ChatGPT इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए वॉइस फीचर में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। OpenAI 11 दिसंबर से ChatGPT के पुराने Advanced Voice और Standard Voice Mode को बंद करने वाली है। इसके बाद यूजर्स को AI से बात करने के लिए नए Live Voice Mode का इस्तेमाल करना होगा। कंपनी का कहना है कि इस बदलाव से वॉइस में बातचीत करना पहले से ज्यादा आसान और नेचुरल हो जाएगा।
अच्छी बात यह है कि पुराने वॉइस मोड में की गई बातचीत डिलीट नहीं होगी। यूजर्स की पुरानी चैट हिस्ट्री पहले की तरह सुरक्षित रहेगी और वे अपनी पुरानी बातचीत को आगे भी जारी रख सकेंगे।
11 दिसंबर से बंद हो जाएंगे पुराने Voice Mode
OpenAI के मुताबिक, 11 दिसंबर से ChatGPT में Advanced Voice और Standard Voice का विकल्प हटा दिया जाएगा। यानी इस तारीख के बाद यूजर्स सेटिंग्स में जाकर इन दोनों पुराने मोड को नहीं चुन पाएंगे। जो लोग अभी इन दोनों में से किसी एक वॉइस मोड का इस्तेमाल कर रहे हैं, वे अपने आप Live Voice Mode पर शिफ्ट हो जाएंगे। इसके लिए यूजर्स को अलग से कोई सेटिंग बदलने की जरूरत नहीं होगी।
कंपनी का कहना है कि पुराने विकल्पों को हटाने का मकसद वॉइस फीचर को आसान बनाना है। साथ ही, OpenAI अब अपना पूरा ध्यान GPT-Live को और बेहतर बनाने पर लगाना चाहती है।
जुलाई में पेश किया गया था GPT-Live
OpenAI ने जुलाई में GPT-Live को अपना नया वॉइस मॉडल पेश किया था। इसे इस तरह तैयार किया गया है कि यूजर्स AI से बिल्कुल आम बातचीत की तरह बात कर सकें। कंपनी का दावा है कि GPT-Live आने के बाद ChatGPT के वॉइस फीचर का इस्तेमाल लगभग दोगुना हो गया है। इतना ही नहीं, ज्यादातर वॉइस यूजर्स नए मॉडल पर शिफ्ट भी हो चुके हैं।
OpenAI अब पुराने वॉइस मोड इस्तेमाल करने वाले लोगों से मिले फीडबैक के आधार पर नए मॉडल को बेहतर बनाएगी। कंपनी खासतौर पर AI के जवाबों को ज्यादा जानकारी वाला बनाने, बातचीत के दौरान पुरानी बातों को याद रखने और यूजर की पसंद के हिसाब से जवाब देने पर काम करेगी।
Voice Mode से कैसे अलग है Live Voice?
Live Voice की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह एक ही समय पर यूजर की बात सुन भी सकता है और जवाब भी दे सकता है। यानी अब यूजर को अपनी पूरी बात खत्म करने और फिर AI के जवाब का इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी। इसमें बातचीत के दौरान AI बीच-बीच में 'हम्म' या 'हां' जैसे छोटे जवाब भी दे सकता है। इससे ऐसा महसूस होता है कि सामने वाला आपकी बात ध्यान से सुन रहा है।
अगर यूजर कुछ सोचने के लिए रुकता है, तो AI भी जरूरत पड़ने पर चुप रह सकता है। वहीं, किसी सवाल का जल्दी जवाब देना हो तो यह बिना ज्यादा इंतजार कराए जवाब दे सकता है। इससे बातचीत पहले के मुकाबले ज्यादा सहज और इंसानों जैसी लगती है।
कठिन सवाल के जवाब भी देता है Live Voice
Live Voice सिर्फ सामान्य बातचीत तक सीमित नहीं है। यह मुश्किल सवालों और बड़े टास्क को भी संभाल सकता है। इसके लिए यह बैकग्राउंड में OpenAI के एडवांस्ड टेक्स्ट मॉडल की मदद लेता है। इसका फायदा यह है कि अगर यूजर कोई मुश्किल सवाल पूछता है या ऐसा काम देता है जिसमें ज्यादा जानकारी की जरूरत है, तब भी वॉइस बातचीत जारी रह सकती है। यानी यूजर को हर बार वॉइस चैट छोड़कर टेक्स्ट मोड में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
Advanced और Standard Voice कैसे काम करते है?
- पुराने Advanced और Standard Voice Mode का काम करने का तरीका नए Live Voice से काफी अलग था।
- Advanced Voice: इस मोड में ऑडियो को समझने और जवाब देने के लिए एक ही तरह के ऑडियो मॉडल का इस्तेमाल होता था। लेकिन इसमें AI तभी जवाब तैयार करना शुरू करता था, जब यूजर अपनी बात पूरी कर लेता था।
- Standard Voice: यह मोड तीन अलग-अलग मॉडल की मदद से काम करता था। सबसे पहले एक मॉडल यूजर की आवाज को टेक्स्ट में बदलता था। इसके बाद दूसरा मॉडल उस सवाल का जवाब तैयार करता था। आखिर में तीसरा मॉडल उस जवाब को दोबारा आवाज में बदलकर यूजर तक पहुंचाता था।
- वहीं, Live Voice इन सभी प्रक्रियाओं को एक साथ संभाल सकता है। यही वजह है कि इसमें बातचीत ज्यादा तेज और आसान हो जाती है।
क्या पुरानी Voice Chat हिस्ट्री डिलीट हो जाएगी?
नहीं, पुराने वॉइस मोड बंद होने का असर आपकी सेव की गई बातचीत पर नहीं पड़ेगा। OpenAI ने साफ किया है कि Advanced और Standard Voice के जरिए की गई पुरानी चैट ChatGPT की हिस्ट्री में बनी रहेगी। यूजर्स इन चैट को दोबारा खोल सकते हैं और टेक्स्ट या वॉइस के जरिए बातचीत आगे बढ़ा सकते हैं। यानी पुराने वॉइस विकल्प हटेंगे, लेकिन उनसे जुड़ी पुरानी बातचीत सुरक्षित रहेगी।
