देश

आज शाम पांच बजे सुनेत्रा पवार लेंगी डिप्टी सीएम की शपथ, उधर बोले शरद पवार- मुझे जानकारी नहीं

महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी सीएम दिवंगत अजित पवार की पत्नी और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार आज शाम पांच बजे महाराष्ट्र की नई उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। इसके साथ ही वह राज्य की पहली महिला डिप्टी सीएम बनेंगी।

Image

सुनेत्रा पवार आज बनेंगी डिप्टी सीएम (फोटो- Facebook)

महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी सीएम दिवंगत अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार आज नए डिप्टी सीएम के तौर पर शपथ लेगी। आधिकारिक जानकारी के अनुसार सुनेत्रा पवार आज शाम पांच बजे डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगी। सुनेत्रा पवार, महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी सीएम होंगी। वहीं सुनेत्रा पवार के डिप्टी सीएम बनने पर अजित पवार के चाचा शरद पवार ने कहा कि वो इसके बारे में नहीं जानते हैं, उनकी पार्टी ने यह फैसला लिया होगा।

सुनेत्रा चुनी गईं विधायक दल की नेता

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख अजित पवार के निधन के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री के रूप में उनका स्थान लेने की तैयारी के तहत उनकी पत्नी एवं राज्यसभा सदस्य सुनेत्रा पवार शनिवार को मुंबई पहुंच गईं। वह अपने बेटे पार्थ के साथ तड़के दक्षिण मुंबई स्थित अजित पवार के आधिकारिक आवास देवगिरि पहुंचीं। सुनेत्रा महाराष्ट्र विधानमंडल के किसी भी सदन की सदस्य नहीं हैं। वह शनिवार दोपहर मुंबई में होने वाली बैठक में राकांपा की विधायक दल की नेता चुनी गईं।

भाजपा ने क्या कहा

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति का नेतृत्व करने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिवंगत अजित पवार के परिवार और उनकी पार्टी द्वारा लिए गए हर फैसले का समर्थन करेगी। फडणवीस ने नागपुर में संवाददाताओं से शुक्रवार को कहा था, ‘‘राकांपा उपमुख्यमंत्री पद के लिए जो भी फैसला लेगी, सरकार और भाजपा उस फैसले का समर्थन करेंगे। मैं सिर्फ इतना कह सकता हूं कि हम अजित दादा के परिवार और राकांपा के साथ खड़े हैं।’’

जब सुप्रिया सुले से हार गई थीं सुनेत्रा पवार

सुनेत्रा पवार 2024 के लोकसभा चुनाव तक सुर्खियों से दूर रहीं। उसी वर्ष हुए आम चुनाव में उन्होंने अपने पति की पार्टी की उम्मीदवार के रूप में बारामती लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा लेकिन प्रतिष्ठा की लड़ाई में अपनी ननद एवं राकांपा (शरदचंद्र पवार) उम्मीदवार सुप्रिया सुले से हार गईं। इसके बाद सुनेत्रा पवार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुईं।

शरद पवार को जानकारी नहीं

सुनेत्रा पवार के महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने संबंधी खबरों के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार ने इस घटनाक्रम से स्वयं को अलग करते हुए शनिवार को कहा कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है। पवार ने बारामती में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें शपथ ग्रहण के बारे में मीडिया में प्रसारित खबरों से पता चला। जब उनसे पूछा गया कि क्या पवार परिवार से कोई समारोह में शामिल होगा, तो उन्होंने कहा, ‘‘हमें शपथ ग्रहण के बारे में पता नहीं है। हमें खबरों से इसकी जानकारी मिली। शपथ ग्रहण के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है।’’ उन्होंने कहा कि यह फैसला राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने ही लिया होगा। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोगों जैसे प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे ने पहल की। इन लोगों ने शायद कुछ तय किया होगा।’’

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article