Sonam Wangchuk Hunger Strike: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल में बैठे कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का ब्लड शुगर लेवल लगातार गिर रहा है। अनशन के पांचवें दिन वांगचुक का ब्लड प्रेशर (BP) भी निम्न बना रहा। इस बीच, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने वांगचुक के सेहत की जानकारी देते हुए कहा कि अगर उन्हें कुछ भी होता है तो इसके लिए सरकार जिम्मेदार होगी।
दीपके ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''सोनम वांगचुक का स्वास्थ्य लगातार बिगड़ रहा है। उनका ब्लड शुगर लेवल गिरकर 60 हो गया है और बीपी भी बहुत कम है। यदि सोनम सर को कुछ भी होता है तो इसके लिए सरकार जिम्मेदार होगी।" साथ ही दीपके ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की अपनी मांग भी दोहराई।
कैसी है वांगचुक की सेहत?
भूख हड़ताल पर वांगचुक को बैठे चार दिन पूरे हो चुके हैं और पांचवें दिन भी वह अपनी पूरी ताकत के साथ जंतर-मंतर पर डटे हुए हैं। बीते दिनों वांगचुक के सेहत की जांच करने वाले डॉ. नितिन दिघे ने बताया था कि उनका 2.4 किलोग्राम वजन कम हो गया है और लगातार उनकी सेहत बिगड़ती जा रही है। डॉ. दिघे ने बुधवार को बताया था कि वांगचुक का ब्लड प्रेशर 110/70, हृदय गति 77 धड़कन प्रति मिनट और रक्त में ऑक्सीजन का स्तर 96 प्रतिशत दर्ज किया गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: भूख हड़ताल में बैठे सोनम वांगचुक की कैसी है तबीयत? नहीं खा रहे खाना, दो किलो कम हो गया वजन; डॉक्टर ने दिया पूरा अपडेट
इस बीच, सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने 'कॉकरोचों के साथ चाय पर चर्चा' पहल की घोषणा की जिसका मकसद प्रदर्शनकारियों से आंदोलन का विस्तार करने के बारे में सुझाव लेना है। उन्होंने कहा कि हम यह जानना चाहते हैं कि हम इस आंदोलन को और बेहतर तथा बड़ा कैसे बना सकते हैं। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) से जुड़े छह छात्र भी प्रदर्शन स्थल पर अलग मंच से अपना अनिश्चितकालीन अनशन जारी रखे हुए हैं।
