॉन्च करने और आईक्लाउड व एप्पल म्यूजिक जैसे सर्विसेज बिजनेस को बढ़ाने के दम पर एप्पल 5 ट्रिलियन (ट्रिलियन) डॉलर के ऐतिहासिक मूल्यांकन तक पहुंच गई। टिम कुक पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि वे अपनी कुल संपत्ति का बड़ा हिस्सा परोपकार और धर्मार्थ कार्यों (Philanthropy) में दान करेंगे।
