Sunetra Pawar Oath Ceremony: राज्यसभा सदस्य सुनेत्रा पवार ने शनिवार को महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण की। राजभवन में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने सुनेत्रा पवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह के मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, एनसीपी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल पटेल सहित कई अन्य नेता और अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान, 'अजित दादा अमर रहे' के नारे भी लगे
PM मोदी ने दी बधाई
पीएम मोदी ने शनिवार को महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण करने पर सुनेत्रा पवार को शुभकामनाएं दीं। मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''सुनेत्रा पवार जी को महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री के तौर पर अपना कार्यकाल शुरू करने पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं, वह इस जिम्मेदारी को संभालने वाली पहली महिला हैं। मुझे विश्वास है कि वह राज्य के लोगों की भलाई के लिए अथक प्रयास करेंगी और दिवंगत अजितदादा पवार के 'विजन' को पूरा करेंगी।''
NCP विधायक दल की नेता
इससे पहले, सुनेत्रा पवार को उनके पति व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के तीन दिन बाद शनिवार को सर्वसम्मति से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के विधायक दल की नेता चुना गया।
कौन हैं सुनेत्रा पवार?
सुनेत्रा पवार का राजनीति से वास्ता कोई नया नहीं है। बचपन से ही उन्हें परिवार में राजनीतिक माहौल देखने और समझने को मिला। उनके पिता बाजीराव पाटिल का क्षेत्रीय राजनीति में अच्छा खासा कद रहा और उनके भाई पद्मसिंह बाजीराव पाटिल ने 1980 के दशक में जिला राजनीति में अपना नाम बना लिया था।
सुनेत्रा पवार ने 2024 का लोकसभा चुनाव बारामती सीट से लड़ा था, लेकिन उन्हें अपनी ननद और एनसीपी (एसपी) की मौजूदा सांसद सुप्रिया सुले से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद सुनेत्रा पवार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुईं।
NCP विधायक दल की बैठक
एनसीपी विधायक दल की नेता के रूप में सुनेत्रा पवार के नाम का प्रस्ताव वरिष्ठ नेता दिलीप वालसे पाटिल ने रखा और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने इसका समर्थन किया। दक्षिण मुंबई में विधान भवन परिसर के भूतल पर स्थित दिवंगत अजित पवार के कार्यालय में विधायक दल की बैठक हुई।
बैठक के दौरान सुनेत्रा पवार ने अपने दिवंगत पति की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। उनके छोटे बेटे जय भी इस अवसर पर मौजूद थे। विधान भवन परिसर में प्रवेश करते समय कई मंत्री और विधायक भावुक दिखाई दिए। सनद रहे कि बारामती में 28 जनवरी को हुई एक विमान दुर्घटना में उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री रहे अजित पवार का निधन हो गया। मृतकों में उनके निजी सुरक्षा अधिकारी, एक फ्लाइट अटेंडेंट और दो पायलट शामिल थे।
