देश

9 साल के निचले स्तर पर चीनी का भंडार! खरगे बोले- विदेश से आयात तो E20 नीति की समीक्षा क्यों नहीं?

Sugar Crisis News: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) ने त्योहारों से पहले चीनी की कीमत में ’’बढ़ोतरी’’ और देश में चीनी का भंडार कथित तौर पर कम होने को लेकर केंद्र सरकार पर शनिवार को निशाना साधा।

Image

चीनी की कमी पर मल्लिकार्जुन खरगे ने सरकार को घेरा (फोटो-PTI)

Sugar Crisis News: त्योहारों के मौसम से पहले चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी और देश में इसके घटते भंडार को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया है कि चीनी का भंडार नौ साल के निचले स्तर पर पहुंच गया है और देश को 10 लाख टन चीनी शुल्क-मुक्त आयात करने की जरूरत पड़ रही है। खरगे ने सवाल उठाया कि जब घरेलू स्तर पर चीनी की कमी की स्थिति बन रही है, तो पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण यानी E20 नीति के तहत गन्ने और अनाज के इस्तेमाल की समीक्षा क्यों नहीं की जा रही। उन्होंने त्योहारों से पहले बढ़ती कीमतों के असर को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा है।

खरगे का सरकार पर हमला

खरगे ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि देश में चीनी का भंडार नौ साल के निचले स्तर पर पहुंच गया है और 10 लाख टन चीनी का शुल्क-मुक्त आयात करने की नौबत आ गई है। उन्होंने सवाल किया, ’’दुनिया के बड़े चीनी उत्पादक और निर्यातक भारत में आज चीनी का भंडार नौ साल के निचले स्तर पर क्यों है? नौबत निर्यात रोकने और 10 लाख टन चीनी का शुल्क-मुक्त आयात करने तक कैसे पहुंच गई?’’

'तीन महीने में चीनी करीब 40 प्रतिशत महंगी'

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि तीन महीने में चीनी करीब 40 प्रतिशत महंगी हो गई है और सरकार को इसका जवाब देना चाहिए कि त्योहारों से पहले जनता पर पड़ने वाली इस महंगाई की मार के लिए कौन जिम्मेदार है। खरगे ने देश में चीनी की कथित कमी के बीच एथेनॉल नीति पर भी सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि जब सरकार विदेश से चीनी मंगा रही है, तो पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण (ई20) के लिए गन्ने और अनाज को इस्तेमाल करने की नीति की समीक्षा क्यों नहीं की जा रही।

"ये कैसा ’आत्मनिर्भर भारत’ है?’’

खरगे ने अपनी पोस्ट में कहा, ’’पहले चीनी का उत्पादन घटा, फिर भंडारण नौ साल के निचले स्तर पर पहुंचा, अब हम विदेश से चीनी आयात कर रहे हैं और दूसरी तरफ गन्ने को पेट्रोल में मिलाने के लिए एथेनॉल में झोंक रहे हैं!’’

कांग्रेस अध्यक्ष ने इन मुद्दों के जरिए केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि त्योहारों के मौसम में चीनी की कीमतों में वृद्धि का बोझ आम लोगों पर पड़ रहा है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article