देश

'चीन के सामने सोच-समझकर समर्पण कर रही मोदी सरकार', जयराम रमेश का बड़ा आरोप; संसद में बहस की मांग

कांग्रेस ने चीन के साथ सीमा विवाद और पाकिस्तान के साथ उसके सैन्य सहयोग को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार 2020 से चीन के सामने 'सोची-समझी रणनीति के तहत समर्पण' की नीति अपना रही है।

Image

चीन के मुद्दे पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने मोदी सरकार पर साधा निशाना। PTI

Photo : PTI

भारत और चीन के बीच सीमा विवाद और पाकिस्तान के साथ चीन के सैन्य सहयोग को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार लंबे समय से चीन के सामने 'सोची-समझी रणनीति के तहत समर्पण' की नीति अपना रही है। पार्टी ने यह भी सवाल उठाया कि संसद में चीन से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक चर्चा तक की अनुमति क्यों नहीं दी जा रही है।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सरकार की चीन नीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चीन से जुड़ी विदेश और आर्थिक नीति की चुनौतियों से निपटने के लिए एक साझा रणनीति बनाने की जरूरत है। इसके लिए संसद में खुली और सार्थक चर्चा होनी चाहिए।

'19 जून 2020 से ही चीन के सामने समर्पण कर रही सरकार'

जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से 19 जून 2020 को चीन को कथित तौर पर क्लीनचिट दिए जाने के बाद से ही सरकार लगातार समर्पण की मुद्रा में है। उन्होंने कहा कि चीन के साथ सीमा विवाद और उसके पाकिस्तान के साथ बढ़ते सैन्य सहयोग को लेकर सरकार का रवैया सवालों के घेरे में है।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि वित्त वर्ष 2025-26 में चीन के साथ भारत का व्यापार घाटा रिकॉर्ड 112 अरब डॉलर तक पहुंच गया। इससे देश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने इसे भारत की आर्थिक नीति के लिए गंभीर चुनौती बताया।

चीन और पाकिस्तान की भूमिका पर सैन्य अधिकारियों के बयानों का जिक्र

कांग्रेस महासचिव ने चीन की भूमिका को लेकर भारतीय सैन्य और सुरक्षा अधिकारियों के अलग-अलग समय पर दिए गए बयानों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन बयानों में विरोधाभास दिखाई देता है, जिससे चीन से जुड़े मामलों में सरकार की स्पष्ट नीति पर सवाल उठते हैं।

जयराम रमेश के मुताबिक, 4 जुलाई 2025 को सेना के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल राहुल सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान में चीन की भूमिका की प्रकृति और सीमा को लेकर सार्वजनिक रूप से जानकारी दी थी।

इसके करीब एक साल बाद 25 अगस्त 2026 को पूर्व चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने चीन की भूमिका को लेकर अलग आकलन पेश किया। रमेश का दावा है कि उनके बयान से संकेत मिला कि पाकिस्तान में चीन की भूमिका उतनी गहरी नहीं थी, जितनी पहले बताई गई थी।

अरुणाचल में चीनी घुसपैठ को लेकर भी उठाए सवाल

जयराम रमेश ने भारत-चीन सीमा पर घटनाओं को लेकर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के महानिदेशक शत्रुजीत सिंह के बयान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 22 अक्टूबर 2026 को अरुणाचल प्रदेश में चीन की घुसपैठ की प्रकृति और सीमा को लेकर बयान दिया गया था।

कांग्रेस नेता के अनुसार, अगले ही दिन विदेश मंत्रालय और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने इस बयान का खंडन किया। उन्होंने इसे चीन से जुड़े संवेदनशील मामलों में आधिकारिक बयानों के बीच विरोधाभास का उदाहरण बताया।

पूर्व सैन्य कमांडर ने भी उठाया सूचना नीति का मुद्दा

कांग्रेस महासचिव ने लेह स्थित 14वीं कोर के पूर्व कमांडर और सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल राकेश शर्मा के बयान का भी हवाला दिया। उन्होंने कहा कि राकेश शर्मा ने भारत-चीन सीमा के अलग-अलग हिस्सों में बार-बार होने वाली घटनाओं का उल्लेख करते हुए सरकार से स्पष्ट सूचना नीति बनाने की जरूरत बताई है।

जयराम रमेश ने कहा कि चीन से जुड़ी चुनौतियां केवल सीमा विवाद तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनका असर भारत की विदेश नीति, सुरक्षा और अर्थव्यवस्था पर भी पड़ रहा है।

उन्होंने केंद्र सरकार से इस मुद्दे पर पारदर्शिता बरतने और संसद में सूचित एवं सार्थक बहस की अनुमति देने की मांग की। कांग्रेस का कहना है कि चीन की चुनौती से निपटने के लिए राजनीतिक दलों के बीच साझा रणनीति जरूरी है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article