देश

सरकार में सुनेत्रा की 'एंट्री' से पवार परिवार में नाराजगी, बारामती में सुप्रिया सुले की नेताओं के साथ अहम बैठक

शरद पवार का कहना है कि दोनों गुट विलय को लेकर चर्चा कर रहे थे, ऐसे में इस बारे में भी सोचना चाहिए था। भावी रणनीति पर चर्चा के लिए बारामती में शरद पवार के निवास स्थान पर सुप्रिया सुले समेत अन्य नेताओं की बैठक भी हो रही है। इस बीच, विलय की खबर के बीच अजीत और शरद पवार की 17 जनवरी को हुई बैठक का एक वीडियो भी सामने आया है।

Image

महाराष्ट्र में डिप्टी सीएम पद की शपथ ले सकती हैं सुनेत्रा पवार।

Photo : PTI

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र सरकार में सुनेत्रा पवार के शामिल होने की चर्चाओं के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के दोनों धड़ों के एक हो जाने की अटकलें थम गई हैं। शनिवार को राकांपा के विधायक दल की बैठक होने जा रही है। सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में सुनेत्रा को विधायक दल की नेता चुना जाएगा। चर्चा इस बात की भी है कि उन्हें आज शाम पांच बजे डिप्टी सीएम पद की शपथ दिलाई जाएगी। इस बीच, सूत्रों का यह भी कहना है कि अजित पवार की मौत के बाद राकांपा के ताजा घटनाक्रमों से शरद पवार परिवार में भारी नाराजगी है। पवार चाहते थे कि शोकाकुल परिवार को ऐसे फैसले के लिए थोड़ा और वक्त लेना चाहिए था।

पहले दोनों गुटों के विलय में सोचना चाहिए-शरद पवार

शरद पवार का कहना है कि दोनों गुट विलय को लेकर चर्चा कर रहे थे, ऐसे में इस बारे में भी सोचना चाहिए था। भावी रणनीति पर चर्चा के लिए बारामती में शरद पवार के निवास स्थान पर सुप्रिया सुले समेत अन्य नेताओं की बैठक भी हो रही है। इस बीच, विलय की खबर के बीच अजीत और शरद पवार की 17 जनवरी को हुई बैठक का एक वीडियो भी सामने आया है।

सुनेत्रा पवार पर सना मलिक ने क्या कहा

NCP विधायक सना मलिक ने कहा, 'आज सभी विधायकों को विधान भवन बुलाया गया है। हमें इसका कारण नहीं बताया गया है, लेकिन हमें जो पता चला है कि बैठक का मकसद विधानमंडल दल के नेता के लिए सुनेत्रा पवार का नाम आगे बढ़ाना है, पिछले दो दिनों से कार्यकर्ता और नेता यही मांग कर रहे थे कि उन्हें दादा की जगह लाया जाए और उपमुख्यमंत्री बनाया जाए।'

विधायक दल का नेता चुनी जा सकती हैं सुनेत्रा

NCP के नेताओं ने बताया कि राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार शनिवार को महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगी। उनको यह पद अपने दिवंगत पति अजीत पवार का मिल रहा है, जिनकी दो दिन पहले एक दुखद विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी। सुनेत्रा ने 18 जून 2024 को राज्यसभा में आने से पहले 2024 का लोकसभा चुनाव भी लड़ा था। वह अब शनिवार को NCP विधायक दल की नेता चुनी जा सकती हैं और उसके बाद उप मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ले सकती हैं।

मुंबई पहुंचीं सुनेत्रा, NCP की बड़ी बैठक दोपहर 2 बजे

मुंबई में दिवंगत डिप्टी सीएम अजीत पवार के घर के बाहर का कैसा नजारा है, वह नीचे वीडियो में देखा जा सकता है। वहीं, महाराष्ट्र विधानसभा और विधान परिषद में NCP के प्रतिनिधि आज दोपहर 2 बजे मीटिंग के लिए विधान भवन में इकट्ठा होंगे। बता दें कि दिवंगत आत्मा अजीत पवार की पत्नी व राज्यसभा सांसद सुनेत्रा भी कल देर रात मुंबई स्थित अपने आवास पर पहुंचीं।

Rakesh Kamal Trivedi
राकेश त्रिवेदीauthor

20 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ टीवी पत्रकारिता में सक्रिय, वर्तमान में TIMES NOW नवभारत में न्यूज़ एडिटर। क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज़्म में मजबूत पकड़ के साथ महाराष्ट्र की राजनीति और हाई-इम्पैक्ट राष्ट्रीय खबरों पर गहरी नज़र। डेटा-ड्रिवन रिसर्च, निर्भीक सवाल, ऑन-ग्राउंड एक्सपीरियंस और बेबाक विश्लेषण का संतुलित मिश्रण उनकी शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article