बिजनेस

रिटेल महंगाई अक्टूबर में बढ़कर 6.09% पर पहुंची, प्याज और नींबू के बढ़े दाम

महंगाई ने एक बार फिर आम आदमी की चिंता बढ़ा दी है। अक्टूबर में रिटेल महंगाई बढ़कर 6.09 प्रतिशत पर पहुंच गई। बीते महीने नींबू, प्याज और लहसुन के दाम बढ़ गए।

Image

रिटेल महंगाई दर अक्टूबर में बढ़कर 6.09% पर पहुंची (AI Generated Image)

अक्टूबर में रिटेल महंगाई दर बढ़कर 6.09 फीसदी पर पहुंच गई, जबकि सितंबर में यह 5.54 फीसदी थी। खासतौर पर प्याज के दाम में उछाल ने आम परिवारों का रसोई बजट प्रभावित किया है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में ऑल इंडिया कंज्यूमर फ़ूड प्राइस इंडेक्स (CFPI) पर आधारित खाद्य महंगाई दर 8.94 फीसदी रही, जो सितंबर के 7.74 फीसदी से अधिक है।

प्याज और लहसुन हुए महंगे

अक्टूबर में प्रमुख खाद्य वस्तुओं में प्याज सबसे अधिक महंगा हुआ। प्याज की कीमतों में सालाना आधार पर 116.22 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। सितंबर में यह दर 108.13 फीसदी थी। लहसुन की महंगाई भी सितंबर के 54.62 फीसदी से बढ़कर अक्टूबर में 60.74 फीसदी हो गई।

इसके अलावा, सब्जियों और मसालों के बढ़ते दामों ने भी चिंता बढ़ाई है। अदरक की कीमतों में 48.32 फीसदी और नींबू में 47.30 फीसदी की महंगाई दर्ज की गई। हालांकि, कुछ सब्जियों की कीमतों में गिरावट भी आई। अक्टूबर में आलू की कीमतें सालाना आधार पर 14.24 फीसदी सस्ती रहीं। सितंबर में यह गिरावट 11.52 फीसदी थी। फूलगोभी के दाम 10.57 फीसदी और नारियल के दाम 5.60 फीसदी घटे। बैंगन और पत्तागोभी की कीमतों में भी क्रमशः 3.34 फीसदी और 1.92 फीसदी की कमी दर्ज की गई।

ग्रामीण इलाकों में महंगाई का असर ज्यादा

आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में ग्रामीण क्षेत्रों की खुदरा महंगाई दर 6.63 फीसदी रही। शहरी इलाकों में यह 5.41 फीसदी दर्ज की गई। सितंबर में ग्रामीण महंगाई 6.08 फीसदी और शहरी महंगाई 4.88 फीसदी थी। खाद्य महंगाई के मामले में भी गांवों में बढ़ोतरी अधिक रही। ग्रामीण खाद्य महंगाई सितंबर के 8.06 फीसदी से बढ़कर अक्टूबर में 9.09 फीसदी हो गई। वहीं, शहरी खाद्य महंगाई 7.18 फीसदी से बढ़कर 8.68 फीसदी पर पहुंच गई।

कई राज्यों में महंगाई ऊंचे स्तर पर

बड़ी आबादी वाले राज्यों में तेलंगाना में महंगाई का स्तर अधिक रहा। यहां ग्रामीण महंगाई 8.05 फीसदी और शहरी महंगाई 6.68 फीसदी दर्ज की गई। तमिलनाडु में ये दरें क्रमशः 7.86 और 6.84 फीसदी रहीं। कर्नाटक में ग्रामीण महंगाई 7.54 फीसदी और शहरी महंगाई 6.60 फीसदी रही। मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में भी कीमतों का दबाव देखा गया।

खाद्य वस्तुओं के दाम बढ़ने से सीमित मासिक बजट वाले परिवारों को खर्चों में बदलाव करना पड़ सकता है और गैर-जरूरी खरीदारी टालनी पड़ सकती है। ऐसे समय में बजट बनाकर जरूरी सामान की खरीदारी मददगार हो सकता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article