देश

'निगरानी तंत्र को धार दें और सरप्राइज एलिमेंट की क्षमता बढ़ाएं', वायुसेना कमांडर्स कॉन्फ्रेंस में राजनाथ सिंह का आह्वान

रक्षा मंत्री ने कहा कि तेजी से बदलते सुरक्षा माहौल में निरंतर अनुकूलन और दूरदर्शी सैन्य तैयारियों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, हमारे रक्षा बलों को ऐसी क्षमताएं और तरीके विकसित करने होंगे कि दुश्मन को प्रतिक्रिया देने या संभलने का कोई समय न मिले...

Image

राजनाथ सिंह

Photo : PTI

Rajnath Singh: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को भारतीय सेना से आधुनिक युद्ध की बदलती प्रकृति से निपटने के लिए 'सरप्राइज एलिमेंट' (अचानक चौंकाने की रणनीति) के आक्रामक और रक्षात्मक, दोनों पहलुओं को मजबूत करने का आह्वान किया। वायुसेना कमांडर्स कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी खतरे को उभरने से पहले ही भांपने के लिए खुफिया और निगरानी तंत्र को लगातार सशक्त बनाने की जरूरत है।

दुश्मन को संभलने का मौका न मिले

रक्षा मंत्री ने कहा कि तेजी से बदलते सुरक्षा माहौल में निरंतर अनुकूलन और दूरदर्शी सैन्य तैयारियों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, हमारे रक्षा बलों को ऐसी क्षमताएं और तरीके विकसित करने होंगे कि दुश्मन को प्रतिक्रिया देने या संभलने का कोई समय न मिले, साथ ही हमें यह भी सुनिश्चित करना होगा कि हम खुद दुश्मन के किसी अप्रत्याशित कदम से कभी चौंके नहीं।

पारंपरिक युद्ध से आगे निकल चुके हैं आधुनिक संघर्ष

रूस-यूक्रेन और इजरायल-हमास संघर्षों का जिक्र करते हुए सिंह ने कहा कि ड्रोन और एयर डिफेंस सिस्टम आधुनिक युद्ध के महत्वपूर्ण हिस्से बनकर उभरे हैं। उन्होंने वायुसेना के कमांडरों से कामिकेज (आत्मघाती) ड्रोन, निगरानी और काउंटर-ड्रोन अभियानों जैसी उभरती चुनौतियों के लिए हमेशा तैयार रहने को कहा। उन्होंने भारतीय वायुसेना (IAF) से इलेक्ट्रॉनिक, साइबर और अंतरिक्ष जैसे युद्ध के नए क्षेत्रों के लिए समर्पित सिद्धांत और ढांचा विकसित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, भविष्य के युद्धों में जीत केवल विमानों की संख्या पर निर्भर नहीं करेगी, बल्कि तकनीकी श्रेष्ठता, प्रतिक्रिया की गति और तैयारियों की सटीकता पर निर्भर करेगी।

'ऑपरेशन सिंदूर' के लिए वायुसेना की सराहना

रक्षा मंत्री ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान और उसके बाद अपने सिद्धांतों और परिचालन तरीकों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए वायुसेना की सराहना की। उन्होंने वायु योद्धाओं द्वारा दिखाए गए संयम, सूझबूझ और पेशेवर रुख की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस ऑपरेशन से मिले सबक और तीनों सेनाओं के बीच दिखे तालमेल से रक्षा बलों में हो रहे सुधारों को नई दिशा मिल रही है।

अग्निवीरों का कार्यकाल और AI ऐप्स की लॉन्चिंग

अग्निवीरों को दिए गए दो साल के सेवा विस्तार पर राजनाथ सिंह ने स्पष्ट किया कि यह फैसला रक्षा बलों से मिले फीडबैक के आधार पर लिया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि अग्निवीरों का यह 'सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी' तीनों सेनाओं को और अधिक मजबूती देगा। साथ ही, उन्होंने युवा रंगरूटों की तकनीकी विशेषज्ञता का लाभ उठाने पर भी जोर दिया।

सम्मेलन के दौरान रक्षा मंत्री ने वायुसेना के 'एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' द्वारा इन-हाउस विकसित किए गए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एप्लिकेशन्स के एक सूट को भी लॉन्च किया। वायुसेना के सुरक्षित नेटवर्क पर तैनात ये ऐप संचालन, प्रशासन और एयरोस्पेस सुरक्षा से जुड़े कार्यों में तेजी और स्वचालन लाने में मदद करेंगे। (PTI)

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article