देश

जो राज्य PNG कनेक्शन बढ़ायेंगे उन्हें 10 प्रतिशत अतिरिक्त कमर्शियल LPG दी जाएगी, कच्चे तेल की स्थिति थोड़ी मुश्किल पर...' सरकार ने बताया

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव, सुजाता शर्मा ने कहा कच्चे तेल की स्थिति थोड़ी मुश्किल है, लेकिन रिफाइनरी का काम सामान्य चल रहा है। रिटेल आउटलेट भी सामान्य रूप से काम कर रहे हैं।आमतौर पर PNG और CNG की 100 प्रतिशत सप्लाई सुनिश्चित की जाती है।

Image

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव, सुजाता शर्मा

प्रेस ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव, सुजाता शर्मा ने कहा, 'कल भारत सरकार ने सभी राज्य सरकारों को एक और पत्र लिखा, जिसमें उनसे कालाबाज़ारी और जमाखोरी को रोकने के लिए सभी ज़रूरी कदम उठाने और जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जाए, वहां कानून के तहत कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया। हमारी राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार, लगभग 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। इसके अलावा, लगभग 25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में जिला-स्तरीय निगरानी समितियां भी गठित की गई हैं।'

उन्होंने आगे कहा, 'भारत सरकार ने कहा है कि जो भी राज्य सरकारें PNG नेटवर्क के विस्तार में सहयोग करेंगी, उन्हें 10 प्रतिशत अतिरिक्त कमर्शियल LPG दी जाएगी। इन सभी पहलों और प्रयासों के कारण, पिछले दो हफ्तों में लगभग 1.25 लाख नए घरेलू, कमर्शियल और औद्योगिक कनेक्शन दिए गए हैं।

ऑनलाइन बुकिंग बढ़कर 94 प्रतिशत हो गई है

LPG के संबंध में कहा कि चल रहे युद्ध के कारण स्थिति चिंता का विषय बनी हुई है; हालांकि, किसी भी डिस्ट्रीब्यूटरशिप पर स्टॉक खत्म होने की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। ऑनलाइन बुकिंग बढ़कर 94 प्रतिशत हो गई है। इसके अलावा, लगभग 83 प्रतिशत रिफिल डिलीवरी 'डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड' के माध्यम से की जा रही हैं। घबराहट में की जाने वाली बुकिंग में कमी आई है, और कल लगभग 57 लाख रिफिल बुकिंग प्राप्त हुईं। LPG सिलेंडर की डिलीवरी सामान्य रूप से चल रही है।

'उपभोक्ताओं से अपील कि वे LPG से PNG पर शिफ्ट हो जाएं'

संयुक्त सचिव ने कहा कि हम उपभोक्ताओं से लगातार अपील कर रहे हैं कि वे LPG से PNG पर शिफ्ट हो जाएं। सरकार और संबंधित एजेंसियां इस दिशा में काम कर रही हैं। हम 24 घंटे के भीतर अप्रूवल दे रहे हैं।

'पैनिक बुकिंग में कमी आई है'

उन्होंने कहा कि LPG की स्थिति थोड़ी चिंताजनक है, लेकिन किसी भी रिफाइनरी में स्टॉक खत्म होने की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। पैनिक बुकिंग (घबराहट में की जाने वाली बुकिंग) में कमी आई है। कल हमें LPG रिफिलिंग के लिए 57 लाख रिक्वेस्ट मिलीं।

'कालाबाजारी और जमाखोरी को रोका जाए'

सभी राज्यों को कमर्शियल गैस की सप्लाई उपलब्ध करा दी गई है। 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने अतिरिक्त केरोसिन वितरण के आदेश जारी किए हैं। सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने में राज्य सरकारों की अहम भूमिका है। कल सरकार ने सभी राज्य सरकारों को पत्र लिखकर अनुरोध किया कि कालाबाजारी और जमाखोरी को रोका जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

'ऑनलाइन बुकिंग करें और फिर डिलीवरी का इंतजार करें'

UP में 1100 छापे मारे गए, 1000 सिलेंडर जब्त किए गए और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। MP में 2500 सिलेंडर जब्त किए गए।

उन्होंने आगे कहा कि मैं एक बार फिर दोहराना चाहूंगी कि सरकार यह सुनिश्चित करने की पूरी कोशिश कर रही है कि उपभोक्ताओं को LPG सिलेंडर मिलते रहें। अफवाहों पर ध्यान देने की कोई जरूरत नहीं है। ऑनलाइन बुकिंग करें और फिर डिलीवरी का इंतजार करें।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article