Sonam Wangchuk Hunger Strike: सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक कॉकरोज जनता पार्टी (CJP) के समर्थन में भूख हड़ताल कर रहे हैं। पिछले चार दिनों से सोनम वांगचुक की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल जारी है। इस बीच, तृणमूल कांग्रेस सांसद सागरिका घोष तथा सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव और अंजलि भारद्वाज ने धरना स्थल का दौरा किया और वांगचुक और भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों के प्रति एकजुटता व्यक्त की।
कैसी है सोनम वांगचुक की तबीयत?
सोनम वांगचुक के सेहत की जांच करने वाले डॉ. नितिन दिघे ने उनका पूरा हालचाल बताया। उन्होंने बताया कि वांगचुक का 2.4 किलो वजन कम हो गया है। उनकी सेहत दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है। डॉ. दिघे ने बताया कि वांगचुक का ब्लड प्रेशर 110/70, हृदय गति 77 धड़कन प्रति मिनट और रक्त में ऑक्सीजन का स्तर 96 प्रतिशत दर्ज किया गया।
उन्होंने कहा कि वांगचुक का ब्लड सुगर लेवल गिरकर 61-64 हो गया है, जबकि तीन दिनों में उनका वजन 2.4 किलोग्राम कम हो गया है। दिघे ने कहा, "आम तौर पर यह 100 से ज़्यादा होना चाहिए। यह बहुत कम है। हमें उनकी चिंता है। उनकी सेहत दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है।"
कैसा महसूस कर रहे वांगचुक?
वांगचुक ने खुद अपना हालचाल बताया। उन्होंने कहा कि वह ठीक महसूस कर रहे हैं। हालांकि, थोड़ी थकान है। उन्होंने कहा कि उनकी स्वास्थ्य संबंधी कुछ जांच रिपोर्ट में चिंता पैदा करने वाले संकेत मिले हैं। उन्होंने कहा, ''मेरा ब्लड सुगर लेवल 66 है, जो कम है, लेकिन ऐसा इसलिए है, क्योंकि मैंने तीन दिनों से कुछ नहीं खाया है।'' उन्होंने यह भी कहा कि उनका वजन दो किलो कम हो गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने जंतर-मंतर पर शुरू की भूख हड़ताल, बोले- मजबूरी में यहां बैठना पड़ा
उन्होंने समर्थकों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा, ''उन 20 से अधिक छात्रों, जिन्होंने अपनी जान दे दी, और पिछले साल सितंबर में लद्दाख में जान गंवाने वाले पांच युवाओं की तुलना में मेरी परेशानियां कुछ भी नहीं हैं।''
