क्रिकेट

ACC U19 Asia Cup 2026 Champion: पाकिस्तान रोमांचक फाइनल में एक विकेट से हराकर नौवीं बार अंडर-19 एशिया कप चैंपियन बना भारत

भारत ने पाकिस्तान को अंडर 19 एशिया कप 2026 के रोमांचक फाइनल मुकाबले में एक विकेट के करीबी अंतर से पटखनी देकर नौवीं बार खिताब अपने नाम कर लिया है। मनल चौहान और मोहित उल्वा ने पाकिस्तान के जबड़े से जीत छीन ली।

Image

एसीसी अंडर-19 एशिया कप 2026 का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम (फोटो क्रेडिट Sony LIV Screen Grab)

अल अमेरात (ओमान): सलामी बल्लेबाजों लक्ष्य रायचंदानी (80) और आर्यवीर सहवाग (58) के अर्धशतकों के बाद निचले क्रम के बल्लेबाजों मोहित उल्वा (नाबाद 49) और मनल चौहान (47) के बीच नौवें विकेट की 57 रन की साझेदारी से भारत ने बेहद रोमांचक फाइनल में गत चैंपियन पाकिस्तान को अंतिम गेंद पर एक विकेट से हराकर नौवीं बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब जीत लिया।

मोहित उल्वा और मनल चौहान ने पलटी हारी बाजी

पाकिस्तान के 338 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम कप्तान रायचंदानी और आर्यवीर के बीच पहले विकेट की 95 रन की साझेदारी से एक विकेट पर 146 रन बनाकर अच्छी स्थिति में थी। हालांकि इसके बाद 42वें ओवर तक पाकिस्तान ने भारत का स्कोर आठ विकेट पर 252 रन कर दिया। मोहित ने इसके बाद मनल के साथ मिलकर भारत को वापसी दिलाई और अहमद हुसैन की मैच की अंतिम गेंद पर चौका जड़कर भारत को नौ विकेट पर 339 रन तक पहुंचाकर जीत दिला दी। मनल ने 32 गेंद की अपनी पारी में तीन चौके और तीन छक्के मारे जबकि मोहित ने 26 गेंद का सामना करते हुए पांच चौके और तीन छक्के जड़े।

पाकिस्तान ने बनाए 9 विकेट पर 337 रन

पाकिस्तान ने इससे पहले सलामी बल्लेबाज उस्मान खान (107) के शतक और अब्दुल कादिर (80) के साथ उनकी 18 ओवर में 135 रन की साझेदारी की बदौलत नौ विकेट पर 337 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। कप्तान फरहान यूसुफ ने भी 63 गेंद में 60 रन की पारी खेली। भारत की ओर से तेज गेंदबाज काव्य पटेल ने 68 रन पर चार जबकि सी वेंकट ने 40 रन देकर तीन विकेट झटके।

रायचंदानी और सहवाग ने दी अच्छी शुरुआत

लक्ष्य का पीछा करने उतरे भारत को कप्तान रायचंदानी और आर्यवीर ने पहले विकेट के लिए 17.4 ओवर में 95 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत दिलाई। आर्यवीर ने हाथ में गेंद लगने के बावजूद बल्लेबाजी जारी रखी और रिजवानुल्लाह (53 रन पर तीन विकेट) की गेंद पर एक रन के साथ 51 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। आर्यवीर हालांकि निकाब शफीक (57 रन पर दो विकेट) की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में उस्मान खान को कैच दे बैठे। उन्होंने 61 गेंद का सामना करते हुए नौ चौके मारे।

एक छोर थामे रहे कप्तान रायचंदानी

रायचंदानी ने इसके बाद वीके विनीत (24) के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। कप्तान ने हसनैन अब्बास डार की गेंद पर एक रन के साथ 72 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। रिजवानुल्लाह ने विनीत को उस्मान के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा और फिर अर्जुन राजपूत (16) को भी विकेटकीपर हमजा जहूर के हाथों कैच कराया। डार ने यशबर्धन चौहान (09) की पारी का अंत किया जबकि रायचंदानी और अन्वय द्रविड़ (19) के विकेट लगातार गेंदों पर गंवाने से भारत संकट में घिर गया। रायचंदानी ने 101 गेंद का सामना करते हुए पांच चौके मारे।

अंतिम 10 ओवर में भारत को बनाने थे 90 रन

भारत को अंतिम 10 ओवर में 90 रन की दरकार थी। आर्यन सवसानी (09) और काव्य (00) भी अधिक देर नहीं टिक सके। मनल और मोहित ने इसके बाद भारत को वापसी दिलाई। मनल ने मोहम्मद सैयम पर दो छक्के मारे जबकि मोहित ने रिजवानुल्लाह की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया। मोहित ने अली रजा पर भी छक्का जड़ा। निकाब ने मनल को उस्मान के हाथों कैच कराके भारत को बड़ा झटका दिया लेकिन मोहित ने सी वेंकट (नाबाद 11) के साथ मिलकर भारत को खिताब दिला दिया।

उस्मान ने 106 गेंद में जड़ा शतक

इससे पहले उस्मान ने अपने सलामी जोड़ीदार हयाम खान (21) के साथ महज 8.1 ओवर में 62 रन की तेज साझेदारी की। उस्मान ने 106 गेंद में शतक पूरा किया और तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे कादिर के साथ मिलकर बीच के ओवरों में दबदबा बनाया। कादिर ने महज 54 गेंद में 80 रन बनाए और 39 गेंद में अपना पहला युवा एकदिवसीय अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने बाएं हाथ के स्पिनर मनल चौहान और ऑफ स्पिनर यशवर्धन चौहान की गेंदों पर लगातार दो छक्के भी जड़े।

फहरान यूसुफ ने पाकिस्तान को पहुंचाया 300 रन के पार

कादिर की आक्रामक पारी का अंत तब हुआ जब अर्जुन राजपूत की गेंद पर उनका ड्राइव कवर पर खड़े वीके विनीत के हाथों में चला गया। उस्मान भी इसके बाद अधिक देर तक नहीं टिक सके। तेज गेंदबाज काव्या पटेल की गेंद पर शॉर्ट मिड ऑफ पर राजपूत ने उनका कैच लपका। पाकिस्तान का स्कोर 36 ओवर के बाद तीन विकेट पर 240 रन था और टीम ने भारत के खिलाफ बड़े स्कोर की मजबूत नींव रख दी थी। कप्तान फरहान यूसुफ ने 63 गेंद में 60 रन की पारी खेलकर पाकिस्तान को 300 रन के पार पहुंचाया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article