बिजनेस

Nvidia के CEO जेन्सेन हुआंग पर लगा एक और एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का आरोप, वह हैं कंपनी की वाइस प्रेसिडेंट

Jensen Huang Affair News: एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग पर हेल्थकेयर वीपी किम्बर्ली पॉवेल के साथ अफेयर का आरोप लगा है। कंपनी के बोर्ड ने इस मामले की स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है।

Image

किम्बर्ली पॉवेल कौन हैं? एनवीडिया के जेन्सेन हुआंग के दूसरे अफेयर से जुड़ा नाम (तस्वीर-X)

Jensen Huang Affair News : दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया (Nvidia) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेन्सेन हुआंग एक बार फिर अपने निजी रिश्तों को लेकर सुर्खियों और विवादों में घिर गए हैं। एक ताजा मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 63 वर्षीय जेन्सेन हुआंग का कंपनी की ही एक सीनियर अधिकारी, किम्बर्ली पॉवेल (48) के साथ विवाहेतर संबंध (एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर) रहा है। किम्बर्ली पॉवेल एनवीडिया में हेल्थकेयर विभाग की वाइस प्रेसिडेंट हैं। 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' की इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद कॉर्पोरेट जगत और तकनीकी दुनिया में हलचल तेज हो गई है। रिपोर्ट में एनवीडिया के पांच पूर्व और मौजूदा कर्मचारियों के हवाले से बताया गया है कि हुआंग और पॉवेल के इस रिश्ते को लेकर कंपनी के भीतर भी काफी चर्चा होती रही है। गौरतलब है कि जेन्सेन हुआंग और किम्बर्ली पॉवेल दोनों ही पहले से शादीशुदा हैं।

होटल के वीडियो और सुरक्षाकर्मियों की भूमिका पर उठे सवाल

रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले से जुड़े दो सूत्रों ने दावा किया है कि मार्च महीने में कैलिफोर्निया के सैन जोस में एनवीडिया के सालाना 'जीटीसी' सम्मेलन के दौरान दोनों को एक होटल में बेहद करीब और एक-दूसरे के प्रति स्नेह जताते हुए देखा गया था। इस पूरे घटनाक्रम को वहां मौजूद एक राहगीर ने अपने मोबाइल फोन के कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया था। हालांकि, अखबार ने स्पष्ट किया है कि उसने यह वीडियो खुद नहीं देखा है। मिंट में छपी रिपोर्ट के मुताबिक इस घटना की जानकारी रखने वाले तीन अन्य लोगों ने बताया कि जब जेन्सेन हुआंग के निजी सुरक्षाकर्मियों की नजर वीडियो बनाने वाले व्यक्ति पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत उसे घेर लिया और बाकी लोगों से अलग कर दिया। इतना ही नहीं, मामले को दबाने के लिए उस व्यक्ति को एक 'नॉन-डिस्क्लोजर एग्रीमेंट' (NDA) यानी गोपनीयता समझौते पर हस्ताक्षर करने का प्रस्ताव भी दिया गया, ताकि यह बात बाहर न आ सके। जब अखबार ने इस कथित रिश्ते पर प्रतिक्रिया लेने के लिए जेन्सेन हुआंग से संपर्क किया, तो उन्होंने बेहद संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा कि मुझे नहीं लगता कि आपको मुझसे सीधे बात करनी चाहिए और फोन काट दिया। दूसरी ओर, एनवीडिया ने इस मामले पर किसी भी तरह की टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है, जबकि किम्बर्ली पॉवेल की तरफ से भी कोई जवाब नहीं आया है। फिलहाल इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

कौन हैं किम्बर्ली पॉवेल?

किम्बर्ली पॉवेल एनवीडिया की सबसे प्रभावशाली और वरिष्ठ अधिकारियों में गिनी जाती हैं। उन्होंने साल 2008 में कंपनी के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी और वर्तमान में वे वैश्विक स्तर पर एनवीडिया के हेल्थकेयर व्यवसाय का नेतृत्व कर रही हैं। कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक, पॉवेल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), एक्सेलरेटेड कंप्यूटिंग और विजुअलाइजेशन से जुड़े हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म की जिम्मेदारी संभालती हैं। इन तकनीकों का इस्तेमाल मेडिकल इमेजिंग, जीवन विज्ञान (लाइफ साइंसेज), नई दवाओं की खोज और हेल्थकेयर एनालिटिक्स जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में किया जाता है। एनवीडिया में शामिल होने के शुरुआती दिनों में पॉवेल ने मेडिकल इमेजिंग उपकरणों के लिए कंपनी के ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट्स (GPU) को स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई थी। इसके बाद उन्होंने उच्च शिक्षा, अनुसंधान व्यवसाय, 'एनवीडिया एआई लैब्स' और एआई स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने वाले 'इन्सेप्शन' कार्यक्रम का भी सफलतापूर्वक नेतृत्व किया। उनके शानदार काम को देखते हुए साल 2016 में उन्हें एआई बिजनेस डेवलपमेंट का सीनियर डायरेक्टर बनाया गया और 2017 में वे हेल्थकेयर विभाग की वाइस प्रेसिडेंट बनीं। वे अक्सर एनवीडिया के बड़े तकनीकी सम्मेलनों में मंच से स्वास्थ्य और जैविक अनुसंधान में एआई की भूमिका पर अपने विचार रखती नजर आती हैं।

विदेशी खुफिया एजेंसी के जाल में फंसने का भी संदेह

किम्बर्ली पॉवेल से जुड़ा यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है, जब जेन्सेन हुआंग पहले से ही एक अन्य महिला के साथ अपने संबंधों को लेकर जांच के दायरे में हैं। इससे पहले 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' ने ही अपनी एक रिपोर्ट में खुलासा किया था कि सिंगापुर स्थित क्लाउड कंपनी 'मेगास्पीड' की चीनी अधिकारी एलिस हुआंग के साथ जेन्सेन के काफी करीबी रिश्ते थे। अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को संदेह है कि एलिस हुआंग चीन की एक खुफिया एजेंट हो सकती हैं। हालांकि, किम्बर्ली पॉवेल और एलिस हुआंग का आपस में कोई संबंध नहीं है।

इन गंभीर आरोपों के बीच, बीते 8 नवंबर को जेन्सेन हुआंग ने एनवीडिया के कर्मचारियों को एक आंतरिक संदेश भेजकर अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई की बात स्वीकार की थी। उन्होंने अपने मैसेज में लिखा था कि मैं अपनी पत्नी के प्रति वफादार नहीं रहा। मेरी हरकतों से उन्हें और मेरे बच्चों को गहरा दुख पहुंचा है। मैंने जो किया उसके लिए कोई बहाना नहीं हो सकता और मैं इसके लिए दिल से शर्मिंदा हूं।

हालांकि, उस मैसेज में उन्होंने किसी महिला का नाम नहीं लिया था, लेकिन बाद में 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' और 'फाइनेंशियल टाइम्स' ने एलिस हुआंग के नाम का खुलासा किया। इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए एनवीडिया के निदेशक मंडल (बोर्ड) ने एक स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या कंपनी के सीईओ किसी विदेशी खुफिया अभियान का निशाना बने थे। इस जांच की निगरानी के लिए प्रतिष्ठित कानूनी फर्म 'वाचटेल, लिप्टन, रोसेन एंड काट्ज' को नियुक्त किया गया है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article