देश

कांग्रेस नेतृत्व वाली सरकारों के खिलाफ लोग शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए स्वतंत्र : Priyanka Gandhi

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा का कहना है कि कांग्रेस सरकारों की नीतियों के खिलाफ भी लोगों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने केरल में शिक्षक अभ्यर्थियों पर पुलिस कार्रवाई पर यह प्रतिक्रिया दी।

Image

प्रियंका गांधी वाड्रा बोलीं लोकतंत्र में सभी को विरोध प्रदर्शन का अधिकार

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज यानी गुरुवार 12 नवंबर को कहा कि भारतीय संविधान विरोध-प्रदर्शन करने का अधिकार देता है। उन्होंने कहा, लोग उनकी पार्टी Congress के नेतृत्व वाली सरकारों की नीतियों के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने के लिए स्वतंत्र हैं।

Priyanka Gandhi ने यह टिप्पणी संवाददाताओं के उन सवालों के जवाब में की, जो तिरुवनंतपुरम में राज्य सचिवालय के बाहर चार महीने से अधिक समय से प्रदर्शन कर रहे निम्न प्राथमिक विद्यालय शिक्षक (एलपीएसटी) परीक्षा के रैंक धारकों के खिलाफ केरलम पुलिस की ओर से बुधवार रात की गई कार्रवाई से संबंधित थे।

पुलिस ने प्रदर्शन स्थल से प्रदर्शनकारियों का टेंट हटा दिया और उनकी नेता एस वलारमति को हिरासत में ले लिया। हालांकि, बाद में तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में स्थानांतरित किया गया।

प्रियंका गांधी ने कहा, 'मेरा मानना है कि भारत और दुनिया भर में लोगों को विरोध-प्रदर्शन करने का अधिकार है। खासकर लोकतांत्रिक देशों में संविधान उन्हें यह अधिकार देता है। मेरा मानना है कि लोगों को अपने संवैधानिक अधिकार का इस्तेमाल करने की अनुमति दी जानी चाहिए।'

उन्होंने कहा कि अगर विरोध-प्रदर्शन के दौरान हिंसा होती है या प्रदर्शनकारी बहुत आक्रामक हो जाते हैं या कुछ गलत होता है और लोगों को चोट पहुंचती है। ऐसे में पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए, क्योंकि प्रदर्शनकारियों को कानून के शासन का सम्मान करना चाहिए।

प्रियंका ने कहा, 'लेकिन जब तक विरोध-प्रदर्शन शांतिपूर्ण है, भले ही वह राज्य में हमारी सरकार या हमारी नीतियों के खिलाफ ही क्यों न हो, उसे जारी रखने की अनुमति दी जानी चाहिए।'

उन्होंने कहा कि उनका यह विचार कांग्रेस की सरकारों के साथ-साथ देश की किसी भी अन्य सरकार के संदर्भ में लागू होता है। रैंक धारक केरल लोक सेवा आयोग (पीएससी) से इस मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं कि एलपीएसटी रैंक सूची की वैधता समाप्त होने से पहले सरकारी स्कूलों में नियुक्तियां की जाएं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article