Cyclone Akvan: अक्टूबर और नवंबर का महीना पूर्वी भारत के तटीय राज्यों के लिए भारी पड़ता नजर आ रहा है। बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर खतरनाक मौसम ने दस्तक दे दी है। हाल ही में आए 'चक्रवात अर्णब' (Cyclone Arnab) और 'चक्रवात मुरुसु' (Cyclone Murasu) के जख्म अभी भरे भी नहीं थे कि महज तीन हफ्तों के भीतर एक तीसरा चक्रवात 'अकवान' (Cyclone Akvan) तेजी से विकराल रूप धारण कर रहा है। मौसम विभाग (IMD) की चेतावनी के बाद तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और ओडिशा समेत कई राज्यों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
क्या कह रहा है IMD का नया अपडेट?
मौसम विज्ञान विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना डीप डिप्रेशन अब गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की राह पर है।
नामकरण: इस संभावित चक्रवात का नाम 'अकवान' (Akvan) रखा गया है, जिसे ईरान द्वारा सुझाया गया है।
रफ्तार और ताकत: यह सिस्टम उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों की ओर बढ़ रहा है। इसके बेहद भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका है, जिसके दौरान हवा की रफ्तार 120 से 130 किमी प्रति घंटा (जो बढ़कर 145 किमी प्रति घंटा तक gust कर सकती है) हो सकती है।
राज्यों पर क्या होगा असर?
इस चक्रवाती तूफान के चलते कई राज्यों में मूसलाधार बारिश और भयंकर आंधी का अनुमान जताया गया है:
आंध्र प्रदेश: 19 और 20 नवंबर को तटीय इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। उत्तरी तटीय जिलों में कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश (21 सेमी से अधिक) हो सकती है। 19 नवंबर की शाम तक तटीय क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने लगेंगी।
ओडिशा: हाल ही में 'अर्णब' चक्रवात की तबाही झेल चुके ओडिशा में सरकार ने पहले ही कमर कस ली है। 18 नवंबर से हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो जाएगी, जो 19 से 21 नवंबर के बीच दक्षिणी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश में बदल जाएगी।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल: उत्तरी तटीय जिलों में भारी बारिश और समुद्र में ऊंची लहरें उठने की चेतावनी दी गई है। 18 और 19 नवंबर को यहाँ मौसम खराब रहेगा।
अन्य राज्य: इस सिस्टम का असर तेलंगाना, छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल (कोलकाता, हावड़ा, मेदिनीपुर समेत तटीय जिले) पर भी पड़ेगा, जहां 19 से 21 नवंबर के बीच भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
सरकारों ने बढ़ाई चौकसी, एनडीआरएफ तैनात
पिछले दो तूफानों (अर्णब और मुरुसु) से हुए नुकसान को देखते हुए प्रशासन इस बार कोई कोताही नहीं बरत रहा है। ओडिशा के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि सभी जिलों, खासकर दक्षिणी और तटीय इलाकों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। हर जिले में 24 घंटे का कंट्रोल रूम एक्टिव कर दिया गया है। इसके अलावा, किसी भी आपात स्थिति से निपटने, बचाव और राहत कार्यों के लिए NDRF, ODRAF और फायर सर्विसेज की टीमों को पूरी तरह तैयार रखा गया है। मछुआरों को अगले कुछ दिनों तक समुद्र में न जाने की कड़ी हिदायत दी गई है।
