अजित पवार के प्लेन हादसे में निधन के बाद अब उस घटना के एक प्रत्यक्षदर्शी ने मीडिया के सामने पूरा मंजर बयां किया है। शख्स ने कहा कि उसकी आंखों के सामने ही अजित पवार का प्लेन क्रैश हुआ था और उसमें कई धमाके हुए थे। लोगों ने घायलों को निकालने की कोशिश की थी, लेकिन आग इतनी ज्यादा थी कि निकाल नहीं पाए।
अजित पवार प्लेन क्रैश के गवाह ने और क्या-क्या कहा
अजित पवार का प्लेन जहां क्रैश हुआ है, वहां मौजूद रहे एक शख्स ने न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए कहा कि मेरी आंखों के सामने अजित पवार का प्लेन क्रैश हुआ। शख्स ने कहा- "मैंने यह अपनी आंखों से देखा। यह सच में बहुत दुखद है। जब विमान नीचे आ रहा था, तो ऐसा लगा कि यह क्रैश हो जाएगा, और यह क्रैश हो गया। फिर इसमें धमाका हुआ। बहुत बड़ा धमाका हुआ। उसके बाद, हम यहां भागे और देखा कि विमान में आग लगी हुई थी। विमान में फिर से 4-5 धमाके हुए। और लोग यहां आए और उन्होंने लोगों को (विमान से) बाहर निकालने की कोशिश की। लेकिन क्योंकि यह बहुत बड़ी आग थी, इसलिए लोग मदद नहीं कर पाए। अजित पवार विमान में सवार थे और यह हमारे लिए बहुत दुखद है। मैं इसे शब्दों में बयान नहीं कर सकता..."
कहां क्रैश हुआ अजित पवार का प्लेन
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चालक दल के दो सदस्यों सहित पांच लोगों को ले जा रहा एक विमान बुधवार को बारामती हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस घटना में विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के अधिकारियों की एक टीम दुर्घटनास्थल की ओर रवाना हो रही है। उन्होंने बताया कि हादसे के वक्त ‘लीयरजेट 45’ विमान में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार, दो अन्य कर्मी (एक पीएसओ और एक परिचारक) और चालक दल के दो सदस्य (पायलट-इन-कमांड और प्रथम अधिकारी) समेत पांच लोग सवार थे।
